Source :- LIVE HINDUSTAN
सोशल मीडिया पर हर बात आग की तरह फैल जाती है और हर शख्स एक दूसरे को जज करने के लिए बैठा हुआ है। बीते दिनों कटरीना कैफ ट्रोलिंग का शिकार हुई थीं और अब उन्होंने इस बारे में अपनी राय रखी है।
एक्ट्रेस कटरीना कैफ दमदार एक्टिंग और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह अपनी राय मुखर होकर रखती हैं और लोगों की किसी भी बात का सरलता से जवाब देना भी जानती हैं। पिछले दिनों कटरीना एक इवेंट में गई थीं, जिसकी वीडियो सामने पर लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया था। लोगों का कहना था कि वह डिलीवरी के बाद मोटी हो गई है, पहले जैसी सुंदर नहीं है और ना जाने कितनी बातें लोगों ने एक्ट्रेस को लेकर सोशल मीडिया पर कह डाली थी। इस बारे में कटरीना ने लंदन में हुए इवेंट में अपनी राय रखी। उन्होंने बताया कि ट्रोलिंग से दिमाग पर क्या असर होता है और आपको इससे कैसे निपटना चाहिए।
कटरीना ने कही ये बातें
कटरीना कैफ ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोगों की राय को अपनी काबिलियत और खुद की अहमियत का पैमाना नहीं बनने देना चाहिए। सभी की अपनी सोच और राय हो सकती है लेकिन ये आप तय करेंगे कि किसकी बात से आपको फर्क पड़ना चाहिए और किसकी नहीं।
-लोगों की बातों से डरकर ना लें फैसले
कटरीना कैफ का कहना है कि हर बार किसी ट्रोलिंग, राय या बुराई से आप अपने फैसले बदलने लगेंगे तो कभी भी आगे नहीं बढ़ पाएंगे। कई बार लोगों की बातें अंदर डर भर देती हैं और फिर कोई भी काम करने से हम पीछे हटने लगते हैं। जिंदगी में हमेशा हर कोई आपकी तारीफ नहीं करेगा और कभी लोग आपके काम की तारीफ करेंगे तो कभी बुराई होगी। ऐसे में आप खुद पर भरोसा करें और अपने फैसलों को बिना डरे लें।
– खुद को बेहतर महसूस करना जरूरी नहीं
कटरीना ने कहा कि खुद के प्रति आपको संवेदनशील होना चाहिए और अपनी असलियत को स्वीकारना जरूरी है। हर दिन एक जैसा नहीं होता है, कभी लगता है कि हम सब सही कर रहे हैं, तो कभी लगता है कि हमसे कुछ भी ठीक नहीं हो रहा है। ऐसे समय में खुद को कम आंकने के बजाय यह स्वीकार करना चाहिए कि हम सभी लगातार सीखते और आगे बढ़ते हैं। खुद से बहुत ज्यादा उम्मीदें रखने और हर समय परफेक्ट दिखने का दबाव बनाने से बचें।
-खुद की अहमियत समझना है जरूरी
अगर आपको हर किसी की बात से फर्क पड़ने लगेगा तो आप खुद को बेकार समझने लगेंगे और खाली बैठे लोगों की तरह कुछ कर नहीं पाएंगे। खुद की अहमियत को समझना जरूरी है और अपने समय का सही इस्तेमाल करते हुए अपने काम को ईमानदारी से करो।
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का मन पर क्या असर पड़ता है?
मनोवैज्ञानिक डॉक्टर मुनिया भट्टाचार्य के मुताबिक, सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति की ही बात आपके दिमाग में ज्यादा देर तक रह सकती है और फिर उससे आपको फर्क पड़ने लगेगा। कई लोग हमारे बारे में गलत बोल देते हैं और फिर हम उसे कई दिनों तक सोचते रहते हैं। फिर चाहे वह आपके लुक्स पर हो या रिश्तों, बच्चों, परवरिश, रिलेशनशिप, काम या फिर पर्सनल लाइफ के बारे में। कई लोगों का आत्मविश्वास कम होने लगता है और फिर उन्हें स्ट्रेस होता है, नींद कम आती है और हेल्थ के साथ काम पर भी बुरा असर पड़ता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



