Home LIFESTYLE NEWS HINDI व्रत खोलने के लिए बनाएं समक चावल की खीर, मिनटों में होगी...

व्रत खोलने के लिए बनाएं समक चावल की खीर, मिनटों में होगी तैयार और खाकर नहीं लगेगी भूख

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अगर आज आपका व्रत है और आप उपवास खोलने के लिए आप कुछ मीठा खाना चाहती हैं तो समक चावल की खीर बनाकर तैयार करें। यहां सीखिए टेस्टी खीर मिनटों में कैसे बना सकते हैं।

आज यानी 11 अक्टूबर से नवरात्रि का पावन त्योहार शुरू हो गया है। इस त्योहार के दौरान देवी दुर्गा के 9 रुपों की पूजा की जाती है। माता रानी के भक्त इन नौ दिनों में अच्छे से भक्ति करने के साथ ही व्रत भी रखते हैं। व्रत-उपवास के दौरान कुछ स्वादिष्ट और पौष्टिक खाने की तलाश रहती है तो समक चावल की खीर बनाकर तैयार करें। इसे खाने के बाद पेट तो भर जाएगा साथ ही आपको मीठा खाकर इंस्टेंट एनर्जी भी मिल जाएगी।

समक के चावल की खीर बनाने की सामग्री

1/4 कप समक के चावल

1 लीटर फुल फैट दूध

मुट्ठी भर बादाम

मुट्ठी भर काजू

मुट्ठी भर पिस्ता

आधा कप गुड़ या चीनी

1/4 कप पानी

एक छोटा चम्मच इलायची पाउडर

समक के चावल की खीर बनाने का तरीका

समक के चावल की खीर बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छी तरह धो लें और इसे अलग रख दें। अब भारी तले वाले पैन में दूध गरम करें और उसमें हल्का उबाल आने दें। जब दूध थोड़ा उबल जाए और पहले से कम हो जाए तो दूध में समक के चावल डालें और धीमी आंच पर पकाएं। इसे बीच-बीच में चलाते रहें ताकि चावल नीचे न चिपके। इसे तब तक पकाएं जब तक चावल नरम न हो जाएं और खीर गाढ़ी न हो जाए। अब एक अलग पैन में, गुड़ और पानी को तब तक गरम करें जब तक गुड़ पूरी तरह पिघल न जाए और गुड़ की चाशनी तैयार न हो जाए। खीर में गुड़ की चाशनी मिलाएं और ध्यान रखें कि खीर बहुत ज्यादा गरम न हो। अगर आप गरम खीर में चाशनी डाल देंगे तो वह फट सकती है। चाशनी डालने के बाद इसे अच्छी तरह मिलाएं और 2 से 3 मिनट तक और पकाएं। फिर इलाइची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालें। अब खीर को गरम या ठंडा करके परोसें।

(ये सामग्री 4 लोगों के लिए है।)

समक के चावल की खीर बनाने की टिप्स

1) समक के चावल को 2–3 बार धोकर कम से कम 10 से 15 मिनट के लिए भिगो दें। इससे खीर जल्दी पकती है। समय कम है तो इस स्टेप को जरूर अपनाएं।

2) अच्छी खीर के लिए सही अनुपात लेना जरूरी है। इसके लिए आधा कप समक के चावल के लिए लगभग 1 लीटर फुल क्रीम दूध जरूरी है। गाढ़ी खीर के लिए इसे अच्छी तरह से पकाएं।

3) हमेशा दूध में उबाल आने के बाद ही चावल डालें और धीमी आंच पर इसे पकाएं।

4) खीर को बीच-बीच में चलाने से चावल तले में नहीं चिपकेगी।

5) चावल अच्छी तरह गल जाने के बाद ही चीनी डालें। इससे खीर का टेक्सचर अच्छा रहता है।

6) स्वाद बढ़ाने के लिए कुटी हुई इलायची, बादाम, काजू और किशमिश डालें।

7) अगर आप मीठा करने के लिए चीनी और गुड़ दोनों का ही इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं तो खजूर के गूदे का इस्तेमाल करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN