Home rss business hindi Stock Market Today: शेयर बाजार लड़खड़ाया, सेंसेक्स 72500 के नीचे, डॉलर के...

Stock Market Today: शेयर बाजार लड़खड़ाया, सेंसेक्स 72500 के नीचे, डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Stock Market Today: अच्छी शुरुआत के बाद शेयर बाजार लड़खड़ा गया है
  • सेंसेक्स अब 20 अंक नीचे 72450 पर आ गया है
  • एक समय यह 72884 पर पहुंच गया था
  • हालांकि, निफ्टी 16 अंक ऊपर 22536 पर है

Stock Market Today Live 9:35 AM:अच्छी शुरुआत के बाद शेयर बाजार लड़खड़ा गया है। सेंसेक्स अब 20 अंक नीचे 72450 पर आ गया है। एक समय यह 72884 पर पहुंच गया था। हालांकि, निफ्टी 16 अंक ऊपर 22536 पर है। दूसरी ओर रुपये को सपोर्ट के लिए आरबीआई के फैसलों का असर दिखने लगा है। आज अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 1% बढ़कर 95.76 पर पहुंच गया। इसका पिछला बंद 96.73 रुपये प्रति डॉलर है।

Stock Market Today Live 9:18 AM:आज शानदार ओपनिंग के साथ ही सेंसेक्स अब 72800 के पार है। इसमें 354 अंकों की बढ़त है। सेंसेक्स में एचसीएल टेक, बीईएल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टीसीएस, रिलायंस जैसे स्टॉक्स टॉप गेनर हैं। इनमें एक प्रतिशत से ऊपर की तेजी है। जबकि, टेक महिंद्रा, आईटीसी, एयरटेल, एक्सिस बैंक और हिन्दुस्तान यूनीलीवर टॉप लूजर। निफ्टी अब 91 अंकों के उछाल के साथ 22600 के पार पहुंच गया है।

Stock Market Today Live 9:15 AM: शेयर मार्केट में आज भी रौनक है। नए सप्ताह की शुरुआत हरे निशान के साथ हुई है। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 298 अंकों की बढ़त के साथ 72771 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने सोमवार के कारोबार की शुरुआत 72 अंक ऊपर 22593 के साथ की।

Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार, 12 अक्टूबर को शुरुआती कारोबार में तेजी के संकेत हैं। क्योंकि, गिफ्ट निफ्टी में बढ़त, अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से घरेलू बाजार को सपोर्ट मिल सकता है। हालांकि, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई हैं। ऐसे में बाजार में तेजी के बावजूद निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत है।

आज इन शेयरों पर रहेगी नजर

एवेन्यू सुपरमार्ट्स: सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 7.6 फीसदी बढ़कर 804 करोड़ रुपये रहा।

पूनावाला फिनकॉर्प: दूसरी तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब पांच गुना बढ़कर 375 करोड़ रुपये हो गया।

महिंद्रा एंड महिंद्रा: कंपनी ने कारोबारी अपडेट में सितंबर तिमाही के दौरान उत्पादन में सालाना आधार पर 19.2 फीसदी गिरावट की जानकारी दी।

कैन फिन होम्स: तिमाही मुनाफा सालाना आधार पर 9.2 फीसदी बढ़कर 275 करोड़ रुपये रहा।

टीसीएस: कंपनी के तिमाही नतीजों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संबंधित राजस्व योगदान के संकेत मिलने के बाद आईटी शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बनी रह सकती है।

बाजार के लिए अहम ट्रिगर्स

गिफ्ट निफ्टी

आज सुबह 8:20 बजे GIFT निफ्टी 22,636 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इससे निफ्टी 50 में पिछले बंद स्तर 22,520.45 के मुकाबले सकारात्मक शुरुआत के संकेत मिले। बाजार की आगे की दिशा इस बात पर निर्भर करेगी कि शुरुआती तेजी के बाद खरीदारी कितनी मजबूत रहती है।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.6 फीसदी गिरकर करीब 103 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, रूस और यूक्रेन ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने के लिए सहमत हुए हैं।

रुपये को संभालने के लिए RBI के नए कदम

भारतीय रिजर्व बैंक ने रुपये को समर्थन देने और विदेशी मुद्रा बाजार में दबाव कम करने के लिए नए उपायों की घोषणा की है। इन उपायों में तेल कंपनियों की डॉलर खरीद को स्पॉट मार्केट से हटाने और हेजिंग संबंधी नियमों को सख्त करने जैसे कदम शामिल हैं।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली से बाजार पर दबाव

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने लगातार 11 कारोबारी सत्रों में भारतीय शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। शुक्रवार को उन्होंने 35.69 अरब रुपये के शेयर बेचे। इसके विपरीत घरेलू संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 47.43 अरब रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। घरेलू संस्थानों की खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया, लेकिन विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली बाजार की तेजी के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।

8 सप्ताह की गिरावट के बाद लौटी बाजार में तेजी

भारतीय शेयर बाजार ने पिछले सप्ताह आठ सप्ताह से जारी गिरावट का सिलसिला तोड़ दिया। सप्ताह के दौरान बीएसई सेंसेक्स में 0.78 फीसदी और एनएसई निफ्टी में 0.44 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।

शुक्रवार को आईटी शेयरों में खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बाजार को मजबूती मिली। सेंसेक्स 879.09 अंक यानी 1.23 फीसदी उछलकर 72,472.33 पर बंद हुआ। निफ्टी 288.65 अंक यानी 1.30 फीसदी बढ़कर 22,520.45 पर पहुंच गया।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN