Home rss business hindi Jio के साथ ही खुला इस कंपनी का भी IPO, पहले दिन...

Jio के साथ ही खुला इस कंपनी का भी IPO, पहले दिन मिला कमजोर रिस्पॉन्स, GMP गिरा

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Paras Healthcare IPO: यह आईपीओ 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक खुला रहेगा
  • कंपनी के आईपीओ को पहले दिन बहुत अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला है
  • ग्रे मार्केट में भी कंपनी की स्थिति कमजोर बनी हुई है

Paras Healthcare IPO: आज 21 अक्टूबर को दो बड़ी कंपनियों का आईपीओ खुल गया है। जियो का आईपीओ और पारस हेल्थकेयर आईपीओ। इसमें से एक जियो के आईपीओ को खरीदने की होड़ सी मची हुई है। तो वहीं, पारस हेल्थकेयर के आईपीओ को पहले दिन बहुत अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला है। ग्रे मार्केट में भी कंपनी की स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है।

किस कैटगरी में कितना सब्सक्रिप्शन

पहले दिन यह आईपीओ महज 15 प्रतिशत ही भरा। रिटेल कैटगरी में हालांकि, स्थिति बेहतर थी। इस सेक्शन में आईपीओ को 73 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला है। क्यूआईबी में कोई भी बोली नहीं मिली है। एनआईआई में 0.08 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।

यह आईपीओ एंकर निवेशकों के लिए 19 अक्टूबर को खुला था। आईपीओ ने एंकर निवेशकों से 652.50 करोड़ रुपये जुटाए हैं। बता दें, रिटेल निवेशकों के लिए आईपीओ 23 अक्टूबर तक ओपन रहेगा।

कितना है आईपीओ का प्राइस बैंड (Paras Healthcare IPO price band)

पारस हेल्थकेयर आईपीओ का प्राइस बैंड 660 रुपये से 693 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी ने 21 शेयरों का एक लॉट बनाया है। जिसकी वजह से निवेशकों को कम से कम 14533 रुपये का दांव लगाना होगा।

ग्रे मार्केट में आईपीओ की स्थिति हुई कमजोर (Paras Healthcare IPO GMP Today)

इनवेस्टर्स गेन की रिपोर्ट के अनुसार ग्रे मार्केट में कंपनी का आईपीओ आज 35 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। जोकि 5 प्रतिशत के लिस्टिंग गेन को दिखाता है। 20 अक्टूबर को आईपीओ का जीएमपी 50 रुपये था। उससे पहले 78 रुपये के प्रीमियम पर आईपीओ ग्रे मार्केट में था।

1450 करोड़ रुपये आईपीओ का साइज

इस आईपीओ का साइज 1450 करोड़ रुपये है। कंपनी के आईपीओ में फ्रेश शेयर और ऑफर फार सेल दोनों शामिल है। फ्रेश इश्यू के जरिए कंपनी 72.15 लाख शेयर जारी करेगी। वहीं, ऑफर फार सेल के जरिए मौजूदा निवेशक 950 करोड़ रुपये का शेयर बेच रहे हैं। बता दें, कंपनी की लिस्टिंग बीएसई एसएमई में होगी।

फ्रेश इश्यू से जुटाए पैसों में कंपनी 320.90 करोड़ रुपये मौजूदा कर्ज को पूरा चुकाने या फिर आंशिक चुकाने के लिए करेगी। वहीं, 54.10 करोड़ रुपये का उपयोग सब्सिडियरी में किया जाएगा। बाकि पैसा जनरल कॉरपोरेट कार्यों में प्रयोग होगा।

(डिस्क्लेमर: ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयरों का प्रीमियम लगातार बदलता रहता है, इसलिए किसी भी आईपीओ पर दांव लगाने से पहले कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन और उसके कारोबार की पूरी जानकारी जरूर कर लें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN