Home National news hindi पुतिन के ब्लैक सी आवास का हो रहा विस्तार, बीबीसी की जांच...

पुतिन के ब्लैक सी आवास का हो रहा विस्तार, बीबीसी की जांच में सामने आई वजह

3
0

Source :- BBC INDIA

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आधिकारिक आवास को बहुत बड़े स्तर पर फैलाया जा रहा है.

कानूनी विवाद, सैटेलाइट तस्वीरें और कुछ नौकरी के विज्ञापनों ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के ब्लैक सी स्थित आधिकारिक आवास के बड़े पैमाने पर विस्तार की कहानी सामने ला दी है.

इन नौकरी के विज्ञापनों में निर्माण मजदूरों को पूल के पास रहने की जगह, मुफ्त खाना और नकद भुगतान तक की पेशकश की गई थी.

सोची में स्थित बोचारोव रुचेय नाम के इस सरकारी आवास का इस्तेमाल सोवियत दौर के नेताओं निकिता ख्रुश्चेव और लियोनिद ब्रेज़नेव के अलावा सोवियत संघ के टूटने के बाद रूस के राष्ट्रपति रहे बोरिस येल्तसिन भी कर चुके हैं.

पुतिन पहली बार मई 2000 में अपने राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण से पहले यहां ठहरे थे. इसके बाद वह यहां कई विदेशी नेताओं की मेजबानी भी कर चुके हैं.

2008 में बोचारोव रुचेय को राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास का दर्जा दे दिया गया.

2021 में पुतिन 24 बार काला सागर वाले आवास गए थे

रूसी राष्ट्रपति के संपत्ति प्रबंधन विभाग के तत्कालीन प्रमुख व्लादिमीर कोझिन ने उस समय कहा था कि इसका मतलब है कि राष्ट्रपति यहां रह सकते हैं, काम कर सकते हैं और राष्ट्रपति के तौर पर अपने सभी संवैधानिक और प्रशासनिक काम कर सकते हैं.

लेकिन हाल के वर्षों में पुतिन की सोची यात्राएं काफी कम हुई हैं.

फाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक, 2021 में पुतिन ने सोची का 24 बार दौरा किया था. यह वह साल था, जब यूक्रेन पर रूस के पूर्ण पैमाने के हमले से पहले का दौर चल रहा था.

लेकिन 2024 और 2025 में उन्होंने सोची का दौरा सिर्फ़ दो बार किया.

पुतिन की ब्लैक सी के किनारे यात्राओं में आई इस कमी के पीछे एक अहम वजह यह भी मानी जा रही है कि यूक्रेनी ड्रोन अब रूस के ब्लैक सी तट तक पहुंचने लगे हैं.

लेकिन दिलचस्प बात यह है कि पुतिन ने बोचारोव रुचेय को छोड़ा नहीं है.

लेकिन बीबीसी न्यूज़ रशियन की जांच में पता चला है कि सरकार बोचारोव रुचेई को छोड़ने के बजाय इसे पूरी तरह नए सिरे से बना रही है.

अब यह आवास पहले से कहीं बड़ा होगा और इसकी सुरक्षा भी कहीं ज़्यादा कड़ी होगी.

पुरानी इमारतें गिराने का काम 2024 में शुरू हुआ था. अधिकारियों ने इसके बारे में कोई घोषणा नहीं की थी.

सितंबर 2025 तक वहां एक बड़ा और गहरा गड्ढा दिखाई देने लगा था.

इस साल रूस की सरकारी सुरक्षा एजेंसी एफ़एसओ ने बोचारोव रुचेई की सुरक्षा और मज़बूत करने का फ़ैसला किया.

आवास के चारों ओर तीन वर्ग किलोमीटर से ज़्यादा का सुरक्षा क्षेत्र बनाने का भी फ़ैसला किया गया.

पुराने परिसर का हिस्सा नहीं गिराया गया

नई इमारतें पुराने राष्ट्रपति आवास के मुक़ाबले काफ़ी बड़े इलाक़े में फैली हैं.

बीबीसी न्यूज़ रशियन ने जिन सैटेलाइट तस्वीरों की जांच की. साल 2026 के आख़िरी महीनों तक सैटेलाइट तस्वीरों में कई नई और बड़ी इमारतों की छतें दिखाई देने लगी थीं.

ये नई इमारतें पुराने राष्ट्रपति आवास के मुक़ाबले काफ़ी बड़े इलाक़े में फैली हैं.

हालांकि, पुराने परिसर का हर हिस्सा नहीं गिराया गया है.

साल 2014 के सोची शीतकालीन ओलंपिक के लिए बनाई गई बोचारोव रुचेई-2 इमारत अब भी मौजूद है.

पुतिन यहां बड़े अधिकारियों और मेहमानों से मिलते रहते हैं. साल 2024 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख रफ़ाएल ग्रोसी से भी यहीं मुलाक़ात की थी.

अधिकारियों ने अब तक इस नए निर्माण के बारे में कोई घोषणा नहीं की है.

लेकिन बीबीसी न्यूज़ रशियन की जांच में ऐसे कई दस्तावेज़ मिले हैं, जिनसे इस निर्माण के बारे में अहम जानकारी सामने आती है.

ठेकेदारों के बीच हुए एक विवाद पर अदालत के फ़ैसले में बीबीसी न्यूज़ रशियन को सरकारी रक्षा ख़रीद कार्यक्रम के एक ठेके का ज़िक्र मिला.

इस ठेके का कोड नंबर 2327202903572000000000000 है.

ऐसे ठेकों से जुड़ी जानकारी आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं होती. लेकिन इस कोड नंबर से कई अहम बातें पता चलती हैं.

शुरुआत के चार अंक बताते हैं कि ठेके पर किस साल हस्ताक्षर हुए और यह कब ख़त्म होगा. ये साल 2023 और 2027 हैं.

इसके बाद आने वाले तीन अंक 202 हैं. यह ठेका देने वाली एजेंसी एफ़एसओ का कोड है.

बीबीसी न्यूज़ रशियन ने बोचारोव रुचेई में काम कर रहे छोटे ठेकेदारों से जुड़े विवादों पर अदालत के कई और फ़ैसलों की जांच की.

इन फ़ैसलों से यह पता लग सका कि निर्माण का मुख्य ठेका टीएसआई ग्रुप को मिला है. यह कंपनी रूस में मिलाए गए क्राइमिया में रजिस्टर्ड है.

कंपनी का एक विवाद सेवास्तोपोल की डिज़ाइन संस्था वोएनमोरप्रोएक्ट-30 के साथ हुआ था.

साल 2025 की शुरुआत में निर्माण का काम शुरू हुआ था. इसके कुछ ही महीनों बाद यह संस्था तय समय से पीछे हो गई थी.

ऑरेनबर्ग की एक कंपनी को ‘मुख्य घर’ की दीवारें बनाने का काम मिला था. इस काम में भी नियमों का उल्लंघन पाया गया.

बीबीसी न्यूज़ रूसी को सोशल मीडिया और नौकरी दिलाने वाली वेबसाइटों पर निर्माण कामगारों की भर्ती के कई विज्ञापन भी मिले.

इनमें ईंट लगाने वाले मिस्त्री, लोहे का काम करने वाले और कंक्रीट के काम के जानकार मांगे गए थे.

कुछ विज्ञापनों में बोचारोव रुचेई का नाम भी लिखा था. एक विज्ञापन में लिखा था, “एक आवास बनाया जा रहा है. यहां आने-जाने पर नियंत्रण है, बोचारोव रुचेई.”

एक दूसरे विज्ञापन में चेतावनी दी गई थी, “यह जगह रणनीतिक रूप से अहम है.”

जनवरी 2025 विज्ञापन आया फिर थोड़े दिन बार दूसरा विज्ञापन

साल 2015 में बोचारोव रुचेई के निजी जिम में पुतिन और तत्कालीन प्रधानमंत्री दिमित्री मेदवेदेव कसरत करते हुए. पुतिन दाईं तरफ़ हैं.

जनवरी 2025 में जारी एक विज्ञापन में सोची में दो मंज़िला इमारत बनाने के लिए तुरंत कामगारों की ज़रूरत बताई गई थी.

विज्ञापन में कहा गया था कि निर्माण की जगह पर आने-जाने की सीमित अनुमति है और वहां जाने के लिए पास की ज़रूरत होगी. कामगारों को नक़द भुगतान देने की पेशकश भी की गई थी. उसी साल के आख़िर में जारी एक दूसरे विज्ञापन में चार मंज़िला इमारत का ज़िक्र था.

यह इमारत ऐसी जगह बनाई जानी थी, जहां आने-जाने पर नियंत्रण था और पासपोर्ट की जांच की जाती थी. शुरुआत में केवल रूस के ऐसे नागरिक इन नौकरियों के लिए आवेदन कर सकते थे, जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था.

एक विज्ञापन में लिखा था, “पृष्ठभूमि की जांच कराना ज़रूरी है.” लेकिन बाद में इन शर्तों में ढील दे दी गई.

बेलारूस, कज़ाख़स्तान और किर्गिस्तान के नागरिकों से भी आवेदन मांगे जाने लगे. कामगारों को रहने की जगह देने की पेशकश की गई. इसमें “स्विमिंग पूल वाला हॉस्टल” और फ़्लैट शामिल थे.

इसके अलावा दिन में तीन बार खाना, मुफ़्त औज़ार और काम करने के कपड़े देने की भी बात कही गई. ऐसी पूरी टीमों को प्राथमिकता दी गई, जिनके पास अपना इंजीनियर और काम की निगरानी करने वाला फ़ोरमैन हो.

हालांकि, अपने स्तर पर शिफ़्ट में काम करने वाले मज़दूरों को भी रखा जा रहा था. एक विज्ञापन में लिखा था, “तकनीकी निगरानी बहुत सख़्त नहीं है.”

“रूस की आंतरिक सुरक्षा सेवाएं पैसों के लेन-देन पर नज़र रखती हैं. इसलिए सब कुछ निष्पक्ष और पारदर्शी है.” साल 2026 तक यहां इमारतों के अंदर का काम करने वाले लोगों की भी तलाश शुरू हो गई थी.

इनमें लाइट, पानी के पाइप और दूसरे उपकरण लगाने के साथ-साथ दरवाज़े लगाने वाले कामगार भी शामिल थे. भर्ती करने वाले एक व्यक्ति ने लिखा, “काम बहुत बड़े स्तर पर है. हमें बहुत से लोगों की ज़रूरत है, लेकिन उन्हें अपने काम का जानकार होना चाहिए.”

उसने यह चेतावनी भी दी कि यह जगह “बंद” है और सभी कर्मचारियों की सुरक्षा जांच की जाएगी.

अदालत के दस्तावेज़ों में इस जगह को ‘राष्ट्रपति आवास’ भी कहा गया

रूस के निर्माण मंत्री इरेक फ़ैज़ुलिन (बाएं) और टीएसआई के एलेक्सी फ़ोमेंको आर्तेक अंतरराष्ट्रीय बाल केंद्र को दोबारा बनाने के काम पर चर्चा करते हुए.

टीएसआई और उससे जुड़ा ट्रांसस्ट्रोइन्वेस्ट ग्रुप पहले भी सरकार और सुरक्षा से जुड़े निर्माण कार्य करता रहा है. बोचारोव रुचेई से पहले ट्रांसस्ट्रोइन्वेस्ट पुतिन के लिए एक और आवास बना चुका था.

साल 2019 में रूस की स्वतंत्र खोजी वेबसाइट ‘प्रोजेक्ट’ ने ख़बर दी थी कि यह कंपनी ओलिवा बस्ती में एक सरकारी आवास बनाने में शामिल थी. यह बस्ती रूस में मिलाए गए क्रीमिया के दक्षिणी तट पर है.

यह आवास उन पुराने सरकारी मकानों की जगह बनाया गया था, जिनका इस्तेमाल पहले सोवियत कम्युनिस्ट पार्टी के बड़े नेता और बाद में यूक्रेन के वरिष्ठ अधिकारी करते थे.

बीबीसी न्यूज़ रूसी को अब अदालत के ऐसे फ़ैसले मिले हैं, जो इसकी पुष्टि करते हैं. अदालत के दस्तावेज़ों में इस जगह को ‘राष्ट्रपति आवास’ भी कहा गया है.

ट्रांसस्ट्रोइन्वेस्ट अब भी यूक्रेन के उन इलाक़ों में काम कर रहा है, जिन पर रूस का क़ब्ज़ा है.

उदाहरण के लिए, यह कंपनी मारियुपोल के सबसे पुराने सिनेमा ‘पोबेदा’ को फिर से तैयार कर रही है. रूस ने 2022 में मारियुपोल पर क़ब्ज़ा किया था.

सरकारी ठेकों के रजिस्टर के मुताबिक़, साल 2022 से 2025 के बीच टीएसआई को कुल 54 ठेके मिले. इन ठेकों की कुल क़ीमत क़रीब 33 करोड़ डॉलर थी.

ये ठेके रूस के क़ब्ज़े वाले क्रीमिया में आर्तेक अंतरराष्ट्रीय बाल केंद्र को दोबारा बनाने के लिए दिए गए थे. बीबीसी न्यूज़ रूसी ने बोचारोव रुचेई में हो रहे निर्माण को लेकर ट्रांसस्ट्रोइन्वेस्ट के प्रतिनिधियों से सवाल पूछे हैं.

इनमें 47 साल के प्रॉपर्टी डेवलपर एलेक्सी फ़ोमेंको भी शामिल हैं. माना जाता है कि टीएसआई से फ़ायदा पाने वाले मुख्य व्यक्ति वही हैं. बीबीसी ने पुतिन के क़रीबी अर्कादी रोटेनबर्ग से भी सवाल पूछे. फ़ोमेंको का नाम उनके साथ जोड़ा जाता रहा है.

राष्ट्रपति पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव से भी सवाल पूछे गए. लेकिन इनमें से किसी ने जवाब नहीं दिया.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS