Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- यह बोनस ग्रुप C के केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और ऐसे नॉन-गजेटेड ग्रुप B कर्मचारियों को दिया जाएगा, जो प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस योजना के दायरे में नहीं आते
केंद्रीय कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का बेसब्री से इंतजार है। जुलाई से दिसंबर छमाही के लिए महंगाई भत्ते पर फैसला अगले कुछ दिनों में होने की संभावना है। इससे पहले, हाल ही में केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए वित्त वर्ष 2025-26 का नॉन-प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (Non-PLB) घोषित कर दिया है। इसे एडहॉक बोनस या सालाना बोनस भी कहा जाता है। आइए जानते हैं कि किन केंद्रीय कर्मचारियों को और कितना बोनस लाभ मिलेगा।
किसे मिलेगा फायदा?
यह बोनस ग्रुप C के केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और ऐसे नॉन-गजेटेड ग्रुप B कर्मचारियों को दिया जाएगा, जो प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस योजना के दायरे में नहीं आते। इसके अलावा पात्र केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और सशस्त्र बलों के कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। 15 अक्टूबर, 2026 के एक आदेश में पात्र कैजुअल (अस्थायी) कर्मचारी भी शामिल हैं और इसमें उन सेवा शर्तों का उल्लेख है जिन्हें कर्मचारियों को पूरा करना होगा। केंद्रशासित प्रदेशों के वे कर्मचारी भी पात्र हो सकते हैं, जिन्हें केंद्र सरकार के सैलरी स्ट्रक्चर के अनुसार भुगतान किया जाता है। हालांकि, शर्त ये होनी चाहिए कि कर्मचारी किसी अन्य बोनस या एक्स-ग्रेशिया योजना के तहत कवर न हों।
रकम कितनी मिलेगी?
पात्र केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को उनके 30 दिनों के वेतन के बराबर बोनस मिलेगा। इस बोनस की गणना अधिकतम 7,000 रुपये के वेतन को आधार मानकर की जाती है। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को बोनस के रूप में 6,908 रुपये मिलेंगे। बोनस की गणना कर्मचारी के औसत मासिक वेतन या निर्धारित वेतन सीमा में से जो भी कम हो, उसके आधार पर की जाएगी।
30 दिन के बोनस की गणना का फॉर्मूला इस प्रकार है:
₹7,000 × 30 ÷ 30.4 = ₹6,907.89
राशि को निकटतम रुपये में पूर्णांक करने पर बोनस ₹6,908 बनता है। जिन पात्र कर्मचारियों का औसत मासिक वेतन ₹7,000 से अधिक है, उनके बोनस की गणना में भी यही अधिकतम सीमा लागू होगी।
कैजुअल कर्मचारियों के लिए गणना
पात्र कैजुअल कर्मचारियों के लिए 30 दिन के बोनस की गणना में ₹1,200 की मासिक वेतन सीमा इस्तेमाल की जाएगी। इसका हिसाब इस प्रकार है:
₹1,200 × 30 ÷ 30.4 = ₹1,184.21
निकटतम रुपये में पूर्णांक करने के बाद कैजुअल कर्मचारी को ₹1,184 का बोनस मिलेगा। यदि किसी कर्मचारी का वास्तविक मासिक वेतन ₹1,200 से कम है, तो बोनस की गणना उसके वास्तविक वेतन के आधार पर की जाएगी।
बता दें कि केंद्रीय कर्मचारी डीए का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अगर सबकुछ ठीक रहा तो इस हफ्ते में सरकार डीए बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। यह ऐलान 3 से 4 पर्सेंट तक हो सकता है। इसके बाद कर्मचारियों का डीए 63 या 64 पर्सेंट हो जाएगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




