Home rss business hindi देश की औद्योगिक रफ्तार तेज…अगस्त में 8% का IIP ग्रोथ, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर...

देश की औद्योगिक रफ्तार तेज…अगस्त में 8% का IIP ग्रोथ, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर ने दिया बूम

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

देश के उद्योगों की रफ्तार अगस्त में और तेज हुई है। अगस्त के आंकड़े बताते हैं कि औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) में सालाना आधार पर 8 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। वहीं, जुलाई में औद्योगिक उत्पादन 7.4 फीसदी बढ़ा था। इसका मतलब हुआ कि अगस्त में औद्योगिक उत्पादन की ग्रोथ जुलाई के मुकाबले भी बेहतर रही। बता दें कि नई सीरीज के तहत यह पांचवां मासिक IIP डेटा है।

किस सेक्टर में कितना ग्रोथ?

इसमें मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 9.0% ग्रोथ और बिजली-गैस सप्लाई सेक्टर में 12.3% की मजबूत ग्रोथ का बड़ा योगदान रहा। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर ने लगातार तीन महीनों तक 8% या उससे ज्यादा की ग्रोथ दर्ज करके एक रिकॉर्ड बनाया है। अगस्त में माइनिंग एक्टिविटी सालाना आधार पर 5.6% घट गई है। खास बात यह है कि अगस्त 2025 में खनन क्षेत्र में 15.8 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी हुई थी। आंकड़े बताते हैं कि कार और फोन जैसे कंज्यूमर ड्यूरेबल्स का आउटपुट अगस्त में सालाना आधार पर 11.1% बढ़ा, जबकि एक महीने पहले इसमें संशोधित 12% की बढ़ोतरी हुई थी। खाने-पीने की चीजों और टॉयलेटरीज जैसे कंज्यूमर नॉन-ड्यूरेबल्स का आउटपुट अगस्त में सालाना आधार पर 2.1% बढ़ा जबकि पिछले महीने इसमें संशोधित 0.8% की गिरावट आई थी।

मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के 23 में से 18 उद्योग समूहों में अगस्त में सालाना आधार पर वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान वाहन, ट्रेलर एवं सेमी-ट्रेलर के मैन्युफैक्चरिंग में 25.2 प्रतिशत, विद्युत उपकरण मैन्युफैक्चरिंग में 30.9 प्रतिशत और अन्य परिवहन उपकरण मैन्युफैक्चरिंग में 25.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वाहन, ट्रेलर एवं सेमी-ट्रेलर मैन्युफैक्चरिंग ग्रुप के तहत वाहन कलपुर्जों, सहायक उपकरणों, यात्री कारों तथा कॉमर्शियल वाहनों ने वृद्धि में बड़ा योगदान दिया।

विद्युत उपकरण मैन्युफैक्चरिंग में विद्युत सर्किट को बदलने या सुरक्षित रखने वाले उपकरणों, जैसे स्विचगियर, सर्किट ब्रेकर, स्विच तथा नियंत्रण, मीटर पैनल और उनके कलपुर्जों के अलावा ऑप्टिकल फाइबर एवं केबल के कनेक्टर, यूपीएस तथा सॉलिड-स्टेट ड्राइव ने वृद्धि में अहम योगदान दिया। अन्य परिवहन उपकरण मैन्युफैक्चरिंग में दोपहिया वाहनों, रेलवे के डिब्बों एवं कलपुर्जों, रखरखाव या सेवा वाहनों तथा मोटरसाइकिल, मोपेड और साइडकार के कलपुर्जों एवं सहायक उपकरणों ने वृद्धि में योगदान दिया।

अप्रैल-अगस्त में 6.7 फीसदी बढ़ा उत्पादन

चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले पांच महीनों यानी अप्रैल से अगस्त के दौरान देश का औद्योगिक उत्पादन 6.7 फीसदी बढ़ा है। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में IIP की ग्रोथ 4.2 फीसदी थी। यानी इस साल अब तक औद्योगिक गतिविधियों की रफ्तार पिछले साल की तुलना में बेहतर रही है। अगस्त 2025 में IIP की ग्रोथ 4.7 फीसदी थी। वहीं जुलाई 2026 के IIP के शुरुआती अनुमान को भी संशोधित किया गया है। पहले जुलाई में औद्योगिक उत्पादन बढ़ने का अनुमान 6.7 फीसदी था, जिसे अब बढ़ाकर 7.4 फीसदी कर दिया गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN