Home LIFESTYLE NEWS HINDI करवा चौथ पर दिखना है सबसे खूबसूरत? 1000 रुपये से कम में...

करवा चौथ पर दिखना है सबसे खूबसूरत? 1000 रुपये से कम में ऐसे तैयार करें अपना फेस्टिव लुक

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

करवा चौथ पर फेस्टिव लुक चाहिए लेकिन बजट ज्यादा नहीं है, तो सिर्फ 1000 रुपये के अंदर आप अपना ट्रेडिशनल लुक तैयार कर सकती हैं। चलिए आपको स्टेप बाय स्टेप चीजें बताते हैं।

करवा चौथ के त्योहार में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं और महिलाएं इसकी तैयारियों में पूरी तरह से जुटी हुई होंगी। कई महिलाएं करवा चौथ के लिए महंगी साड़ी-सूट खरीदती हैं और फिर उसके साथ जूलरी, सैंडल्स सब चीजों का खर्चा करती हैं। लेकिन कई लोगों के पास उतना बजट नहीं होता कि हर बार नया आउटफिट लिया जाए, अगर आपका बजट भी नए कपड़े लेने के लिए नहीं हो पा रहा है तो सिर्फ 1000 रुपये में अपना फेस्टिव लुक रेडी करें। त्योहार का मतलब ये नहीं है कि हर चीज नई ही पहनी जाए, कुछ चीजों को आप दोबारा पहन सकती हैं। बस उसे पहनने के तरीके में थोड़ा बदलाव कर सकती हैं। चलिए आपको बताते हैं अपना ट्रेंडी करवा चौथ लुक रेडी कैसे करें?

1. पुरानी साड़ी को दें नया अंदाज

करवा चौथ पर ट्रेडिशनल लुक पसंद है, तो अपनी अलमारी में रखी लाल, मैरून, गुलाबी या हरे रंग की साड़ी को स्टाइल कर सकती हैं। साड़ी के साथ वही सेम ब्लाउज पहनने के बजाय कॉन्ट्रास्ट कलर का ब्लाउज, गोल्डन झुमके और मैचिंग चूड़ियां पहनें। अगर साड़ी सिंपल है, तो उसके साथ गोटा-पट्टी वाला दुपट्टा या खूबसूरत बेल्ट लगाकर लुक को खास बनाएं। इस तरह नई साड़ी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

2. सिंपल कुर्ती से बनाएं खूबसूरत फेस्टिव लुक

अगर आप करवा चौथ पर साड़ी नहीं पहनना चाहतीं, तो अपनी पसंदीदा कुर्ती को प्लाजो, स्ट्रेट पैंट या स्कर्ट के साथ पेयर कर सकती हैं। लाल, गुलाबी, पीच और मरून जैसे रंग त्योहार के लिए बेस्ट रहेंगे। कुर्ती के साथ हैवी झुमके, चूड़ियां और छोटी बिंदी लगाएं। अगर आपके पास पहले से कुर्ती और बॉटम वियर हैं, तो कुछ एक्सेसरीज पर खर्च करके नया लुक तैयार करें।

3. दुपट्टे से बदलें पूरे आउटफिट का लुक

कई बार सिंपल सूट को भी सही दुपट्टे के साथ स्टाइल करके फेस्टिव लुक दिया जा सकता है। इसके लिए आप बनारसी पैटर्न, बांधनी प्रिंट, गोटा-पट्टी या कढ़ाई वाला दुपट्टा लें। दुपट्टे को एक कंधे पर पिन करके या प्लीट्स बनाकर कैरी करें। इसके साथ मैचिंग चूड़ियां और झुमके पहनने से आपका लुक और खूबसूरत लगेगा।

4. जूलरी से लुक में जोड़ें चार चांद

फेस्टिव लुक में जूलरी की अहम भूमिका होती है। जरूरी नहीं कि इसके लिए सोने या चांदी की महंगी जूलरी ही खरीदी जाए। आप ऑक्सीडाइज्ड झुमके, गोल्डन ईयररिंग्स, चूड़ियां, छोटी-सी मांगटीका या स्टेटमेंट नेकलेस चुन सकती हैं। ध्यान रखें कि अगर आप हैवी ईयररिंग्स पहन रही हैं, तो नेकलेस को हल्का रखें।

5. मेकअप रखें सिंपल और खूबसूरत

करवा चौथ के लिए मेकअप करते समय अपनी पसंद और आउटफिट के रंग का ध्यान रखें। चेहरे को साफ करके मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें। इसके बाद जरूरत के अनुसार बेस मेकअप, काजल, आईलाइनर, ब्लश और लिपस्टिक लगाएं। लाल या मरून आउटफिट के साथ मैचिंग या न्यूड लिपस्टिक चुन सकती हैं। माथे पर छोटी या अपने आउटफिट से मेल खाती बिंदी लगाने से ट्रेडिशनल लुक अच्छा लगेगा।

6. हेयरस्टाइल से लुक को बनाएं खास

फेस्टिव लुक के लिए हेयरस्टाइल पर भी ध्यान देना जरूरी है। आप चाहें तो बालों में सॉफ्ट कर्ल्स बनाएं या स्लीक बन तैयार करें। ट्रेडिशनल लुक के लिए बन में गजरा लगा सकती हैं। वहीं, खुले बालों के साथ छोटी-सी हेयर एक्सेसरी भी अच्छी लगेगी। इसके लिए पार्लर जाने के बजाय घर पर ही हेयरस्टाइल बनाने की कोशिश करें।

7. 1000 रुपये से कम में ऐसे बनाएं अपना बजट

अगर आप करवा चौथ के लिए नया फेस्टिव लुक तैयार करना चाहती हैं, तो खरीदारी से पहले बजट तय करें। अगर आपके पास पहले से साड़ी या सूट है, तो खर्च कुछ इस तरह रख सकती हैं-

झुमके या ईयररिंग्स- 150–250 रुपये

चूड़ियां- 100-200 रुपये

बिंदी और छोटी हेयर एक्सेसरी- 50-100 रुपये

लिपस्टिक या अन्य मेकअप की जरूरत- 150–250 रुपये

दुपट्टा या दूसरी छोटी एक्सेसरी- 200–300 रुपये

अगर साड़ी-सूट लेना पड़े तो कुछ मार्केट्स में 1000 रुपये से अंदर साड़ी और सूट मिल जाते हैं, वहां से लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN