Home rss world hindi ‘250% टैरिफ की धमकी दी, तब रुकी भारत-पाक जंग’, ट्रंप ने फिर...

‘250% टैरिफ की धमकी दी, तब रुकी भारत-पाक जंग’, ट्रंप ने फिर किया सीजफायर का दावा

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अपनी कूटनीतिक कोशिशों की तारीफ करते हुए ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर भी अपना दर्द बयां किया और कहा कि वे अब तक आठ बड़े अंतरराष्ट्रीय युद्ध रुकवा चुके हैं, लेकिन फिर भी उन्हें इसका श्रेय नहीं दिया गया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच छिड़े युद्ध को दोनों देशों पर भारी-भरकम टैरिफ लगाने की धमकी देकर रुकवाया था। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने दोनों परमाणु संपन्न पड़ोसियों को चेतावनी दी थी कि अगर युद्ध नहीं रुका, तो अमेरिका के साथ उनका व्यापार पूरी तरह से ठप कर दिया जाएगा।

अपनी कूटनीतिक कोशिशों की तारीफ करते हुए ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर भी अपना दर्द बयां किया और कहा कि वे अब तक आठ बड़े अंतरराष्ट्रीय युद्ध रुकवा चुके हैं, लेकिन फिर भी उन्हें इसका श्रेय नहीं दिया गया।

‘250% टैरिफ लगाऊंगा, धंधा बंद हो जाएगा’

अपने संबोधन के दौरान भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष का जिक्र करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “आप भारत और पाकिस्तान जैसे दो परमाणु संपन्न देशों को लड़ते हुए रोकते हैं। मैंने उनसे कहा, ‘दोस्तों, अगर तुम लोग यूं ही लड़ते रहे, तो अमेरिका के साथ कोई व्यापार नहीं कर पाओगे। मैं तुम दोनों देशों पर 250 फीसदी का भारी-भरकम टैरिफ लगा दूंगा, जिससे तुम्हारा सारा कारोबार ठप हो जाएगा।'”

ट्रंप ने आगे दावा किया कि उनकी इस सख्त चेतावनी के बाद दोनों देश काफी नाराज और गुस्से में आ गए थे, लेकिन आखिरकार उन्होंने गोलीबारी बंद कर दी और युद्ध खत्म हो गया।

11 फाइटर जेट गिराने का दावा और नोबेल पुरस्कार की शिकायत

ट्रंप ने दावा किया कि इस सैन्य संघर्ष के दौरान दोनों पक्षों के 11 विमान मार गिराए गए थे। हालांकि, उन्होंने इस बात का कोई ब्योरा या सबूत पेश नहीं किया कि ये विमान किसके थे या किस परिस्थिति में गिराए गए।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मध्यस्थता को सराहे न जाने का दुख जताते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “मैंने ये सारे युद्ध रुकवाए हैं और ऐसा करना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैंने आठ-आठ युद्धों का निपटारा करवाया, लेकिन क्या मुझे नोबेल शांति पुरस्कार मिला? बिल्कुल नहीं।”

भारत ठुकराता आया ट्रंप का दावा

भारत सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति के इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। भारत लंबे समय से यह साफ करता आया है कि पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर किसी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता।

भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में 7 मई 2025 को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। इसके तहत पाकिस्तान और पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया गया था।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारतीय सेना की घातक स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स (DGMO) ने खुद अपने भारतीय समकक्ष से संपर्क किया था। पाकिस्तान की ओर से सैन्य कार्रवाई रोकने के औपचारिक अनुरोध के बाद भारत ने 10 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर को अस्थायी रूप से रोक दिया था।

साथ ही भारत ने 11 लड़ाकू विमान गिराए जाने के ट्रंप के दावे को भी पूरी तरह से बेबुनियाद और काल्पनिक करार दिया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN