Home LIFESTYLE NEWS HINDI नवरात्रि व्रत में खाना है कुछ चटपटा? इस तरह बनाएं आलू के...

नवरात्रि व्रत में खाना है कुछ चटपटा? इस तरह बनाएं आलू के पकौड़े, तेल भी नहीं सोखेंगे!

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नवरात्रि में पूरे नौ दिनों का उपवास रख रहे हैं, तो जाहिर है बीच-बीच में कुछ चटपटा खाने की क्रेविंग भी हो ही जाती होगी। ऐसे में आप ये आलू के क्रिस्पी और टेस्टी पकौड़े बनाकर तैयार कर सकते हैं। ये तेल भी सोखते और खाने में बहुत टेस्टी भी लगते हैं।

नवरात्रि के व्रत में अक्सर कुछ चटपटा और तीखा खाने का मन करने लगता है। ऐसे में कुरकुरे से आलू के पकौड़े मिल जाएं तो मजा ही आ जाता है। व्रत वाली हरी चटनी के साथ ये फलाहारी पकौड़े बहुत ही टेस्टी लगते हैं। बहुत ज्यादा टाइम ना हो और फटाफट से कुछ चटपटा बनाना हो, तो ये व्रत वाले पकौड़े बना सकते हैं। कुछ बढ़िया खाने की क्रेविंग भी पूरी हो जाएगी और पेट भी भर जाएगा। इसके लिए आपको बस उबले हुए आलू में कुछ बेसिक मसाले मिलाने है, साथ ही राजगीरे के आटे का घोल बनाकर पकौड़े फ्राई कर लेने हैं। बाहर से कुरकुरे और अंदर से सॉफ्ट ये पकौड़े आपकी स्नैक क्रेविंग को शांत कर सकते हैं। तो आइए फटाफट से जानते हैं व्रत वाले आलू के पकौड़े बनाने की रेसिपी।

व्रत वाले आलू के पकौड़े बनाने के लिए सामग्री

नवरात्रि व्रत में कुछ चटपटा और टेस्टी खाने का दिल करे तो क्रिस्पी आलू के पकौड़े बनाकर तैयार कर सकते हैं। इन्हें बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं-उबले हुए आलू (200 ग्राम), सेंधा नमक (आधा चम्मच), काली मिर्च पाउडर (1/4 चम्मच), हरी मिर्च (2-3), जीरा (1 चम्मच), हरा धनिया पत्ता, राजगीरे का आटा (1 कप), सेंधा नमक (आधा चम्मच), काली मिर्च पाउडर (1/4 चम्मच), तिल (2 चम्मच), हरी मिर्च (2-3), पानी (जरूरत अनुसार)।

व्रत वाले आलू के पकौड़े बनाने की विधि

स्टेप 1- आलू तैयार करें

सबसे पहले आलू को अच्छी तरह धो कर उबाल लें। इसके बाद इनका छिलका रिमूव करें और अच्छी तरह से मैश कर लें। आप चाहें तो इन्हें कद्दूकस भी कर सकते हैं। अब ध्यान रहे आलू में ज्यादा मोटी गुठलियां नहीं रहनी चाहिए।

स्टेप 2- आलू का मसाला तैयार करें

अब मैश किए हुए आलू का मसाला तैयार करें। इसके लिए इसमें स्वादानुसार सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर, बारीक कटी हुई हरी मिर्च, साबुत धनिया और बारीक कटा हुआ हरा धनिया पत्ता मिलाएं। आप कितना तीखा खाना पसंद करते हैं, उस हिसाब से मिर्च की मात्रा को एडजस्ट कर सकते हैं।

स्टेप 3- पकौड़े का बैटर बनाएं

पकौड़े का बैटर बनाने के लिए एक बाउल में राजगीरे का आटा लें। इसमें सेंधा नमक, काली मर्च पाउडर, सफेद तिल, बारीक कटी हुई हरी मिर्च डालें और थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए एक गाढ़ा सा घोल बनाकर तैयार कर लें। अब इसमें बारीक कटा हुआ ताजा हरा धनिया पत्ता एड करें।

स्टेप 4- आलू को घोल में लपेटें

अब आलू की छोटी-छोटी बॉल्स बनाकर तैयार करें। फिर इन्हें पकौड़े के घोल में अच्छी तरह डिप करें, ताकि बैटर अच्छी तरह से कोट हो पाए।

स्टेप 5- तेल में क्रिस्पी होने तक फ्राई करें

एक कड़ाही में तेल गर्म करने के लिए रखें। जैसे ही तेल गर्म हो जाए, आलू की बॉल्स को एक-एक कर के कड़ाही में डालें। इन्हें मीडियम फ्लेम पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। बीच-बीच में इन्हें पलटते रहें ताकि ये दोनों तरह से अच्छी तरह से पक जाएं। व्रत वाले आलू के पकौड़े बनकर तैयार हैं।

सर्विंग टिप- इन क्रिस्पी फलाहारी पकौड़ों को आप व्रत वाली हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं। दही के साथ भी इनका टेस्ट काफी अच्छा आता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN