Source :- KHABAR INDIA TV
27 अक्टूबर को वायदा बाजार में सोने और चांदी, दोनों के भाव में गिरावट दर्ज की गई। सोना 814 रुपये सस्ता हुआ, जबकि चांदी की कीमत में 3,743 रुपये की बड़ी गिरावट आई। कमजोर मांग और बाजार में बिकवाली का असर कीमतों पर देखने को मिला। ऐसे में अगर आप भी सोने के गहने या चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले आज के ताजा भाव जान लीजिए।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना मंगलवार को 814 रुपये यानी 0.57 फीसदी गिरकर 1,42,259 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। कारोबार के दौरान सोने के कुल 1,449 लॉट का लेनदेन हुआ। बाजार के जानकारों के मुताबिक, हाजिर बाजार में मांग कमजोर रहने के कारण सोने की कीमतों पर दबाव पड़ा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने का वायदा भाव 0.45 फीसदी गिरकर 3,998.69 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
चांदी की कीमत में ₹3700 की गिरावट
सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी 3,743 रुपये यानी 1.91 फीसदी टूटकर 1,92,050 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। कारोबार के दौरान चांदी के 3,482 लॉट का लेनदेन हुआ। मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, बाजार में निवेशकों की ओर से बिकवाली किए जाने के कारण चांदी के भाव में गिरावट आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी 2.14 फीसदी गिरकर 52.81 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
बड़े शहरों में सोने के नए रेट
वायदा बाजार में सोने की कीमतों के अलावा अलग-अलग शहरों में सोने के शुरुआती हाजिर भाव भी सामने आए हैं। PTI के मुताबिक, 27 अक्टूबर को प्रमुख शहरों में सोने के शुरुआती भाव इस प्रकार रहे:
| शहर | 24 कैरेट सोना (प्रति ग्राम) | 22 कैरेट सोना (प्रति ग्राम) |
| दिल्ली | ₹14,344 | ₹13,150 |
| मुंबई | ₹14,329 | ₹13,135 |
| चेन्नई | ₹14,329 | ₹13,135 |
| कोलकाता | ₹14,329 | ₹13,135 |
खरीदारी से पहले इन बातों का रखें ध्यान
ध्यान दें कि MCX के भाव वायदा कारोबार से जुड़े हैं, जबकि शहरों में दिए गए रेट शुरुआती हाजिर भाव हैं। आभूषण खरीदते समय दुकानदार के भाव, सोने की शुद्धता, जीएसटी और मेकिंग चार्ज के कारण अंतिम कीमत अलग हो सकती है। इसलिए खरीदारी से पहले स्थानीय ज्वेलर से ताजा रेट जरूर पता कर लें।
यह भी पढ़ें- दो महीने में ₹54,000 सस्ती हुई चांदी, सोना भी ₹22,000 लुढ़का; जानें आज 24 कैरेट गोल्ड का भाव
SOURCE : KHABAR INDIA TV




