Home LIFESTYLE NEWS HINDI Vrat Recipe: मिनटों में बनाकर तैयार करें व्रत वाली चटपटी चाट,...

Vrat Recipe: मिनटों में बनाकर तैयार करें व्रत वाली चटपटी चाट, खाकर आ जाएगा मजा

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नवरात्रि का पावन त्योहार चल रहा है और इस दौरान लोग व्रत रखते हैं। व्रत में अगर आपका चाट खाने का मन कर रहा है तो आप शकरकंदी से टेस्टी चाट बनाकर तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए यहां देखिए रेसिपी।

नवरात्रि के नौ दिनों में लोग भक्ति के साथ ही उपवास भी रखते हैं। इस दौरान जो लोग 9 दिनों तक उवास रखते हैं वह फलाहारी चीजों के साथ उपवास खोलते हैं। ऐसे में हर दिन कुछ नया और हेल्दी खाना पसंद करते हैं। नवरात्रि व्रत के दौरान कई लोगों को चाट खाने की इच्छा को रोकना पड़ता है। इस नौ दिनों के व्रत के दौरान कई ऐसे खाने की चीजें हैं जिन्हें खाने से खुद को रोकना पड़ता है। इनमें कुछ चीजें ऐसी भी होती हैं जिनका इस्तेमाल चाट में किया जाता है। व्रत में अगर आपको चाट खाने का मन हो तो आप व्रत स्पेशल चाट बनाकर तैयार कर सकती हैं। यहां हम शकरकंदी से चाट बनाने का तरीका बता रहे हैं। इस चाट को व्रत में आसानी से बनाकर खा सकते हैं। अच्छी बात यह है कि इसे आप बिना डीप फ्राई करके तैयार कर सकते हैं। एयरफ्रायर में बनने वाली ये चाट स्वाद में भी अच्छी लगती है। सीखिए इसे कैसे बनाएं-

व्रत स्पेशल चाट बनाने के लिए सामग्री

-2 मध्यम आकार की शकरकंद

-150 ग्राम पनीर, क्यूब्स में कटा हुआ

-1 खीरा, कटा हुआ

-1 छोटी कटोरी भुने हुए मखाने

-1 मुट्ठी भुनी हुई मूंगफली

-आधा कप अनार के दाने

-शकरकंद के लिए 2 चम्मच घी

-पनीर के लिए 1 चम्मच घी

-स्वादानुसार सेंधा नमक और काली मिर्च

हरी चटनी के लिए

-1 मुट्ठी ताजा हरा धनिया

-4 हरी मिर्च

-2 नींबू का रस

-स्वादानुसार सेंधा नमक

-जरूरत के अनुसार पानी

बनाने की विधि

1) चाट बनाने के लिए शकरकंद को अच्छी तरह से धोएं और फिर छील लें। अब शकरकंदी को छोटे टुकड़ों में काट फिर इन्हें 7 से 8 मिनट तक उबालें। उबलने के बाद शकरकंदी का पानी निकालकर, इसमें घी, सेंधा नमक और काली मिर्च मिलाएं। इसे 180°C पर 20 मिनट तक एयर फ्राई करें।

2) अब पनीर के भी छोटे टुकड़े करें और इन पर भी घी, सेंधा नमक और काली मिर्च डालें। इन्हें अच्छे से मिलाएं और 180°C पर 5 से 6 मिनट तक एयर फ्राई करें।

3) अब चटनी बनाने के लिए धनिया, हरी मिर्च, नींबू का रस, सेंधा नमक और थोड़ा पानी डालकर ब्लेंड करें। अच्छी तरह से मिक्स करके एक स्मूद पेस्ट बना लें।

4) अब एक बाउल में शकरकंद, पनीर, खीरा, मखाने, मूंगफली और अनार डालें। इसमें चटनी डालें और अच्छी तरह मिलाएं। चाट को ताजा परोसें।

चाट को टेस्टी बनाने के लिए कुछ सिंपल टिप्स

1. इसमें आप उबले आलू को छोटे टुकड़ों में काटकर एयरफ्रायर में सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक सकते हैं।

2. चाट में खटास के लिए नींबू का रस या व्रत में अनुमत इमली की चटनी डाल सकते हैं। इससे चाट का स्वाद और बढ़ जाता है।

3. चाट में आप ताजा, गाढ़ा और अच्छी तरह फेंटा हुआ दही मिला सकती हैं। दही में चाहें तो थोड़ा सेंधा नमक और जीरा मिलाएं।

4. चाट में मूंगफली को हल्का भूनकर डालें। इससे चाट में बढ़िया क्रंच आएगा।

5. चाट को परोसते समय अनार के दाने, हरा धनिया और थोड़ा भुना जीरा डालें। चाट तुरंत परोसें, ताकि सभी चीजें कुरकुरी रहें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN