Home rss business hindi Zomato की पैरेंट कंपनी के शेयर में गिरावट, फिर भी Buy रेटिंग;...

Zomato की पैरेंट कंपनी के शेयर में गिरावट, फिर भी Buy रेटिंग; 35% तेजी की उम्मीद, जानिए नया टारगेट

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Zomato और Blinkit की पैरेंट कंपनी Eternal के सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद शेयर में 1.5% तक गिरावट आई
  • इसके बावजूद Motilal Oswal और JPMorgan ने ₹420 का टारगेट दिया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 35% संभावित बढ़त दर्शाता है

Eternal Share Price: Zomato और Blinkit की पैरेंट कंपनी Eternal Ltd. के शेयरों में सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद दबाव देखने को मिला। गुरुवार, 22 अक्टूबर को शेयर में कारोबार के दौरान 1.5% तक गिरावट आई। हालांकि, ब्रोकरेज फर्मों को कंपनी की ग्रोथ की संभावनाओं पर अब भी भरोसा है। मोतीलाल ओसवाल (Motilal Oswal) और JPMorgan ने शेयर के लिए ₹420 का टारगेट प्राइस दिया है। इनके मुताबिक, मौजूदा स्तर से शेयर में करीब 35% तक की तेजी की संभावना है। वहीं, CLSA ने ₹506 का टारगेट देकर इससे भी ज्यादा संभावित बढ़त का अनुमान जताया है।

एटर्नल लिमिटेड (Eternal Ltd.) के शेयर में गिरावट के बावजूद एनालिस्ट का रुख काफी हद तक पॉजिटिव बना हुआ है। कंपनी को कवर करने वाले 33 एनालिस्ट में से 30 ने Buy और तीन ने Sell की रेटिंग दी है। सभी एनालिस्ट के टारगेट प्राइस का औसत मौजूदा स्तर से करीब 21% की संभावित बढ़त का संकेत देता है। हालांकि, ये अनुमान हैं, शेयर के भविष्य के प्रदर्शन की गारंटी नहीं।

शेयर में 35% तेजी की उम्मीद

मोतीलाल ओसवाल (Motilal Oswal) ने एटर्नल (Eternal) पर Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹420 का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी का फूड डिलीवरी कारोबार स्थिर बना हुआ है, जबकि Blinkit के जरिए क्विक कॉमर्स बाजार में लंबी अवधि की ग्रोथ का अवसर मौजूद है।

क्विक कॉमर्स यानी कम समय में किराना और रोजमर्रा के सामान की डिलीवरी का कारोबार तेजी से बदल रहा है। ब्लिंकिट (Blinkit) को इस बदलाव का फायदा मिल सकता है। ब्रोकरेज का मानना है कि नए स्टोर के तैयार होने और बिजनेस साइज बढ़ने के साथ कंपनी के मार्जिन में भी धीरे-धीरे सुधार हो सकता है। हालांकि, मोतीलाल ओसवाल (Motilal Oswal) ने वित्त वर्ष 2027 के लिए कंपनी के EPS (Earnings Per Share) के अनुमान में कटौती की है। इसकी वजह दूसरी तिमाही में टैक्स की ऊंची दर है। ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी की स्टैंडअलोन पैरेंट यूनिट में पिछले घाटे से जुड़े टैक्स लाभ भी वित्त वर्ष 2027 में समाप्त हो गए हैं।

JPMorgan ने भी दिया ₹420 का टारगेट

JPMorgan ने Eternal पर अपनी Overweight रेटिंग बरकरार रखी है और ₹420 का टारगेट प्राइस दिया है। यह मौजूदा शेयर भाव से करीब 35% की संभावित बढ़त का संकेत देता है। ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी को भरोसा है कि वह अगले एक से दो वर्षों तक फूड डिलीवरी कारोबार में सालाना कम से कम 20% की ग्रोथ बनाए रख सकती है और साथ ही मार्जिन को भी संभाल सकती है।

इस भरोसे के पीछे छोटे शहरों में कारोबार का विस्तार, नए स्टोर और नई कैटेगरी में मिली सफलता जैसे कारण हैं। प्रतिस्पर्धा के बावजूद कंपनी के निवेश पर रिटर्न मिलने की अवधि में सुधार भी कारोबार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

CLSA ने दिया सबसे ऊंचा ₹506 का टारगेट

CLSA ने Eternal पर High-Conviction Outperform रेटिंग देते हुए ₹506 का टारगेट प्राइस तय किया है। यह इस शेयर पर प्रमुख ब्रोकरेज फर्मों के बीच सबसे ऊंचे टारगेट में शामिल है।

हालांकि, CLSA ने कंपनी के मुनाफे से जुड़े अनुमानों में भी बड़े बदलाव किए हैं। ब्रोकरेज ने स्टोर विस्तार और मार्केटिंग पर बढ़ते खर्च को ध्यान में रखते हुए वित्त वर्ष 2027 से 2029 के लिए अपने Profit After Tax (PAT) अनुमानों में बदलाव किया है। अब फर्म को उम्मीद है कि कंपनी वित्त वर्ष 2029 में स्थिर स्तर की लाभप्रदता हासिल कर सकती है, जबकि पहले यह लक्ष्य वित्त वर्ष 2028 माना गया था।

