Source :- LIVE HINDUSTAN
Caviar ने World Treasures iPhone Duo कलेक्शन लॉन्च की है जिसमें 18K सोने, प्लेटिनम और हीरों से सजे 4 लग्जरी मॉडल शामिल हैं। इस एडिशन के सबसे फोन की कीमत करीब 68.9 लाख रुपए और महंगे मॉडल की कीमत करीब 85.2 लाख रुपए है।
सोना, प्लेटिनम और 36 हीरे, Caviar ने लॉन्च किए लग्जरी iPhone Duo
लग्जरी डिवाइस बनाने वाली कंपनी Caviar ने अपना नया World Treasures iPhone Duo कलेक्शन पेश किया है। इस कलेक्शन में ऐसे कस्टमाइज्ड फोन शामिल हैं, जिनकी कीमत एक महंगे फ्लैट के बराबर हो सकती है। इन फोन की बॉडी पर सोने, प्लेटिनम, हीरों का इस्तेमाल किया गया है। बता दें कि Caviar प्रीमियम स्मार्टफोन को महंगे मटेरियल और खास डिजाइन के साथ कस्टमाइज करने के लिए जानी जाती है। इसके World Treasures कलेक्शन के हर फोन का डिजाइन खास संस्कृति, कला या ऐतिहासिक परंपरा से जुड़ा हुआ है। इस कलेक्शन का सबसे दिलचस्प मॉडल Omkara Edition है, जिसका डिजाइन भारतीय मंदिरों की कला, कमल के फूल और ॐ के साथ आता है। Caviar के इस स्पेशल कलेक्शन में Dali, Jingtai Blue और Qasr Al Noor जैसे मॉडल भी शामिल हैं। इन महंगे फोन की कीमत लगभग 68.9 लाख रुपये से लेकर 85.2 लाख रुपये तक जाती है।
Omkara Edition: भारतीय मंदिरों की कला से प्रेरित डिजाइन
इस कलेक्शन का Omkara Edition भारतीय खरीदारों के लिए खास आकर्षण बन सकता है। इसका डिजाइन मंदिरों की सजावट से प्रेरित है। फोन के पिछले हिस्से पर ॐ, कमल के फूल और मंदिरों के गर्भगृह के प्रवेश द्वार जैसी छवि है। कीमत की बात करें तो Omkara Edition की शुरुआती कीमत 73,000 डॉलर है, जो भारतीय कीमत में लगभग 68.9 लाख रुपये बैठती है।

Dali Edition: 18K सोना और 36 हीरों वाला मॉडल
World Treasures कलेक्शन में Dali Edition सबसे महंगे ऑप्शन में से एक है। इसका नाम मशहूर कलाकार साल्वाडोर डाली से प्रेरित है। इस फोन के डिजाइन में बहती हुई लहरों जैसी शेप का इस्तेमाल किया गया है। इसके बाहरी हिस्से पर 18 कैरेट सोने से उभरी हुई डिजाइन बनाई गई है। पीछे मौजूद Apple लोगो को 36 हीरों से सजाया गया है। Dali Edition की कीमत 90,290 डॉलर है। भारतीय कीमत में यह करीब 85.2 लाख रुपये है।

Jingtai Blue: चीन की कला से प्रेरित फोन
इस कलेक्शन का तीसरा मॉडल Jingtai Blue है। इसका डिजाइन चीन की पारंपरिक क्लॉइज़ोने एनामेल तकनीक से प्रेरित है, जिसे Jingtai Lan के नाम से भी जाना जाता है। Jingtai Blue की कीमत 80,290 डॉलर यानी करीब 75.8 लाख रुपये है।

Qasr Al Noor: अरब महलों की सजावट वाला iPhone
Qasr Al Noor इस कलेक्शन का एक और खास मॉडल है। इसके नाम का अर्थ लगभग ‘रोशनी का महल’ है। इसका डिजाइन अरब देशों के महलों और उनकी बारीक नक्काशी से प्रेरित है। Qasr Al Noor की कीमत भी 73,000 डॉलर यानी करीब 68.9 लाख रुपये से शुरू होती है।

डिस्क्लेमर: 2BHK फ्लैट की कीमत से की गई तुलना केवल उदाहरण के तौर पर है, ताकि फोन की कीमत का अंदाजा लगाया जा सके। अलग-अलग शहरों, लोकेशन, के आधार पर प्रॉपर्टी की वास्तविक कीमत कम या ज्यादा हो सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



