Source :- LIVE HINDUSTAN
दुर्गा पूजा से पहले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने हिंदू समुदाय को सुरक्षा का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार हर नागरिक के अधिकारों और सुरक्षा की रक्षा करेगी, चाहे उसका धर्म कोई भी हो। प्रधानमंत्री ने ढाका में हिंदू समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान यह बात कही।
दुर्गा पूजा शुरू होने से पहले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने हिंदू समुदाय के लोगों को साफ शब्दों में भरोसा दिया है कि उनकी सरकार हर नागरिक की सुरक्षा और अधिकारों की पूरी रक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि धर्म कोई भी हो, हर व्यक्ति को बराबर का दर्जा और सुरक्षा मिलेगी। यह बात प्रधानमंत्री ने ढाका-17 चुनाव क्षेत्र के हिंदू समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान कही। यह मुलाकात उनके कार्यालय में हुई। ढाका-17 में गुलशन (जिसमें डिप्लोमैटिक जोन भी आता है), बनानी, बारीधारा (आवासीय और डिप्लोमैटिक दोनों इलाके) और ढाका कैंटोनमेंट जैसे महत्वपूर्ण इलाके शामिल हैं। प्रधानमंत्री खुद इसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
बांग्लादेश संगबाद संस्था (BSS) के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश के नागरिक होने के नाते हर इंसान के साथ बराबरी का व्यवहार होना चाहिए। धर्म के आधार पर किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने बैठक में हिंदू समुदाय के नेताओं से कहा कि एक नागरिक के तौर पर हर किसी के अधिकार पक्के करना मेरी जिम्मेदारी है, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो। मैं अपनी पूरी कोशिश करूंगा कि हर व्यक्ति की सुरक्षा पक्की हो। यह सुरक्षा धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि इंसान होने के नाते दी जाएगी।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि सरकार का काम सिर्फ बातें करना नहीं, बल्कि हर नागरिक को सुरक्षित और बराबर का महसूस कराना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी व्यक्ति सिर्फ अपने धर्म की वजह से असुरक्षित महसूस न करे। मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने देश के इतिहास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम में सभी धर्मों के लोगों ने मिलकर लड़ाई लड़ी थी। इसी तरह 1990 के बड़े जन आंदोलन और 2024 के आंदोलन में भी हर धर्म के लोगों ने साथ मिलकर हिस्सा लिया था।
उन्होंने कहा कि जब हम देश के इतिहास के सभी अहम मौकों पर खुद को धार्मिक पहचान से ऊपर रखते हैं, तो हमें दूसरे मामलों में इस पर क्यों सोचना चाहिए? हमने मिलकर देश को आजाद कराया और लोकतंत्र स्थापित करने के आंदोलन में भी साथ मिलकर हिस्सा लिया।
बता दें कि पिछले महीने प्रधानमंत्री की सरकार ने दुर्गा पूजा के लिए सरकारी मदद बढ़ाकर 5 करोड़ टका कर दी थी। साथ ही सरकारी कर्मचारियों को पांच दिन की छुट्टी भी दी गई थी। इस कदम को बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय तक पहुंच बनाने की एक बड़ी कोशिश के रूप में देखा गया। कई लोग इसे सरकार के सकारात्मक रवैये का संकेत मान रहे हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




