Home LIFESTYLE NEWS HINDI कुट्टू की पूड़ी के साथ बनाएं व्रत वाले आलू झोल की सब्जी,...

कुट्टू की पूड़ी के साथ बनाएं व्रत वाले आलू झोल की सब्जी, बहुत आसान है रेसिपी

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

व्रत में कुट्टू के आटे की पूड़ी के साथ आलू की रसीली सब्जी काफी अच्छी लगती है, बहुत चीजों के साथ आप इस सब्जी को तैयार कर सकते हैं। अगर आप कुछ चटपटा और नया ट्राई करना चाहते हैं तो यहां देखिए आलू झोल की सब्जी बनाने का तरीका।

शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू हो चुकी हैं। 9 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में लोग खूब उत्साहित रहते हैं और माता रानी की भक्ति में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते हैं। माता रानी के इस खास त्योहार पर देवी की पूजा के साथ भक्त उपवास भी रखते हैं। नवरात्रि के व्रत में अनाज और कुछ मसालों को पूरी तरह से छोड़ दिया जाता है। ऐसे में जो चीजें फलाहारी होती हैं सिर्फ उन्हें ही खाया जाता है। इन चीजों में कुट्टू का आटा, समा के चावल और कुछ सब्जियां शामिल होती हैं। अगर आप पूरे 9 दिन का उपवास रख रहे हैं तो आपको व्रत खोलने के समय पर क्या खाऊं को लेकर कंफ्यूजन जरूर होता होगा। ऐसे में हम एक आलू झोल की सब्जी बनाने का तरीका बता रहे हैं जिसे चावल और कुट्टू की पूड़ी के साथ सर्व किया जा सकता है। ये सब्जी मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है और इसमें बहुत कम मसालों का इस्तेमाल होता है। बावजूद इसके सब्जी का स्वाद बहुत ज्यादा अच्छा लगता है।

आलू झोल के लिए सामग्री

-6-7 मध्यम आकार के उबले आलू

-1.5 कप टमाटर की प्यूरी

-करी पत्ते की 1 से 2 डंठल

-स्वादानुसार सेंधा नमक

-1 बड़ा चम्मच घी

-1 हरी मिर्च (बीच से कटी हुई)

-1/2 इंच अदरक (कद्दूकस किया हुआ)

-1 बड़ा चम्मच जीरा

-1 छोटा चम्मच हींग

-1 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर

-1 बड़ा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर

-1/2 बड़ा चम्मच अमचूर पाउडर

-1/4 कप ताजा हरा धनिया

-700ml-800ml पानी

– अगर व्रत में खाते हैं, तो चुटकी भर हल्दी भी डाल सकते हैं

आलू झोल की सब्जी बनाने की विधि

  • व्रत वाली आलू झोल की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले तैयारी कर लें। इसके लिए आलू को पानी से अच्छी तरह से धो लें। फिर इसे कुकर में 4 से 5 सीटी लगाकर पका लें। जब कुकर ठंडा हो जाए तो फिर आलू को छन्नी पर छान लें और पानी को फेंक दें। आलू के ठंडे होने का इंतजार करें और फिर छिलका उतारकर आलू को एक तरफ रख दें।
  • अब टमाटर को भी अच्छी तरह से पीस लें और प्यूरी बना लें। इसके अलावा अदरक को लंबे छल्ले के लिए कद्दूकस करें और हरी मिर्ची को भी बारीक काट लें। आप चाहें तो अदरक और हरी मिर्च को साथ में दरदरा कूट कर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • अब आलू झोल बनाएं। इसके लिए एक कड़ाही में घी डालें। जब घी गर्म हो जाए तो इसमें जीरा, अदरक, करी पत्ते और हींग डालकर भूनें। जब सभी चीजे तड़क जाएं तो इसमें टमाटर की प्यूरी और सभी मसाले डालें। अब इसे तब तक पकाएं जब तक घी अलग न होने लगे।
  • घी के अलग होते ही इसनें सभी उबले आलू डालें। आलू डालने से पहले पोटैटो मैशर से मैश करें। इसमें ताजा हरा धनिया डालें। अच्छी तरह मिलाएं, फिर पानी डालें और उबाल आने दें। अच्छी तरह से उबलने तक पकाएं। आलू झोल तैयार है।

नोट- व्रत में आप जिन चीजों को नहीं खाते हैं उन्हें स्किप कर सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN