Home rss business hindi Jeevan Pramaan 2026: EPS पेशनर्स अब घर बैठे जमा करें जीवन प्रमाण...

Jeevan Pramaan 2026: EPS पेशनर्स अब घर बैठे जमा करें जीवन प्रमाण पत्र, बैंक जाने की जरूरत नहीं, जानें पूरा तरीका

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • EPS Pensioners Jeevan Pramaan : अगर आप कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के पेंशनर हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है
  • अब आपको अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या पेंशन ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है

EPS Pensioners Jeevan Pramaan: अगर आप कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के पेंशनर हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। अब आपको अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या पेंशन ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे ही यह काम कर सकते हैं। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया है कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) की डोरस्टेप सेवा के जरिए पोस्टमैन या ग्रामीण डाक सेवक की मदद से जीवन प्रमाण पत्र जमा किया जा सकता है। इसके अलावा मोबाइल फोन से भी यह प्रोसेस पूरी की जा सकती है।

हर साल जमा करना जरूरी है जीवन प्रमाण पत्र

EPS पेंशन पाने वाले लोगों को अपनी पेंशन बिना रुकावट जारी रखने के लिए हर साल जीवन प्रमाण पत्र जमा करना होता है। इसे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट या जीवन प्रमाण (Jeevan Pramaan) भी कहा जाता है। इसे जमा करने की तारीख का ध्यान रखना जरूरी है। उदाहरण के लिए अगर आपने पिछले साल 20 अक्टूबर को जीवन प्रमाण पत्र जमा किया था, तो पेंशन में रुकावट से बचने के लिए अगला प्रमाण पत्र 19 अक्टूबर तक जमा कर देना चाहिए। इसके बाद भी इसे जमा किया जा सकता है, लेकिन पेंशन मिलने में देरी हो सकती है।

पोस्टमैन की मदद से घर बैठे कैसे जमा करें जीवन प्रमाण पत्र?

अगर आप बैंक या पेंशन ऑफिस नहीं जा सकते, तो IPPB की डोरस्टेप बैंकिंग सेवा का फायदा उठा सकते हैं। यह सुविधा IPPB के खाताधारकों के साथ दूसरे बैंक के ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध है। इसके लिए आप अपने नजदीकी डाकघर से संपर्क कर सकते हैं और पोस्टमैन या ग्रामीण डाक सेवक को घर बुलाने का अनुरोध कर सकते हैं। इसके अलावा IPPB की डोरस्टेप बैंकिंग हेल्पलाइन 033-22029000 पर भी संपर्क किया जा सकता है। घर पर बायोमेट्रिक पहचान की प्रोसेस पूरी होने और जीवन प्रमाण पत्र सफलतापूर्वक जमा होने के बाद आपको एक प्रमाण आईडी (Pramaan ID) मिल जाएगी।

मोबाइल से भी जमा कर सकते हैं जीवन प्रमाण पत्र

अगर आपके पास एंड्रॉयड स्मार्टफोन और इंटरनेट की सुविधा है, तो आप फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए भी जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसके लिए उमंग ऐप और आधार फेस आरडी ऐप के साथ जीनव प्रमाण ऐप की जरूरत होगी।

जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के 6 आसान स्टेप

1. कम से कम 5 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरे वाला एंड्रॉयड स्मार्टफोन और इंटरनेट कनेक्शन तैयार रखें।

2. सुनिश्चित करें कि आपका आधार नंबर पेंशन देने वाली एजेंसी के पास रजिस्टर्ड है।

3. गूगल प्ले स्टोर से आधारफेस आरडी और जीवन प्रमाण फेस ऐप डाउनलोड करें।

4. ऐप में ऑपरेटर ऑथेंटिकेशन की प्रोसेस पूरी करें। पेंशनर खुद भी ऑपरेटर बन सकता है।

5. पेंशनर का नाम, आधार नंबर, पीपीओ नंबर और अन्य जरूरी जानकारी भरें।

6. फोन के फ्रंट कैमरे से चेहरे की साफ तस्वीर लेकर प्रोसेस पूरी करें।

प्रोसेस सफल होने पर आपके मोबाइल नंबर पर जीवन प्रमाण पत्र डाउनलोड करने का लिंक SMS के जरिए भेजा जाएगा।

कौनसे डॉक्यूमेंट और जानकारी जरूरी?

जीवन प्रमाण पत्र जमा करने से पहले आधार नंबर, चालू मोबाइल नंबर, पेंशन का प्रकार, पेंशन मंजूर करने वाले विभाग का नाम, पेंशन देने वाली एजेंसी का नाम, पीपीओ नंबर और पेंशन खाते का नंबर तैयार रखें। ध्यान दें कि आधार नंबर पेंशन देने वाली एजेंसी के पास पहले से रजिस्टर्ड होना चाहिए। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा होने की तारीख से एक साल तक वैलिड रहती है। इसलिए पेंशनर समय पर इसे जमा करें, ताकि उनकी पेंशन मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN