Home rss business hindi मुकेश अंबानी की इस कंपनी को बड़ा मुनाफा, 220 रुपये से भी...

मुकेश अंबानी की इस कंपनी को बड़ा मुनाफा, 220 रुपये से भी कम का है शेयर

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की कंसोलिडेटेड कुल आय (डिविडेंड इनकम को छोड़कर) सालाना आधार पर 132% बढ़कर ₹1699 करोड़ हो गई
  • जियो फाइनेंशियल के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो 218.75 रुपये पर है

मुकेश अंबानी की टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के आईपीओ का इंतजार है। इस इंतजार के बीच अंबानी की एक और कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने वित्त वर्ष 2027 की सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की कंसोलिडेटेड कुल आय (डिविडेंड इनकम को छोड़कर) सालाना आधार पर 132% बढ़कर ₹1699 करोड़ हो गई। वहीं, प्री-प्रोविजनिंग ऑपरेटिंग प्रॉफिट (PPOP) सालाना आधार पर 85% बढ़कर ₹574 करोड़ हो गया जबकि टैक्स से पहले का मुनाफा 51% बढ़कर ₹489 करोड़ हो गया। कंपनी के टैक्स के बाद का मुनाफा ₹340 करोड़ रहा। कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2027 की जून तिमाही और वित्त वर्ष 2026 की सितंबर तिमाही के टैक्स के बाद के मुनाफे में डिविडेंड इनकम भी शामिल थी।

वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में, डिविडेंड इनकम को छोड़कर कुल आय सालाना आधार पर 136% बढ़कर ₹3,195 करोड़ हो गई। प्री-प्रोविजनिंग ऑपरेटिंग प्रॉफिट 60% बढ़कर ₹1,079 करोड़ हो गया जबकि टैक्स से पहले का मुनाफा 33% बढ़कर ₹951 करोड़ हो गया। टैक्स के बाद छमाही मुनाफा 15% बढ़कर ₹1,171 करोड़ हो गया। Jio पेमेंट्स बैंक में ग्राहकों की जमा राशि सालाना आधार पर 53% बढ़कर ₹643 करोड़ हो गई है और इसके ग्राहकों की संख्या लगभग 40 लाख खातों तक पहुंच गई है।

जियो क्रेडिट के मुनाफे में बड़ा उछाल

कंपनी की नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) जियो क्रेडिट लिमिटेड ने टैक्स के बाद मुनाफे में सालाना आधार पर 140% की बढ़ोतरी दर्ज की, जो बढ़कर ₹120 करोड़ हो गया। नेट इंटरेस्ट इनकम सालाना आधार पर 116% बढ़कर ₹302 करोड़ हो गई। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने बैंक ऑफ अमेरिका के साथ एक जॉइंट वेंचर समझौता भी किया है, जिसके तहत बैंक ऑफ अमेरिका जियो क्रेडिट में 49.9% तक हिस्सेदारी ले सकता है। यह समझौता रेगुलेटरी मंजूरियों पर निर्भर करेगा।

डिजिटल प्लेटफॉर्म और पेमेंट में तेजी

बता दें कि जियो फाइनेंस ऐप के पास कंपनी की डिजिटल प्रॉपर्टीज पर कुल 3.2 करोड़ यूनीक यूजर्स हैं। इस तिमाही के दौरान, कंपनी ने ‘JioFinance+’ और ‘JioFinance360’ पेश कीं। इसके अलावा, कंपनी ने ‘JioSilver’ भी लॉन्च किया, जिससे डिजिटल कीमती धातुओं के क्षेत्र में JioGold के अलावा और भी विकल्प जुड़ गए हैं।

शेयर का परफॉर्मेंस

जियो फाइनेंशियल के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो 218.75 रुपये पर है। यह एक दिन पहले के मुकाबले मामूली बढ़त के साथ गुरुवार को बंद हुआ। अब शुक्रवार को एक बार फिर से इस शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। शेयर के 52 हफ्ते का लो 208.50 रुपये और 52 हफ्ते का हाई 316.65 रुपये है।

जियो प्लेटफॉर्म्स का आ रहा आईपीओ

रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल, दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स अपने प्रस्तावित 30,213 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के साथ इतिहास बनाने की तैयारी में है। आईपीओ के लिए सार्वजनिक बोली 21 अक्टूबर को शुरू होगी और 23 अक्टूबर को यह इश्यू बंद हो जाएगा। इसके लिए प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन 10.3 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN