Home rss business hindi RBI का पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर बड़ा एक्शन, पेटीएम के शेयर धड़ाम,...

RBI का पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर बड़ा एक्शन, पेटीएम के शेयर धड़ाम, 10% टूट गया शेयर का दाम

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • RBI ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक का बैंकिंग लाइसेंस कैंसल करने के बाद उसे मान्यता-प्राप्त शेड्यूल्ड बैंकों की लिस्ट से हटा दिया है
  • पेटीएम के शेयर गुरुवार को 10 पर्सेंट लुढ़ककर 1560.60 रुपये पर पहुंच गए हैं

Paytm Share Price: पेटीएम के शेयर गुरुवार को बाजार खुलते ही धड़ाम हो गए हैं। कंपनी के शेयर गुरुवार को BSE में 10 पर्सेंट टूटकर 1560.60 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक बड़ा एक्शन लिया है। RBI ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक का बैंकिंग लाइसेंस रद्द होने के बाद उसे मान्यता-प्राप्त शेड्यूल्ड बैंकों की लिस्ट से हटा दिया है। पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड है। Paytm समेत डिजिटल पेमेंट्स प्लेटफॉर्म कंपनियों के शेयरों पर उन रिपोर्ट्स से भी गुरुवार को बिकवाली का दबाव देखने को मिला है, जिसमें कहा गया है कि यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट्स (MDR) लागू करने में देरी हो सकती है और इसे 1 जनवरी 2027 तक टाला जा सकता है। फिलहाल, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

RBI ने इस साल अप्रैल में कैंसल किया था लाइसेंस
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस साल अप्रैल में नियमों का पालन नहीं करने पर पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL) को जारी किया गया बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया था। रिजर्व बैंक ने कहा कि पेमेंट्स बैंक का कामकाज इस तरह से किया गया, जो कि इसके डिपॉजिटर्स के हितों को नुकसान पहुंचाने वाला था। इसके बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक (PPBL) को बंद करने का आदेश दिया था। RBI ने बुधवार को एक बयान में कहा, ‘पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया एक्ट, 1934 के सेकेंड शेड्यूल से हटा दिया गया है।’ इस संबंध में एक नोटिफिकेशन 31 जुलाई को जारी किया गया था और सितंबर में इसे भारत के राजपत्र (गजट ऑफ इंडिया) में प्रकाशित किया गया।

4 महीने में 50% से अधिक उछल गए हैं पेटीएम के शेयर
पेटीएम (Paytm) की पैरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस के शेयर पिछले 4 महीने में 50 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयर 8 जून 2026 को 1031.70 रुपये पर थे। पेटीएम के शेयर 8 अक्टूबर 2026 को 1560.60 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 1856.50 रुपये है। वहीं, पेटीएम के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 947.10 रुपये है।

अब भी IPO प्राइस से नीचे हैं पेटीएम के शेयर
पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस के आईपीओ में शेयर का दाम 2150 रुपये था। कंपनी के शेयर 8 अक्टूबर 2026 को 1560.60 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी के शेयर अब भी अपने आईपीओ प्राइस से नीचे ट्रेड कर रहे हैं। पेटीएम का आईपीओ दांव लगाने के लिए 8 नवंबर 2021 को खुला था और यह 10 नवंबर तक ओपन रहा। कंपनी के आईपीओ का टोटल साइज 18,300 करोड़ रुपये तक का था। पेटीएम का आईपीओ टोटल 1.89 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी के आईपीओ में रिटेल कैटेगरी में 1.66 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।

(भाषा के इनपुट के साथ)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN