Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- पावर ट्रांसमिशन और ड्राइव सॉल्यूशंस बनाने वाली कंपनी बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन्स का आईपीओ 15 अक्टूबर 2026 को आम निवेशकों के लिए खुल रहा है
- निवेशक इस आईपीओ में 19 अक्टूबर तक दांव लगा सकते हैं
- इसका प्राइस बैंड 586 रुपये है
Bonfiglioli Transmissions IPO: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए एक और आईपीओ आने वाला है। पावर ट्रांसमिशन और ड्राइव सॉल्यूशंस बनाने वाली कंपनी बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन्स का आईपीओ 15 अक्टूबर 2026 को आम निवेशकों के लिए खुल रहा है। निवेशक इस आईपीओ में 19 अक्टूबर तक दांव लगा सकते हैं। इसका प्राइस बैंड 586 रुपये है। ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर आज बुधवार को 180 रुपये प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं। बता दें कि यह कंपनी इटली की बोनफिग्लियोली एस.पी.ए. की भारतीय सब्सिडियरी कंपनी है।
कितने शेयरों की होगी बिक्री
बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन्स का यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) पर आधारित होगा। इसके तहत कंपनी की प्रमोटर बोनफिग्लियोली एस.पी.ए. अपने 4.32 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी। पहले कंपनी ने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) में 4.69 करोड़ शेयर बेचने का प्रस्ताव दिया था। अब शेयरों की संख्या घटाकर 4.32 करोड़ कर दी गई है। बता दें कि इस आईपीओ में नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे। यानी कंपनी अपनी पूंजी बढ़ाने के लिए नए शेयर नहीं बेच रही है, बल्कि मौजूदा प्रमोटर अपने शेयर बेच रहा है। बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन्स के आईपीओ को मैनेज करने के लिए एक्सिस कैपिटल, बीएनपी पारिबा, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और जेफरीज इंडिया को मर्चेंट बैंकर नियुक्त किया गया है।
आईपीओ से मिलने वाला पैसा किसे मिलेगा
चूंकि यह आईपीओ पूरी तरह OFS के तहत आ रहा है, इसलिए शेयर बेचकर मिलने वाली रकम प्रमोटर बोनफिग्लियोली एस.पी.ए. को मिलेगी। इश्यू से जुड़े खर्च और कर्मचारियों के लिए आरक्षित 50,000 शेयरों को ध्यान में रखने के बाद बची रकम प्रमोटर को जाएगी। कंपनी को इस आईपीओ से सीधे कोई पैसा नहीं मिलेगा। निवेशकों के लिए यह बात समझना जरूरी है, क्योंकि नए शेयर जारी होने वाले आईपीओ और OFS वाले आईपीओ में यही बड़ा अंतर होता है।
किस कैटेगरी के लिए कितने शेयर रिजर्व
आईपीओ में अलग-अलग तरह के निवेशकों के लिए शेयरों का बंटवारा भी तय किया गया है। यह इस तरह है-
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs): 50%
नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NIIs): 15%
रिटेल निवेशक: 35%
इस तरह आईपीओ का सबसे बड़ा हिस्सा इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए रखा गया है, जबकि रिटेल निवेशकों के लिए कुल नेट ऑफर का 35% हिस्सा रिजर्व है।
क्या है कंपनी का कारोबार
बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन्स भारत में मैकेनिकल और इलेक्ट्रोमैकेनिकल पावर ट्रांसमिशन और इंडस्ट्रियल ड्राइव सॉल्यूशंस उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल है। कंपनी गियर मोटर्स, गियरबॉक्स और ड्राइव सिस्टम जैसे उत्पाद बनाती है। इनका इस्तेमाल अलग-अलग इंडस्ट्रियल सेक्टर में मशीनों और इक्विपमेंट को चलाने के लिए किया जाता है। कंपनी ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर (ओईएम) और अंतिम यूजर्स को अपने प्रोडक्ट उपलब्ध कराती है। कंपनी के कारोबार में तीन प्रमुख सेगमेंट की अच्छी हिस्सेदारी है। 2026 की पहली छमाही में इन सेगमेंट का कंपनी के कुल रेवेन्यू में योगदान क्रमशः 42%, 28% और 27% से ज्यादा रहा।
कंपनी की वित्तीय स्थिति
कंपनी के फाइनेंशियल रिजल्ट भी अच्छे रहे हैं। बता दें कि जनवरी से जून 2026 की छह महीने की अवधि में कंपनी का मुनाफा 29.2% बढ़कर 148.6 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 115 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। कंपनी की कमाई यानी रेवेन्यू में भी बढ़ोतरी हुई। जून 2026 को समाप्त छह महीने की अवधि में रेवेन्यू 17.9% बढ़कर 1,131.9 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी अवधि में यह 960.4 करोड़ रुपये था। इस तरह कंपनी ने मुनाफे और रेवेन्यू, दोनों मोर्चों पर बढ़त दर्ज की।
दिसंबर 2025 में समाप्त साल में भी बढ़ा मुनाफा
कंपनी के पूरे साल के नतीजे भी पॉजिटिव रहे। दिसंबर 2025 में समाप्त वर्ष के दौरान कंपनी का मुनाफा 21.9% बढ़कर 237.9 करोड़ रुपये हो गया। इससे पिछले साल यानी 2024 में कंपनी का मुनाफा 195.2 करोड़ रुपये था। वहीं, कंपनी का सालाना रेवेन्यू 8.6% बढ़कर 2,013.5 करोड़ रुपये पहुंच गया। दिसंबर 2024 में समाप्त वर्ष में यह 1,854.2 करोड़ रुपये था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