इसका मतलब है कि कंपनी के कारोबार में तेजी की संभावना के साथ खर्च और मुनाफे को लेकर अनिश्चितता भी बनी हुई है।

Bernstein को Blinkit की ग्रोथ में दिख रहा बड़ा अवसर

Bernstein ने Eternal पर Outperform रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹350 का टारगेट प्राइस दिया है। फर्म का मानना है कि क्विक कॉमर्स का बाजार पहले के अनुमान से बड़ा हो सकता है और Blinkit को लंबे समय तक तेज ग्रोथ का फायदा मिल सकता है।

Bernstein के मुताबिक, क्विक कॉमर्स अब सिर्फ किराना डिलीवरी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पारंपरिक ई-कॉमर्स बाजार के कुछ हिस्सों में भी अपनी पहुंच बढ़ा रहा है। इससे Blinkit के लिए नए उत्पादों और ग्राहकों तक पहुंचने के अवसर पैदा हो सकते हैं।

कंपनी के लिए बड़ा सवाल यह होगा कि क्या वह तेज विस्तार के साथ लागत को नियंत्रित रख पाती है और बिक्री बढ़ने का फायदा मुनाफे में भी बदल पाता है।

Q2 में कैसा रहा Eternal का प्रदर्शन?

सितंबर तिमाही में कंपनी के कारोबार के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली। फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स के आंकड़े इस प्रकार रहे:

  • फूड डिलीवरी:- Net Order Value (NOV) में सालाना आधार पर 21.5% की बढ़ोतरी हुई। यह बाजार के 18-20% ग्रोथ अनुमान से बेहतर रही।
  • ब्लिंकिंट क्विक कॉमर्स:- NOV में 79% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज हुई, जबकि बाजार को करीब 80% ग्रोथ की उम्मीद थी।
  • गोइंग आउट बिजनेस:- इस कारोबार के NOV में 58% की सालाना वृद्धि हुई।

NOV (Net Order Value) से आशय प्लेटफॉर्म के जरिए हुए ऑर्डर के कुल मूल्य से है। यह कारोबार की ग्रोथ समझने का एक महत्वपूर्ण पैमाना है, लेकिन इसे कंपनी के राजस्व या मुनाफे के बराबर नहीं माना जाना चाहिए।

कंपनी के मैनेजमेंट को उम्मीद है कि फूड डिलीवरी बाजार लंबे समय तक करीब 20% की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ सकता है। Blinkit के लिए कंपनी की योजना मार्च 2027 तक स्टोर की संख्या 3,500 से ज्यादा करने और मार्च 2028 तक 5,000 स्टोर तक पहुंचने की है।

ब्लिंकिट के मार्जिन में सुधार, लेकिन खर्च पर रहेगी नजर

कंपनी के मुताबिक, ब्लिंकिट (Blinkit) के पुराने और परिपक्व बाजारों में Adjusted EBITDA मार्जिन पहले ही 5% से ऊपर पहुंच चुका है। मैनेजमेंट को उम्मीद है कि नए स्टोर खोलने और कारोबार का विस्तार जारी रहने के बावजूद मार्जिन में धीरे-धीरे सुधार होगा। हालांकि, नए स्टोर खोलने, कर्मचारियों, डिलीवरी नेटवर्क और मार्केटिंग पर होने वाला खर्च निकट अवधि में मुनाफे पर दबाव डाल सकता है। निवेशकों के लिए यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि कंपनी की तेज ग्रोथ कितनी जल्दी स्थायी मुनाफे में बदलती है।

क्या एटर्नल के शेयर में खरीदारी का मौका है?

22 अक्टूबर को एटर्नल (Eternal) का शेयर करीब ₹308.65 पर कारोबार कर रहा था और दिन के निचले स्तर से रिकवरी की कोशिश कर रहा था। शेयर में इस साल अब तक करीब 10% की बढ़त दर्ज हुई थी। प्रमुख ब्रोकरेज के टारगेट प्राइस पर नजर डालें तो मोतीलाल ओसवाल (Motilal Oswal) और जेपीमॉर्नग (JPMorgan )ने ₹420, CLSA ने ₹506 और Bernstein ने ₹350 का लक्ष्य दिया है। इन अनुमानों में अंतर बताता है कि कंपनी की ग्रोथ, खर्च और भविष्य के मुनाफे को लेकर विश्लेषकों की धारणाएं अलग-अलग हैं।

निवेशकों के लिए अहम बात

Eternal के फूड डिलीवरी और Blinkit कारोबार की ग्रोथ मजबूत बनी हुई है, लेकिन शेयर में आगे की तेजी इस बात पर निर्भर करेगी कि कंपनी विस्तार के साथ मार्जिन और मुनाफे में कितना सुधार कर पाती है। केवल ब्रोकरेज टारगेट देखकर निवेश का फैसला करने के बजाय कंपनी का वैल्यूएशन, जोखिम और अपनी निवेश अवधि भी ध्यान में रखें।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN