Home LIFESTYLE NEWS HINDI आटा-मैदा भूल जाइए! इस बार मूंग दाल से बनाएं क्रिस्पी नमकपारे, Recipe

आटा-मैदा भूल जाइए! इस बार मूंग दाल से बनाएं क्रिस्पी नमकपारे, Recipe

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा और चटपटा खाने का मन हो तो मूंग दाल नमकपारे ट्राई करें। इन्हें घर पर आसानी से बनाया जा सकता है और सही तरीके से बनाएं तो अच्छा क्रंच भी मिलता है।

शाम की चाय का मजा तब और बढ़ जाता है, जब साथ में कुछ कुरकुरा खाने को मिल जाए। रोज बिस्कुट या बाजार की नमकीन खाने के बजाय इस बार घर पर कुछ अलग ट्राई कर सकते हैं। नमकपारे तो आपने कई बार खाए होंगे, लेकिन अगर इसमें मूंग दाल का स्वाद भी जुड़ जाए तो स्नैक और भी मजेदार हो जाता है। बाहर से क्रिस्पी और अंदर से हल्का स्वाद वाला यह स्नैक चाय के साथ काफी अच्छा लगता है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा झंझट नहीं करना पड़ता। तो चलिए जानते हैं मूंग दाल नमकपारे बनाने का आसान तरीका।

मूंग दाल नमकपारे बनाने के लिए सामग्री

मूंग दाल – आधा कप

मैदा – एक कप

सूजी – 2 बड़े चम्मच

अजवाइन – आधा छोटा चम्मच

नमक – स्वाद के हिसाब से

लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच

तेल – 2 बड़े चम्मच

तलने के लिए तेल

पानी – जरूरत के हिसाब से

  • सबसे पहले मूंग दाल

मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें। दाल नरम हो जाए तो उसका पानी निकाल दें और दाल को अच्छी तरह छान लें। अब इसे मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि दाल को बिल्कुल बारीक पेस्ट न बनाएं। थोड़ा दरदरा रखने से नमकपारों में अच्छा स्वाद आएगा।

  • अब तैयार करें आटा

एक बड़े बर्तन में मैदा, सूजी, पिसी हुई मूंग दाल, अजवाइन, नमक और लाल मिर्च डालें। इसमें दो चम्मच तेल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथें। आटा बहुत नरम नहीं होना चाहिए, वरना नमकपारे तलने के बाद उतने क्रिस्पी नहीं बनेंगे। आटा गूंथने के बाद इसे करीब 15 मिनट के लिए ढककर रख दें।

  • नमकपारे की शेप ऐसे दें

आटा सेट हो जाए तो इसे दो हिस्सों में बांट लें। एक हिस्सा लेकर इसे थोड़ा मोटा बेल लें। इसे बहुत पतला न बेलें, वरना नमकपारे ज्यादा सख्त हो सकते हैं। अब चाकू या पिज्जा कटर की मदद से इसे छोटे-छोटे चौकोर या डायमंड शेप में काट लें। इसी तरह बाकी आटे से भी नमकपारे तैयार कर लें।

  • धीमी आंच पर तलना है जरूरी

कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल बहुत ज्यादा गर्म न हो, वरना नमकपारे बाहर से जल्दी ब्राउन हो जाएंगे और अंदर से ठीक से क्रिस्पी नहीं होंगे। आंच को मीडियम से धीमा रखें और थोड़े-थोड़े नमकपारे तेल में डालें। इन्हें धीरे-धीरे चलाते हुए सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें। एक साथ बहुत ज्यादा नमकपारे न डालें, इससे तेल का तापमान कम हो सकता है।

  • ठंडा होने के बाद मिलेगा असली क्रंच

नमकपारे तलने के बाद उन्हें पेपर पर निकाल लें, ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए। इन्हें तुरंत किसी डिब्बे में बंद न करें। पहले पूरी तरह ठंडा होने दें। ठंडे होने के बाद ही इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रखें। इस तरह इनका क्रंच लंबे समय तक बना रहेगा।

चाय के साथ परोसें!

मूंग दाल नमकपारे को शाम की चाय के साथ सर्व कर सकते हैं। अगर आपको थोड़ा ज्यादा चटपटा स्वाद पसंद है, तो इनके साथ हरी चटनी या मीठी चटनी भी रख सकते हैं। इन नमकपारों को आप एक बार बनाकर कुछ दिनों के लिए भी रख सकते हैं। बस इन्हें नमी से बचाकर एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN