Home rss business hindi Stock Market Today: जियो की लिस्टिंग से पहले शेयर मार्केट धड़ाम, चंद...

Stock Market Today: जियो की लिस्टिंग से पहले शेयर मार्केट धड़ाम, चंद मिनट में 2 लाख करोड़ स्वाहा

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Stock Market Today: चंद मिनट में ही बीएसई का सेंसेक्स 700 अंक से अधिक लुढ़क कर 72824 पर आ गया
  • जबकि, निफ्टी 195 अंकों के नुकसान के साथ 22552 पर था
  • निवेशकों को 2 लाख करोड़ का झटका लगा

Stock Market Today Live 9:32 AM: जियो प्लैटफॉर्म्स की लिस्टिंग से पहले ही घरेलू शेयर बाजार धड़ाम हो गया। चंद मिनट में ही बीएसई का सेंसेक्स 700 अंक से अधिक लुढ़क कर 72824 पर आ गया। जबकि, निफ्टी 195 अंकों के नुकसान के साथ 22552 पर था। निवेशकों को 2 लाख करोड़ का झटका लगा। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 459 लाख करोड़ रुपये से घटकर 457 लाख करोड़ रह गया।

Stock Market Today Live 9:17 AM: जियो की लिस्टिंग से पहले शेयर बाजार धड़ाम हो गया है। सेंसेक्स 651 अंक नीचे 72947 पर आ गया जबकि, निफ्टी 166 अंक नीचे 22583 पर है। इससे पहले बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 345 अंकों के नुकसान के साथ 73253 पर खुला। जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाले बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने बुधवार के कारोबार की शुरुआत 71 अंक नीचे 22678 से की।

Stock Market Today: आज बाजार की नजर जियो प्लैटफॉर्म्स की लिस्टिंग पर भी रहेगी। हालांकि, भारतीय शेयर बाजार में आज कमजोर शुरुआत होने के संकेत मिल रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी में गिरावट से सेंसेक्स और निफ्टी पर शुरुआती दबाव रहने की आशंका है। हालांकि, एशियाई बाजारों में तेजी और अमेरिकी शेयर बाजार में लगातार दूसरे सत्र की बढ़त से निवेशकों को कुछ राहत मिल सकती है।

आज बाजार की चाल तय करेंगे ये बड़े फैक्टर

भारतीय बाजार के लिए आज का ट्रेडिंग सेशन कई मायनों में अहम है। एक तरफ कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले को लेकर अनिश्चितता बाजार पर दबाव बना सकती है। दूसरी तरफ, विदेशी बाजारों में तेजी और चुनिंदा शेयरों में खरीदारी से गिरावट सीमित रह सकती है।

मंगलवार को सपाट बंद हुआ शेयर बाजार

भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को उतार-चढ़ाव के बीच कारोबार खत्म हुआ। आईटी और बैंकिंग शेयरों में मुनाफावसूली, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले सतर्कता के कारण प्रमुख इंडेक्स में खास बदलाव नहीं हुआ।

बीएसई सेंसेक्स 8 अंक गिरकर 73,598 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 बढ़त के साथ, 12 गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि एक शेयर में कोई बदलाव नहीं हुआ। दूसरी ओर, एनएसई का निफ्टी 3 अंक नीचे 22,749पर बंद हुआ।

गिफ्ट निफ्टी दे रहा कमजोर शुरुआत के संकेत

बुधवार को गिफ्ट निफ्टी में गिरावट भारतीय शेयर बाजार की कमजोर शुरुआत का संकेत दे रही है। शुरुआती अपडेट के मुताबिक, गिफ्ट निफ्टी 22,749 के आसपास कारोबार कर रहा था। यह करीब 62 अंक यानी 0.27 प्रतिशत नीचे था।

हालांकि, बाजार की दिशा कारोबार के दौरान बदल सकती है। निवेशकों को कच्चे तेल की कीमतों, विदेशी बाजारों के रुख और चुनिंदा बड़े शेयरों में होने वाली खरीदारी पर नजर रखनी चाहिए।

अमेरिकी बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी

अमेरिकी शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी दर्ज की गई। सेमीकंडक्टर और चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से खासतौर पर टेक्नोलॉजी शेयरों को मजबूती मिली।

डॉऊ जोन्स बोइंग के शेयरों में करीब 11 प्रतिशत की गिरावट के कारण इंडेक्स लगभग सपाट रहा।एसएंडपी 500: 0.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। जबकि, नैस्डैक कंपोजिट 1.2 प्रतिशत चढ़ा।अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले से पहले निवेशक आर्थिक संकेतों और केंद्रीय बैंक की आगे की नीति पर नजर बनाए हुए हैं।

एशियाई बाजारों में तेजी

बुधवार को एशियाई शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली। दक्षिण कोरिया, जापान और ताइवान के प्रमुख इंडेक्स में बढ़त दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया का Kospiएक समय 5 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गया। इसके बाद कोरिया एक्सचेंज ने खरीदारी से जुड़ा साइडकार मैकेनिज्म सक्रिय किया।

लेटेस्ट डेटा के मुताबिक, कोस्पी 4.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,917.21 पर पहुंचा था। वहीं, जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 64,012 पर कारोबार करता दिखा। जबकि, टॉपिक्स में 0.32 प्रतिशत की बढ़त रही।

सेंसेक्स के लिए 73,000-74,000 का दायरा अहम

चॉइस इक्विटी ब्रोकिं के टेक्निकल रिसर्च वाइस प्रेसिडेंट सचिन गुप्ता के मुताबिक सेंसेक्स का सपोर्ट लेवल 73,000-73,200 और रेजिस्टेंस लेवल 73,750-74,000 है। वहीं, कारोबारी दायरा 73,000-74,000 के बीच रह सकता है।

बता दें सपोर्ट वह स्तर होता है, जहां गिरावट के दौरान खरीदारी आने की संभावना रहती है। वहीं, रेजिस्टेंस वह स्तर है, जहां शेयर बाजार को आगे बढ़ने में मुश्किल हो सकती है।

अगर सेंसेक्स 74,000 के ऊपर मजबूती से निकलता है, तो तेजी को आगे बढ़ने का मौका मिल सकता है। वहीं, 73,000 के नीचे फिसलने पर बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है।

निफ्टी के लिए 22,800 का स्तर महत्वपूर्ण

एलकेपी सिक्योरिटिज के टेक्निकल एनालिस्ट वत्सल भुवा के निफ्टी का सपोर्ट 22,600 और रेजिस्टेंस 22,800 है। अगर निफ्टी 22,800 के ऊपर टिकने में सफल रहता है, तो यह 23,000 की ओर बढ़ सकता है। वहीं, 22,600 के नीचे फिसलने पर बाजार में कमजोरी बढ़ने की आशंका रहेगी।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN