Source :- LIVE HINDUSTAN
India vs Pakistan Hockey Live Score: भारत की एशियन गेम्स 2026 के पुरुष हॉकी सेमीफानल में पाकिस्तान से टक्कर हो रही है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 3-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
India vs Pakistan Hockey Live Score: भारत और पाकिस्तान के बीच गुरुवार को एशियन गेम्स 2026 में पुरुष हॉकी सेमीफानल खेला जा रहा है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पूल ए में टॉप पर रहने के बाद सेमीफाइनल में एंट्री की। भारत ने लगातार पांच मैच में विजयी परचम फहराया। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया को 13-1 से हराकर की। फिर श्रीलंका को 16-1 और साउथ कोरिया को 8-2 से रौंदा। भारत ने जापान पर 2-0 बांग्लादेश पर 10-0 से जीत दर्ज की। दूसरी ओर पाकिस्तान पूल बी में शीर्ष पर रहने की राह पर था लेकिन मलेशिया के खिलाफ 4-5 की करीबी हार ने उसे दूसरे स्थान पर धकेल दिया। पाकिस्तान ने पूल मुकाबलों में थाईलैंड को 9-0, उज्बेकिस्तान को 5-1, चीन को 3-0 और ओमान को 7-2 से मात दी। भारत 2016 दक्षिण एशियाई खेलों के फाइनल के बाद से चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ नहीं हारा है।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने किया गोल
भारत ने तीसरा गोल किया है। इस बार सुखजीत सिंह ने गोल दागा। शिलानंद लाकड़ा ने सर्कल के बीच में सुखजीत को एक शानदार पास दिया। सुखजीत ने तेजी से रिएक्ट किया, जिससे पाकिस्तान के डिफेंस और गोलकीपर हैरान रह गए।
भारत की पहले क्वार्टर में 2-0 की बढ़त
भारत ने पहले क्वार्टर में 2-0 की बढ़त हासिल की। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पहला गोल दागा। चार मौके गंवाने के बाद हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर से पाकिस्तान के नेट में गोल किया। गेंद पाकिस्तान के गोलकीपर के पैड के बीच से निकल गई। हरमनप्रीत ने पहले क्वार्टर के आखिर में शानदार शॉट लगाया। भारतीय कप्तान ने दिखाया कि उन्हें आज के समय के सबसे महान पेनल्टी कॉर्नर स्पेशलिस्ट में से एक क्यों माना जाता है। यह एशियन गेम्स 2026 में हरमनप्रीत का दसवां गोल है।
गोल्ड मेडल मैच में एंट्री पर नजर
भारत की नजरें पाकिस्तान को रौंदने के साथ-साथ गोल्ड मेडल मैच में एंट्री पर भी टिकी होंगी। एशियन गेम्स का गोल्ड जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम सीधे लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेगी और भारत इस मौके को गंवाना नहीं चाहेगा। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में भारत ने प्रभावी प्रदर्शन किया है और उसकी आक्रमण पंक्ति भी सही समय पर लय में आ गई है। फारवर्ड दिलप्रीत सिंह नौ गोल के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। उनके साथी फारवर्ड अभिषेक और कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नाम पर आठ-आठ गोल हैं। पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत के ड्रैग फ्लिक भारत के लिए लगातार बड़ा हथियार रहे हैं। भारत को मिडफील्डर राज कुमार पाल की सेवाएं नहीं मिलेंगी। टीम के आखिरी पूल मुकाबले में बाएं हाथ के अंगूठे में फ्रैक्चर के बाद वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। रिजर्व खिलाड़ी नीलकांत शर्मा को टीम में शामिल किया गया है।
पेनल्टी कॉर्नर गंवाना महंगा पड़ेगा
वहीं, पाकिस्तान की गोल करने की उम्मीदें ड्रैग फ्लिक विशेषज्ञ सुफियान खान पर होंगी जो शानदार फॉर्म में हैं और 11 गोल के साथ टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। सुफियान और भारत के हरमनप्रीत के बीच मुकाबला इस मैच का अहम पहलू हो सकता है। दोनों टीम जानती हैं कि पेनल्टी कॉर्नर गंवाना महंगा साबित हो सकता है। भारत अपनी आक्रामक क्षमता के साथ रक्षात्मक अनुशासन का संतुलन बनाने की कोशिश करेगा जबकि पाकिस्तान की टीम पेनल्टी कॉर्नर से मिलने वाले मौकों को गोल में बदलने पर जोर देगी। दोनों टीम अब एशियाई खेलों के फाइनल से सिर्फ एक जीत दूर हैं और ऐसे में गलती की गुंजाइश बेहद कम होगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



