Source :- LIVE HINDUSTAN
कन्या पूजन के लिए पूड़ी के साथ आलू की बिना लहसुन-प्याज वाली सब्जी भी बना सकते हैं। पूड़ी के साथ ये बहुत टेस्टी लगती है और बिल्कुल भंडारे वाला स्वाद आता है। कंजकों के लिए कुछ स्वादिष्ट बनाना है तो भोग की थाली में इसे शामिल कर सकते हैं।
नवरात्रि की अष्टमी और नवमी तिथि पर कन्या पूजन किया जाता है। इस दिन छोटी-छोटी कन्याओं को माता रानी का स्वरूप मानकर पूजा की जाती है। उन्हें हलवा, पूड़ी, काले चने और सब्जी का भोज कराया जाता है। ज्यादातर लोग इस भोग की थाली में आलू की सब्जी बनाते हैं। कंजकों को भी आलू की सब्जी खूब पसंद आती है और पूड़ी के साथ ये टेस्टी भी लगती है। हालांकि भोग वाले खाने में लहसुन-प्याज और ज्यादा मसालों का इस्तेमाल नहीं होता है। इसे कम मसालों में कैसे टेस्टी बनाया जाए, यही तो असली चुनौती होती है। ऐसे में अगर आप भी कन्या पूजन के लिए आलू की सब्जी बनाने की सोच रहे हैं, तो ये रेसिपी फॉलो कर सकते हैं। बिना लहसुन और प्याज के बिल्कुल हलवाई वाला टेस्ट आएगा। चलिए फटाफट से रेसिपी जान लेते हैं।
बिना प्याज-लहसुन वाली आलू की सब्जी बनाने की सामग्री
कन्या पूजन के लिए बिना प्याज और लहसुन वाली आलू की सब्जी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- घी या तेल (2 चम्मच), तेज पत्ता (2), बड़ी इलायची (1), काली मिर्च (5-7), साबुत धानिया (1 चम्मच), सौंफ (1 चम्मच), हींग (1/4 चम्मच), अदरक (1 इंच), हरी मिर्च (3-4), टमाटर (3-4, मीडियम), उबले हुए आलू (2-3), लाल मिर्च पाउडर (आधा चम्मच), धनिया पाउडर (आधा चम्मच), भुना जीरा पाउडर (आधा चम्मच), अमचूर पाउडर (1 चम्मच), सेंधा नमक (1 चम्मच), धनिया पत्ता (2 चम्मच), पानी (डेढ़ कप)।
कन्या पूजन के लिए ऐसे बनाएं टेस्टी आलू की सब्जी
भंडारे जैसे स्वाद वाली आलू की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा तेल या देसी घी गर्म करें। अब इसमें तेज पत्ता, बड़ी इलायची, काली मिर्च, दरदरा कुटा हुआ साबुत धनिया, सौंफ और चुटकी भर हींग डालें। साथ में बारीक कटा हुआ अदरक और हरी मिर्च डालकर लगभग 2 मिनट के लिए भून लें।
इसके बाद कटे हुए टमाटर के टुकड़े एड करें और इन्हें चलाते हुए 3-4 मिनट के लिए कुक कर लें। टमाटर थोड़े सॉफ्ट हो जाएंगे। इसके बाद बारी है मसाले मिलाने की। मसालों में लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, भुना जीरा पाउडर, अमचूर पाउडर और सेंधा नमक एड करें। इन्हें टमाटर के साथ अच्छे से मिक्स करते हुए 3-4 मिनट के लिए पका लें।
अब उबले हुए आलू अच्छी तरह से मैश कर लें और इन्हें सब्जी में एड करें। आलू को मसाले के साथ अच्छी तरह मिक्स करें और इन्हें भी 2-3 मिनट के लिए चलाते हुए पका लें। अब जरूरत के हिसाब से पानी एड करें और सब्जी को 10-12 मिनट के लिए पकने दें।
स्वाद का तड़का लगाएं- एक तड़का पैन में थोड़ा सा घी गर्म करें। इसमें थोड़ा सा जीरा और साबुत लाल मिर्च डालकर चटका लें और तैयार तड़के सब्जी में लगाएं।
गार्निशिंग करें- सब्जी बनने के बाद ऊपर से बारीक कटा हुआ ताजा हरा धनिया एड करें। हाथों से मसलकर थोड़ी सी कसूरी मेथी भी मिला सकते हैं। इससे बिल्कुल भंडारे वाला स्वाद आता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



