Home rss sports hindi ओलंपिक से पहले भारतीय हॉकी टीम में होंगे बड़े बदलाव, चेयरमैन डॉ....

ओलंपिक से पहले भारतीय हॉकी टीम में होंगे बड़े बदलाव, चेयरमैन डॉ. आरपी सिंह ने दिया हिंट

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारतीय हॉकी टीम की चयन समिति के चेयरमैन डॉ. आरपी सिंह ने कहा है कि ओलंपिक से पहले भारतीय हॉकी टीम में बड़े बदलाव होंगे। उन्होंने ये भी बताया कि ओलंपिक में खेलने के इच्छुक खिलाड़ियों को अपनी फिटनेस साबित करनी होगी।

जापान में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने एक साथ स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा और 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई किया। ओलंपिक में अभी करीब दो वर्ष का समय है, लेकिन भारतीय हॉकी ने इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी है। ओलंपिक से पहले पुरुष टीम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। यह संकेत भारतीय हॉकी टीम की चयन समिति के चेयरमैन डॉ. आरपी सिंह ने शुक्रवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दिए।

नए चेहरों को मिल सकता है मौका

डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि लॉस एंजिलिस ओलंपिक में यूरोपीय शैली की हॉकी देखने को मिलेगी। ऐसे में भारतीय टीम को उसी के अनुरूप तैयार करना होगा। वहां एक गलती भी गोल में बदल सकती है। इसलिए टीम में फिटनेस और कौशल के मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले खिलाड़ियों की जगह नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओलंपिक में खेलने के इच्छुक खिलाड़ियों को अपनी फिटनेस साबित करनी होगी।

उन्होंने बताया कि भारतीय हॉकी टीम के प्रदर्शन में सुधार के लिए एक और पहल की गई है। हॉकी इंडिया के सामने प्रस्ताव रखा गया था कि भारतीय टीम के प्रत्येक दौरे पर चयन समिति का एक सदस्य भी मौजूद रहे। वह खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखेगा और इसकी रिपोर्ट चयन समिति को देगा। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इससे खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करने और चयन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। इस दौरान उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय और हॉकी यूपी के सचिव रजनीश मिश्रा मौजूद रहे।

18 अक्टूबर से एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी के लिए कैंप

डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि पंजाब में 27 अक्तूबर से पांच नवंबर तक एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होना है। इसमें एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम हिस्सा लेगी। इसके लिए भारतीय टीम का कैंप 18 अक्तूबर से जालंधर में शुरू होगा। एशियन गेम्स में पदक जीतने के बाद खिलाड़ी जापान से लौटे हैं और उन्हें फिलहाल विश्राम दिया गया है।

इसके अलावा न्यूजीलैंड दौरे के लिए एक अलग भारतीय टीम तैयार की जाएगी। इस टीम के गठन के लिए इंडिया-ए का कैंप बेंगलुरु में 11 अक्तूबर से शुरू होना है। इसके कोर ग्रुप में 33 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। वहीं, झांसी में 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली सीनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए भी राष्ट्रीय कैंप में जगह बनाने का अवसर रहेगा। चयनकर्ता घरेलू प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी नजर रखेंगे।

पांच दिसंबर तक हॉकी इंडिया की नई कार्यकारिणी की तस्वीर होगी साफ

लखनऊ। हॉकी इंडिया की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि पांच दिसंबर तक इसकी तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हॉकी इंडिया के चुनाव सात नवंबर को प्रस्तावित थे, लेकिन स्पोर्ट्स बिल के कारण प्रक्रिया में कुछ समय लग गया। अब नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए सभी प्रदेशों से नामांकन मांगे गए हैं। प्रत्येक प्रदेश से एक पुरुष और एक महिला प्रतिनिधि का नाम भेजा जाना है। नाम भेजने की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर है। डॉ. आरपी सिंह के अनुसार, उत्तर प्रदेश की ओर से दो नाम भेजे जा चुके हैं। जल्द ही चुनाव प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। पांच दिसंबर तक नई कार्यकारिणी की घोषणा हो जायेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN