Source :- BBC INDIA
Soumyabrata Roy/NurPhoto via Getty Images
बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित ख़तरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने तैयारियां तेज़ कर दी हैं.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 26 अक्तूबर की सुबह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफ़ान बन सकता है, जो 28 अक्तूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंचने का अनुमान है.
संभावित ख़तरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने भी सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और समय रहते ज़रूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.
सरकार ने इस दौरान जानमाल के नुकसान को रोकने के लिए ‘ज़ीरो कैज़ुअल्टी’ का लक्ष्य निर्धारित किया है.
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा, “हमने चक्रवात अर्नब के संभावित प्रभाव और उससे निपटने के उपायों को लेकर समीक्षा बैठक की है. मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्तूबर की दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के बीच कहीं चक्रवात के तट से टकराने की आशंका है. इसके कारण दोनों राज्यों के विभिन्न ज़िलों में भारी बारिश हो सकती है.”
“सभी विभागों को उनकी ज़िम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और उन्हें पहले से पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. राज्य सरकार स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. हमारा प्राथमिक लक्ष्य हमेशा की तरह शून्य जनहानि सुनिश्चित करना है.”
मौसम विभाग ने ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अर्नब तूफ़ान के कारण भारी बारिश की आशंका जताई है.
इस बीच, तमिलनाडु में उत्तर-पूर्वी मानसून एक्टिव बना हुआ है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश स्थानों के साथ-साथ पुदुचेरी और कराईकल में भी हल्की बारिश दर्ज की गई.
SOURCE : BBC NEWS




