Home rss business hindi बाजार खुलते ही धड़ाम: सेंसेक्स 700 अंक से अधिक लुढ़का, 4 लाख...

बाजार खुलते ही धड़ाम: सेंसेक्स 700 अंक से अधिक लुढ़का, 4 लाख करोड़ डूबे

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Stock Market Today Live 9:19 AM: शेयर बाजार खुलते ही धड़ाम हो गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 700 अंकों से अधिक की गिरावट के साथ 73172 पर आ गया है। एनएसई का निफ्टी 219 अंक नीचे 22991 पर ट्रेड कर रहा था। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप चंद मिनट में ही घटकर 4,81,88,998.45 से 4,77,59,117.49 रुपये पर आ गया। यानी निवेशकों के लगभग 4 लाख करोड़ चंद मिनट में ही डूब गए।

Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत आज कमजोर या सपाट हो सकती है। गिफ्ट निफ्टी ने शुरुआत में हल्की गिरावट का संकेत दिया है। एशियाई बाजार मिले-जुले रहे, जबकि अमेरिकी शेयर फ्यूचर्स कमजोर दिखे। इसकी बड़ी वजह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है, जिसमें होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने की बात थी। इससे कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी आई है और बाजार की चिंता बढ़ गई है।

पिछले हफ्ते क्या हुआ?

पिछले कारोबारी सत्र यानी शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी में रिकवरी दिखी। बैंकिंग, ऑयल एंड गैस और ऑटो सेक्टर के ब्लू-चिप शेयरों में अच्छे दाम पर खरीदारी हुई।

सेंसेक्स 315 अंक यानी 0.43 प्रतिशत चढ़कर 73,895 पर बंद हुआ। 30 में से 19 शेयर ऊपर और 11 नीचे बंद हुए। दिन का ऊपरी स्तर 73,968 और निचला स्तर 73,477 रहा। इससे पिछले सत्र में सेंसेक्स 3 महीने के सबसे निचले स्तर पर गया था। दूसरी ओर निफ्टी 77 अंक चढ़कर 23,140 पर बंद हुआ।50 में से 34 शेयर ऊपर, 15 नीचे और 1 बिना बदलाव रहा।

क्या हैं ग्लोबल संकेत

GIFT Nifty

GIFT Nifty लगभग 23,161 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। यह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद से करीब 25.20 अंक नीचे है। इससे भारतीय बाजार की शुरुआत सपाट या मामूली कमजोर दिख रही है।

जापान का निक्केई 225

जापान का निक्केई 225 0.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 66,505 पर खुला और बाद में 0.84 प्रतिशत चढ़कर 66,921 पर पहुंचा। सॉफ्टबैंक ग्रुप शुरुआती कारोबार में 2.70 प्रतिशत बढ़कर 6,316 येन पर रहा।

दक्षिण कोरिया का कोस्पी

चिप शेयरों पर दबाव के चलते दक्षिण कोरिया का KOSPI 0.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,057 पर खुला और बाद में 0.26 प्रतिशत नीचे 7,062 पर कारोबार कर रहा था। एसके हाइनिक्स शुरुआती कारोबार में 2.09 प्रतिशत गिरकर 1.823 मिलियन वॉन पर आया। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स 0.35 प्रतिशत गिरकर 284,500 वॉन पर रहा।

अमेरिकी बाजार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के प्रस्ताव को खारिज किए जाने के बाद वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स रविवार शाम को कमजोर खुले। इससे कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी आई और बाजार की भावना पर दबाव बढ़ा।

डॉऊ फ्यूचर्स 160 अंक से ज्यादा गिरे। S&P 500 फ्यूचर्स 25 अंक नीचे रहे। नैस्डैक फ्यूचर्स करीब 100 अंक गिरे। दूसरी ओर पिछले हफ्ते डॉऊ जोन्स 0.3 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ और तीन हफ्तों की गिरावट का सिलसिला खत्म हुआ। शुक्रवार को डॉऊ में करीब 500 अंक की तेजी आई थी।

S&P 500 और नैस्डैक ने अगस्त की शुरुआत के बाद सबसे अच्छा साप्ताहिक प्रदर्शन किया। S&P 500 1.2 प्रतिशत और नैस्डैक 2.1 प्रतिशत चढ़े।

सेंसेक्स आउटलुक

चॉइस ब्रोकिंग में टेक्निकल रिसर्च के VP सचिन गुप्ता के मुताबिक, सेंसेक्स अभी साइडवेज से मंदी वाले रुझान में है। 73,200 से 73,450 का अहम सपोर्ट जोन है। अगर 74,000 के ऊपर लगातार खरीदारी बनी रहती है, तो सेंसेक्स 74,200 से 74,500 तक जा सकता है, लेकिन सपोर्ट जोन टूटा तो फिर बिकवाली बढ़ सकती है। ट्रेडर्स को 73,500 से 74,000 रेंज और ओपन इंटरेस्ट में बदलाव पर नजर रखनी चाहिए।

निफ्टी 50 आउटलुक

एलकेपी सिक्योरिटिज के सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट रुपक डे ने कहा कि निफ्टी में हल्की रिकवरी हुई है, लेकिन तकनीकी रूप से यह लोअर हाई और लोअर लो बना रहा है। निफ्टी अभी अहम मूविंग एवरेज के नीचे है, यानी शॉर्ट टर्म ट्रेंड कमजोर है।

वीकली चार्ट पर RSI मंदी की ओर है, जो गिरावट का दबाव दिखाता है। नीचे 23,000 तुरंत सपोर्ट है, उसके बाद 22,700। ऊपर 23,200 से 23,300 रेजिस्टेंस जोन है। अगर निफ्टी 23,300 के ऊपर टिका रहता है, तो तेजी मजबूत हो सकती है। वहीं 23,000 के नीचे साफ टूट पड़ी तो गिरावट फिर शुरू हो सकती है।

कच्चे तेल की कीमतें

ट्रंप द्वारा ईरान के शांति प्रस्ताव को खारिज करने के बाद सोमवार को तेल की कीमतें 1 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ीं। मिडल ईस्ट में तनाव बना हुआ है। ब्रेंट क्रूड 1.32 डॉलर यानी 1.27 प्रतिशत बढ़कर 105.64 डॉलर प्रति बैरल पर था। जबकि, अमेरिकी WTI क्रूड 70 सेंट यानी 0.76 प्रतिशत बढ़कर 93.11 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN