Home LIFESTYLE NEWS HINDI घर की जमी दही पानी छोड़ देती है? इन 5 गलतियों की...

घर की जमी दही पानी छोड़ देती है? इन 5 गलतियों की वजह से नहीं बनती गाढ़ी-थक्केदार!

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मार्केट जैसी गाढ़ी दही घर पर जमाना कोई मुश्किल काम नहीं है। इसके लिए आपको दूध में कुछ खास मिलाने की भी जरूरत नहीं है। बस ये छोटी-छोटी 5 गलतियां अवॉइड करें। कई बार इन्हीं की वजह से घर वाली दही बिल्कुल पतली पानी जैसी जमती है।

दही जमाना काफी आसान काम है। बस दूध में थोड़ा सा जामन डालो और रात भर के लिए जमने छोड़ दो, दही जम जाती है। लेकिन बात जब मार्केट जैसी गाढ़ी दही जमाने की हो, तो वो थोड़ा मुश्किल होता है। अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि घर पर मार्केट जैसी गाढ़ी दही जमाना मुश्किल होता है। दुनियाभर की ट्रिक्स फॉलो करने के बाद भी दही में थिकनेस नहीं आती और वो पानी छोड़ने लगती है। दरअसल परफेक्ट दही जमाना कोई रॉकेट साइंस नहीं है। बस कई बार हम छोटी-छोटी गलतियां कर देते हैं, जिस वजह से दही ठीक से जम नहीं पाती है और उसमें वो मार्केट जैसा गाढ़ा और मलाईदार टेक्चर नहीं आ पाता है। अगर आपकी दही भी गाढ़ी नहीं जमती है तो चेक करें कि कहीं आप ये गलतियां तो नहीं कर रहे।

इन 5 गलतियां की वजह से नहीं गाढ़ी नहीं जमती दही

गलती 1- दूध का बहुत ठंडा या गर्म होना

दही जमाने के लिए दूध ना तो ज्यादा गर्म होना चाहिए और ना ही ज्यादा ठंडा। गर्म दूध में जामन डालने से उसमें मौजूद बैक्टीरिया प्रभावित हो सकते हैं, वहीं ठंडे दूध में फर्मेंटेशन का प्रोसेस धीमा हो सकता है। इसलिए दही जमाने के लिए हमेशा गुनगुने दूध का इस्तेमाल करें, दही परफेक्ट जमेगी।

गलती 2- बहुत ज्यादा या बहुत खट्टी पुरानी दही डालना

अच्छी दही ना जमने के पीछे एक गलती ये भी हो सकती है कि आप या तो जरूरत से ज्यादा जामन डाल रहे हैं या बहुत खट्टी पुरानी दही को जामन की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे दही का स्वाद और टेक्चर दोनों पर असर पड़ सकता है। अच्छी और क्रीमी दही जमाने के लिए हमेशा दूध की मात्रा के हिसाब से थोड़ी सी ताजी दही का इस्तेमाल करना चाहिए।

गलती 3- जामन डालने के बाद दूध को जरूरत से ज्यादा हिलाना

जामन डालने के बाद दूध को बहुत ज्यादा या बार-बार हिलाना भी दही जमने की प्रक्रिया को खराब कर सकता है। इसलिए दूध में जामन मिलाने के बाद हल्के हाथों से एक-दो बार मिक्स करें और बर्तन को ढककर रख दें। बर्तन को बार-बार हिलाना या इधर-उधर करना भी अवॉइड करें। ऐसा करने से दही की कंसिस्टेंसी पतली रह सकती है।

गलती 4- बार-बार दही को चेक करना

दही जमाते समय बार-बार ढक्कन खोलकर उसे चेक करना भी सही नहीं है। ऐसा करने से अंदर का टेंपरेचर बदल सकता है, जिससे फर्मेंटेशन की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और दही जमने में ज्यादा टाइम भी लग सकता है। इसलिए दूध में जामन डालने के बाद बर्तन को कुछ देर ढककर भूल जाएं। इसे बार-बार चेक ना करें।

गलती 5- बहुत पतले दूध से क्रीमी टेक्सचर की उम्मीद करना

दही की कंसिस्टेंसी काफी हद तक दूध पर निर्भर करती है। अगर दूध पतला है और कम फैट वाला है तो उससे गाढ़ी और क्रीमी दही जमाना मुश्किल है। इसलिए अगर आप बाजार जैसी गाढ़ी दही जमाना चाहते हैं तो फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें।

बोनस टिप- दही जमने के बाद उसे ज्यादा देर तक रूम टेंपरेचर पर ना छोड़ें। इसे तुरंत फ्रिज में रखें। दही का स्वाद ताजा बना रहेगा और टेक्चर भी क्रीमी रहेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN