Home rss business hindi ड्रोन कंपनी ला रही है IPO, जारी किए जाएंगे 3.5 करोड़ नए...

ड्रोन कंपनी ला रही है IPO, जारी किए जाएंगे 3.5 करोड़ नए शेयर, दांव लगाने का मौका

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • कंपनी ने IPO से जुड़े नए डॉक्यूमेंट्स बाजार रेगुलेटी सेबी के पास जमा कर दिए हैं
  • कंपनी IPO के जरिए नए शेयर जारी करेगी
  • इसके तहत कुल 3.5 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे
  • बाजार के सूत्रों के मुताबिक, कंपनी इस IPO से करीब 155 करोड़ से 200 करोड़ रुपये जुटा सकती है

AITMC Ventures IPO: गुरुग्राम की ड्रोन टेक्नोलॉजी और स्किल डेवलपमेंट कंपनी एआईटीएमसी वेंचर्स IPO लाने की तैयारी कर रही है। यह कंपनी एवीपीएल इंटरनेशनल ब्रांड के नाम से काम करती है। कंपनी ने IPO से जुड़े नए डॉक्यूमेंट्स बाजार रेगुलेटी सेबी (SEBI) के पास जमा कर दिए हैं। कंपनी IPO के जरिए नए शेयर जारी करेगी। इसके तहत कुल 3.5 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। बाजार के सूत्रों के मुताबिक, कंपनी इस IPO से करीब 155 करोड़ से 200 करोड़ रुपये जुटा सकती है।

कहां होगा IPO से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल

कंपनी ने अक्टूबर 2025 में पहली बार IPO के दस्तावेज SEBI के पास जमा किए थे। इसके बाद जनवरी 2026 में सेबी ने कंपनी के ड्राफ्ट पेपर को मंजूरी दे दी थी। कंपनी में अभी प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 57.95 फीसदी है। वहीं, बाकी 42.05 फीसदी हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है। IPO से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल कंपनी अपने कारोबार को बढ़ाने और नई सुविधाएं तैयार करने में करेगी।

कंपनी IPO से मिलने वाली रकम में से करीब 14.5 करोड़ रुपये 50 चुनिंदा कॉलेजों में अपने ग्लोबल इन्क्यूबेशन एंड स्किल हब्स (GISH) को बेहतर बनाने पर खर्च करेगी। वहीं, 69.67 करोड़ रुपये हरियाणा के सिसई में फ्यूचर टेक पार्क बनाने में लगाए जाएंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के 17 ITI और 3 पॉलिटेक्निक कॉलेजों में सुविधाएं बेहतर करने के लिए 40.44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह काम वर्ल्ड इन्क्यूबेशन एंड स्किल हब्स (WISH) योजना के तहत किया जाएगा।

कंपनी रिसर्च और डेवलपमेंट पर भी पैसा खर्च करेगी। इसके तहत आईआईटी रोपड़ में नई R&D लैब बनाई जाएगी। वहीं, IIT कानपुर और गुरुग्राम में मौजूद R&D लैब को भी अपग्रेड किया जाएगा। इस काम पर करीब 10.4 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा कंपनी IPO से मिले 20 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में करेगी। बची हुई रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने रोजमर्रा के कारोबार में करेगी।

कंपनी का कारोबार

एआईटीएमसी वेंचर्स की शुरुआत 2016 में हुई थी। कंपनी ड्रोन टेक्नोलॉजी से जुड़े ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाती है। इसके साथ ही कंपनी ड्रोन बनाने और उनकी असेंबली का काम भी करती है। कंपनी का मकसद देश में ड्रोन टेक्नोलॉजी का मजबूत घरेलू कारोबार तैयार करना है। कंपनी के कारोबार में पिछले साल अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है। मार्च 2025 में खत्म हुए वित्त वर्ष में कंपनी का मुनाफा बढ़कर 16.14 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 8.63 करोड़ रुपये था। इसी तरह कंपनी का रेवेन्यू भी बढ़कर 87.47 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 41.87 करोड़ रुपये था। IPO की प्रक्रिया संभालने के लिए खंडवाला सिक्योरिटीज को मर्चेंट बैंकर बनाया गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN