Source :- Khabar Indiatv
बेंगलुरूः कर्नाटक में बैलेट पेपर से हुए MLC चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस शासित इस राज्य में एनडीए गठबंधन ने बड़ी जीत दर्ज की है। चार सीटों पर हुए चुनाव में पहले इन चार सीटों में से बीजेपी के पास तीन सीटें थीं जबकि एक सीट कांग्रेस के पास थी। इस बार कांग्रेस ने JDS यानी जनता दल सेक्युलर के हाथों अपनी सीट गंवा दी है। बैलेट पेपर पर हुए चुनाव में जेडीएस नेता एपी रंगनाथ ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के सिटिंग एमएलसी पुटन्ना को हरा दिया। एपी रंगनाथ को 10 हजार 810 वोट मिले। जबकि, कांग्रेस प्रत्याशी पुटन्ना को 9 हजार 902 वोट ही मिल सके।
इसके अलावा अन्य तीन सीटें जहां पहले से ही बीजेपी के निर्वाचित MLC हैं, उन तीनों में उत्तर पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के शशिल जी नमोशी ने जीत हासिल की है। दक्षिण पूर्व स्नातक सीट पर भी बीजेपी उम्मीदवार केएम सुरेश कांग्रेस के शशि हुलिकुंते मठ से आगे चल रहे हैं।
वेस्ट ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी जीती
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एस.वी. संकानूर ने कर्नाटक विधान परिषद चुनाव में ‘वेस्ट ग्रेजुएट्स’ निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मोहन लिम्बिकाई को 9,323 मतों के अंतर से हराया। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, वरीयता मतों की गिनती पूरी होने पर संकानूर ने निर्णायक बढ़त बना ली, जिससे इस महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र पर भाजपा की पकड़ और मजबूत हो गई। ‘वेस्ट ग्रेजुएट्स’ निर्वाचन क्षेत्र में धारवाड़, हावेरी, गदग और उत्तर कन्नड़ ये चार जिले आते हैं।
बीजेपी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को दिया जीत का श्रेय
कर्नाटक विधान परिषद के ‘पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र’ (West Graduates’ Constituency) का चुनाव जीतने पर भाजपा उम्मीदवार एस.वी. संकानूर ने कहा कि जीत का श्रेय मतदाताओं को जाना चाहिए। अगर आप पिछले तीन चुनावों पर नज़र डालें, तो इस बार हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं ने बहुत कड़ी मेहनत की है। आज का परिणाम उनकी इसी कड़ी मेहनत का फल है। इसका श्रेय हमारी पार्टी और पार्टी के नेताओं को भी जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने कलबुर्गी और बेंगलुरु दक्षिण में भी जीत हासिल की है। एक और निर्वाचन क्षेत्र स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना अभी भी चल रही है।
जेडीएस ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर कसा तंज
इस हार पर JDS ने बैलेट पेपर पर हुई कांग्रेस की हार पर तंज भी कस दिया है। जेडीएस ने कहा कि कांग्रेस लगातार बैलेट पेपर पर चुनाव की मांग करती रही है और EVM यानी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर सवाल उठाती रही है। अब ताजा नतीजों के बाद जेडीएस नेता निखिल कुमारस्वामी ने X पर लिखा, ‘राहुल गांधी, ईवीएम पर आरोप नहीं लगा पाएंगे इस बार। राज्य की मशीनरी आपके हाथों में है और चुनाव पेपर बैलेट्स से हुए थे।’ उन्होंने लिखा, ‘इसके बाद भी एनडीए के एपी रंगनाथ बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एमएलसी चुनाव जीत गए। अब जब पढ़े लिखे शिक्षकों ने आपकी सरकार की नाक के नीचे पेपर पर वोट किया है, तो आज क्या बहाना देंगे। पेपर चोरी का? एपी रंगनाथ और भाजपा और जेडीएस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं।’
फिलहाल, एक सीट पर नतीजे घोषित होने बाकी हैं और मतगणना जारी है और अब तक तीन सीटों भारतीय जनता पार्टी और जेडीएस गठबंधन जीत चुका है और अन्य एक पर भी BJP के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
(एएनआई इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ेंः कर्नाटक में वोटर लिस्ट से कटे 99 लाख नाम, कांग्रेस ने उठाए सवाल; चुनाव आयोग ने बताई एक-एक बात
SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS



