Home rss business hindi निवेश का मौका: इन कंपनियों को IPO लाने की मंजूरी, जानें पूरी...

निवेश का मौका: इन कंपनियों को IPO लाने की मंजूरी, जानें पूरी डिटेल

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • सेबी की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, तीनों कंपनियों ने इस साल मार्च से जुलाई के बीच अपने शुरुआती डॉक्यूमेंट जमा किए थे
  • रेगुलेटरी ने 12 और 13 अक्टूबर को इन कंपनियों के आईपीओ प्रस्तावों पर अपनी मंजूरी से जुड़ी जानकारी जारी की

Upcoming IPO: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। बाजार में निवेश करने वालों के लिए मौके आ रहे हैं। दरअसल, फिटनेस प्लेटफॉर्म कल्ट डॉट फिट (Cult.fit), ईश्वरी ग्लोबल मेटल इंडस्ट्रीज और एग्री सेक्टर से जुड़ी कंपनी सोहन लाल कमोडिटी मैनेजमेंट को आईपीओ (IPO) लाने के लिए बाजार रेगुलेटरी सेबी (SEBI) से मंजूरी मिल गई है। अब ये कंपनियां आईपीओ के जरिए शेयर बाजार से पैसा जुटाने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। सेबी की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, तीनों कंपनियों ने इस साल मार्च से जुलाई के बीच अपने शुरुआती डॉक्यूमेंट जमा किए थे। रेगुलेटरी ने 12 और 13 अक्टूबर को इन कंपनियों के आईपीओ प्रस्तावों पर अपनी मंजूरी से जुड़ी जानकारी जारी की। बता दें कि यह मंजूरी ऐसे समय में मिली है, जब शेयर बाजार में आईपीओ के जरिए पैसा जुटाने की एक्टिविटीज तेज हैं। ऐसे में इन तीनों कंपनियों के आईपीओ पर निवेशकों की नजर रहेगी। आइए जानते हैं डिटेल में…

50 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी होंगे

फिटनेस सर्विस देने वाली कंपनी कल्ट डॉट फिट के प्रस्तावित आईपीओ में 950 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारक ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 17.86 करोड़ तक के शेयर बेच सकते हैं। बता दें कि OFS में कंपनी के मौजूदा निवेशक अपने शेयर बेचते हैं। इससे मिलने वाला पैसा कंपनी के बजाय शेयर बेचने वाले निवेशकों को मिलता है। वहीं, नए शेयर जारी करने से जुटाई गई रकम कंपनी को मिलती है।

ईश्वरी ग्लोबल मेटल इंडस्ट्रीज का IPO

ईश्वरी ग्लोबल मेटल इंडस्ट्रीज भी आईपीओ के जरिए बाजार से पैसा जुटाने की तैयारी में है। कंपनी के प्रस्तावित आईपीओ में 500 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही 1.32 करोड़ तक के मौजूदा शेयरों की बिक्री भी की जाएगी। बाजार सूत्रों के मुताबिक, कंपनी के आईपीओ का कुल आकार 1,100 करोड़ रुपये से 1,300 करोड़ रुपये के बीच हो सकता है। हालांकि, आईपीओ का फाइनल साइज और दूसरी जरूरी जानकारी कंपनी की ओर से जारी किए जाने वाले डॉक्यूमेंट से स्पष्ट होगी।

सोहन लाल कमोडिटी मैनेजमेंट का IPO

एग्री सेक्टर में लॉजिस्टिक्स और स्टोरेज से जुड़ी सेवाएं देने वाली कंपनी सोहन लाल कमोडिटी मैनेजमेंट ने आईपीओ के लिए कॉन्फिडेंशियल प्रोसेस का विकल्प चुना था। कंपनी ने मार्च में सेबी के पास शुरुआती डॉक्यूमेंट जमा किए थे। इस प्रक्रिया में आईपीओ से जुड़े शुरुआती प्रस्ताव डॉक्यूमेंट आम लोगों के लिए तुरंत पब्लिक नहीं किए जाते। इसी वजह से फिलहाल कंपनी के आईपीओ के साइज और शेयरों से जुड़ी पूरी जानकारी पब्लिक नहीं है।

(डिस्क्लेमर: ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयरों का प्रीमियम लगातार बदलता रहता है, इसलिए किसी भी आईपीओ पर दांव लगाने से पहले कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन और उसके कारोबार की पूरी जानकारी जरूर कर लें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN