Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Stock Market Today : सेंसेक्स 138 अंकों की गिरावट के साथ 72633 के लेवल पर खुला
- जबकि, निफ्टी 47 अंक नीचे 22732 के लेवल पर खुला
- बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 5 मिनट में ही 3 लाख करोड़ रुपये घटकर 474 लाख करोड़ से 471 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है
Stock Market Today Live 9:22 AM: शेयर मार्केट में गिरावट की हवा अब तेज बहने लगी है। सेंसेक्स 402 अंक नीचे 72369 के लेवल पर आ गया है। बीएसई के इस 30 शेयरों वाले इंडेक्स में 26 शेयर लाल हैं। निफ्टी 115 अंक नीचे 22615 पर आ गया है। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 5 मिनट में ही 3 लाख करोड़ रुपये घटकर 474 लाख करोड़ से 471 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है।
Stock Market Today Live 9:15 AM: सेंसेक्स और निफ्टी दोनों की ओपनिंग रेड रही। सेंसेक्स 138 अंकों की गिरावट के साथ 72633 के लेवल पर खुला। जबकि, निफ्टी 47 अंक नीचे 22732 के लेवल पर खुला। मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक निफ्टी के लिए 22,500-22,400 का रेंज महत्वपूर्ण सपोर्ट हो सकता है। वहीं 23,000 से 23,100 के आसपास का स्तर शुरुआती रिकवरी में अहम बाधा माना जा रहा है।
Stock Market Today 9:01 AM : दलाल स्ट्रीट में सोमवार के तूफान के बाद आज मंगलवार को भी गिरावट दर्ज की जा रही है। प्री-ओपनिंग में बीएसई का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 128 अंक नीचे 72900 पर था। जबकि, निफ्टी 132 अंक कमजोर था। इससे पहले सोमवार को बाजार में तेज बिकवाली देखने को मिली थी। निफ्टी करीब 1.54% गिरकर 22,762 के आसपास बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स 73,000 के स्तर से नीचे फिसल गया। बाजार में यह गिरावट कई महीनों के निचले स्तरों के आसपास पहुंचने के बीच आई।
गिफ्ट निफ्टी के संकेत
शुरुआती संकेतों के मुताबिक गिफ्ट निफ्टी करीब 22,820 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद के मुकाबले करीब 4 अंक नीचे था। इससे घरेलू बाजार में सपाट शुरुआत के संकेत मिले।
कच्चे तेल की कीमत बनी बड़ी चिंता
बाजार पर सबसे बड़ा दबाव कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का है। सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के प्रस्ताव को लेकर प्रतिक्रिया के बाद तेल की कीमतों में तेजी आई। इससे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के जरिए तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है।
मंगलवार सुबह ब्रेंट क्रूड करीब 106 डॉलर प्रति बैरल के आसपास था। भारत अपनी तेल जरूरतों के लिए आयात पर काफी निर्भर है, इसलिए कच्चे तेल की महंगाई से महंगाई दर, आयात बिल और कंपनियों के मार्जिन पर दबाव बढ़ने की आशंका रहती है।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली भी जारी
बाजार पर विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FII की बिकवाली का भी असर है। सोमवार को विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में करीब ₹5,353 करोड़ की बिकवाली की। इसके मुकाबले घरेलू संस्थागत निवेशकों ने करीब ₹5,189 करोड़ की खरीदारी की।
एशियाई बाजारों से भी कमजोर संकेत
मंगलवार को प्रमुख एशियाई बाजारों में भी कमजोरी रही। जापान का निक्केई शुरुआती कारोबार में करीब 0.4% नीचे था, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 0.5% गिरा। इससे भारतीय बाजार के लिए भी वैश्विक संकेत मजबूत नहीं रहे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




