Home rss sports hindi कौन हैं विथ्या रामराज, जिन्होंने तोड़ दिया पीटी ऊषा का 42 साल...

कौन हैं विथ्या रामराज, जिन्होंने तोड़ दिया पीटी ऊषा का 42 साल पुराना रिकॉर्ड, 2023 में ही कर ली थी बराबरी

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारत की विथ्या रामराज ने सोमवार को नागोया में एशियाई खेलों की महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीता। उन्होंने पीटी ऊषा के 42 साल पुराने नेशनल रिकॉर्ड को तोड़कर कीर्तिमान रचा। उनके बारे में विस्तार से जानिए।

भारत की विथ्या रामराज ने सोमवार को नागोया में एशियाई खेलों की महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीता। उन्होंने 54.75 सेकेंड के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक जीता और महान धाविका पीटी उषा के चार दशक से अधिक पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया। उनका मौजूदा खेलों में यह दूसरा पदक है। वह इससे पहले चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थीं।

पीटी ऊषा के 42 साल पुराने रिकॉर्ड को किया ध्वस्त

28 वर्षीय विथ्या इस स्पर्धा में संयुक्त अरब अमीरात की मरियम करीम और कजाखस्तान की एडेलिना जेम्स के बाद तीसरे स्थान पर रहीं। मरियम ने 54.31 सेकेंड के खेलों के रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि एडेलिना ने 54.58 सेकेंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ रजत पदक हासिल किया। विथ्या ने उषा के 1984 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में बनाए 55.42 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। उषा वर्तमान में भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष हैं और एशियाई खेलों के लिए यहां मौजूद हैं।

पदक जीतने के बाद विथ्या ने क्या कहा?

विथ्या ने स्पर्धा के बाद कहा- “पदक हमारे हाथ में है लेकिन समय हमारे हाथ में नहीं होता। यह दौड़ ना तो कल होगी और ना ही बीते कल हुई थी। आज हमारा दिन था इसलिए मेरा ध्यान पदक पर नहीं बल्कि समय पर था।” उन्होंने आगे कहा- “मेरे कोच ने कहा था कि हम 54 सेकेंड का समय निकालेंगे। मैंने ऐसा किया और मैं बहुत खुश हूं। समय इतना अच्छा रहा इसलिए मैं बेहद खुश हूं।” विथ्या ने कहा, “हर कोई मेरे से इस बारे में पूछ रहा था क्योंकि मैं तीन साल से 55 सेकेंड से कम का समय नहीं निकाल पाई थी। मेरे कोच नेहपाल सिंह राठौड़ ने मुझे तेज शुरुआत करने और छठी बाधा तक अपनी गति बनाए रखने को कहा था। छठी बाधा से फिनिश लाइन तक मैंने पूरी ताकत लगा दी।”

तमिलनाडु की हैं विथ्या, 2023 में की थी रिकॉर्ड की बराबरी

बता दें कि विथ्या रामराज का जन्म 20 सितंबर साल 1998 में तमिलनाडु के कोयंबटूर शहर में हुआ था। वह भारत की तरफ से 400 मीटर हर्डल्स में हिस्सा लेती हैं। विथा का नाम मौजूदा समय में देश के उभरते महिला एथलेटिक्स में शामिल है। पिछले कुछ सालों में उन्होंने 400 मीटर बाधा दौड़ में लगातार शानदार प्रदर्शन हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। एशियन गेम्स 2023 में भी विथ्या रामराज ने कमाल का प्रदर्शन किया था और पीटी ऊषा के इसी रिकॉर्ड की बराबरी की थी। तब उन्होंने 39 साल पुराने नेशनल रिकॉर्ड की बराबरी की थी। 400 मीटर हर्डल रेस में विथ्या ने लीजेंड भारतीय एथलीट पीटी उषा के नेशनल रिकॉर्ड को छू लिया था। उन्होंने 55.42 सेकंड में अपनी रेस पूरी की। पीटी ऊषा ने भी 1984 में ऐसा किया था। तीन साल बाद जब एशियन गेम्स 2026 में विथ्या उतरीं तब उनका टागरेट भारत के लिए पदक दिलाना था। साथ ही उन्होंने इस बार पिछली बार की रही सही कसर को पीछे छोड़ते हुए पीटी ऊषा का रिकॉर्ड तोड़ दिया और 54.75 सेकंड में 400 मीटर की बाधा दौड़ को फिनिश किया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN