Home National news hindi पोप लियो को लंग कैंसर होने की पुष्टि, वेटिकन ने दी सर्जरी...

पोप लियो को लंग कैंसर होने की पुष्टि, वेटिकन ने दी सर्जरी के बारे में ये जानकारी

6
0

Source :- BBC INDIA

पोप लियो

वेटिकन ने एक मेडिकल बुलेटिन में कहा है कि पोप लियो को फेफड़ों का कैंसर होने का पता चला है, लेकिन उनके दाहिने फेफड़े के निचले हिस्से को निकालने के लिए की गई सर्जरी सफल रही.

71 वर्षीय पोप की मंगलवार को रोम के जेमेली अस्पताल में 90 मिनट तक सर्जरी हुई. इसके बाद उनमें लंग एडेनोकार्सिनोमा होने का पता चला.

वेटिकन ने कहा, “ऑपरेशन सफल रहा और इसमें कोई जटिलता नहीं आई.”

उसने आगे कहा, “ऑपरेशन के बाद पोप सामान्य रूप से होश में आए और थोड़ी देर निगरानी में रहने के बाद अपने कमरे में लौट गए.”

गांठ का पहली बार पता उन जांचों के दौरान चला, जिन्हें वेटिकन ने “नियमित जांच” बताया है. पोप के लगभग एक सप्ताह तक अस्पताल में रहने की उम्मीद है.

इससे पहले, बड़ी संख्या में लोग पोप के लिए घंटों तक अस्पताल के बाहर इंतज़ार करते रहे.

जब पोप की कार वहां से गुज़री, तो लोगों ने उनका अभिवादन किया और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए नारे लगाए. इस दौरान पोप ने कार की पीछे की खिड़की से हाथ हिलाकर और मुस्कुराकर उनका अभिवादन स्वीकार किया.

इसके बाद अस्पताल की सीढ़ियों पर कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया. उनमें से एक ने सहानुभूति जताते हुए कहा, “मुझे दुख है.” इस पर पोप मुस्कुराए और कंधे उचकाए. उन्हें भरोसा दिलाया गया, “हम आपके साथ हैं.”

अपने बयान में वेटिकन ने कहा कि पोप के दाहिने फेफड़े का पूरा निचला हिस्सा निकाल दिया गया, “ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रक्रिया पूरी तरह से की गई है.”

वेटिकन के एक सूत्र ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि यह पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है कि कैंसर के फैलने के कोई संकेत हैं या नहीं.

SOURCE : BBC NEWS