Home rss business hindi दूसरे दिन 35 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ यह IPO, ग्रे मार्केट...

दूसरे दिन 35 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ यह IPO, ग्रे मार्केट में ₹47 प्रीमियम पर शेयर, चेक प्राइस बैंड

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • कंपनी का आईपीओ 27 अक्टूबर 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और इसमें निवेश करने का मौका 29 अक्टूबर तक है
  • शेयरों का अलॉटमेंट 30 अक्टूबर को फाइनल होने की उम्मीद है
  • वहीं, कंपनी के शेयरों की स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टिंग 3 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है

BLS Polymers IPO: बीएलएस पॉलिमर्स के आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। 255 करोड़ रुपये का यह आईपीओ बोली के दूसरे दिन यानी 28 अक्टूबर को शाम 5 बजे तक 35.25 गुना सब्सक्राइब हो चुका था। NSE के आंकड़ों के मुताबिक, निवेशकों ने इस इश्यू में उपलब्ध शेयरों के मुकाबले कई गुना ज्यादा बोली लगाई है। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स यानी NII कैटेगरी में सबसे ज्यादा दिलचस्पी देखने को मिली, जबकि रिटेल निवेशकों ने भी आईपीओ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं, बीएलएस पॉलिमर्स के शेयर ग्रे मार्केट में आज 47 रुपये प्रीमियम पर कारोबार कर रहे थे। आइए जानते हैं डिटेल…

दूसरे दिन 35.25 गुना सब्सक्राइब हुआ IPO

बीएलएस पॉलिमर्स के आईपीओ को दूसरे दिन तक कुल 35.25 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी ने कुल 1.19 करोड़ शेयर ऑफर किए थे, जबकि निवेशकों की तरफ से करीब 41.94 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां लगाई गईं। इसका मतलब है कि इस इश्यू को उपलब्ध शेयरों के मुकाबले काफी ज्यादा मांग मिली है। कैटेगरी के हिसाब से देखें तो नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का हिस्सा 78.75 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, रिटेल निवेशकों की कैटेगरी में 29.77 गुना सब्सक्रिप्शन दर्ज किया गया।

बीएलएस पॉलिमर्स आईपीओ के बारे में

बीएलएस पॉलिमर्स ने अपने आईपीओ के लिए 142 रुपये से 150 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। यानी निवेशक एक शेयर के लिए इसी दायरे में बोली लगा सकते हैं। 150 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर कंपनी की वैल्यू करीब 930.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। कंपनी का यह आईपीओ कुल 255 करोड़ रुपये का है। बता दें कि बीएलएस पॉलिमर्स का आईपीओ 27 अक्टूबर 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और इसमें निवेश करने का मौका 29 अक्टूबर तक है। शेयरों का अलॉटमेंट 30 अक्टूबर को फाइनल होने की उम्मीद है। वहीं, कंपनी के शेयरों की स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टिंग 3 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है।

IPO से जुटाए पैसे का इस्तेमाल कहां होगा

बीएलएस पॉलिमर्स आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने और कारोबार की जरूरतों को पूरा करने में करेगी। कंपनी ने गोवा में अपनी मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के विस्तार के लिए 77.56 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई है। इस विस्तार से कुछ खास प्रोडक्ट्स की प्रोडक्शन कैपासिटी बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा, कंपनी ने वर्किंग कैपिटल यानी रोजमर्रा के कारोबार को चलाने के लिए जरूरी पूंजी के लिए 89.5 करोड़ रुपये रखे हैं। बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा।

क्या काम करती है कंपनी

दिल्ली स्थित बीएलएस पॉलिमर्स अलग-अलग इंडस्ट्रियल जरूरतों के हिसाब से खास तरह के पॉलिमर कंपाउंड बनाती है। इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से बिजली, टेलीकॉम और रेलवे जैसे सेक्टर में होने वाले तारों और केबलों में किया जाता है। कंपनी के प्रोडक्ट तारों और केबलों की बाहरी परत, सुरक्षा कवच और इंसुलेशन बनाने में काम आते हैं। इसके अलावा, इन पॉलिमर कंपाउंड का इस्तेमाल जमीन के नीचे बिछाई जाने वाली तेल, गैस और पानी की पाइपलाइनों पर कोटिंग करने में भी किया जाता है। फिलहाल कंपनी गोवा स्थित अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में प्रोडक्शन करती है। इस यूनिट में 11 स्पेशल प्रोडक्शन मशीनें लगी हुई हैं। कंपनी की योजना इसी मौजूदा सुविधा का विस्तार करके चुनिंदा प्रोडक्ट का प्रोडक्शन बढ़ाने की है।

(डिस्क्लेमर: ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयरों का प्रीमियम लगातार बदलता रहता है, इसलिए किसी भी आईपीओ पर दांव लगाने से पहले कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन और उसके कारोबार की पूरी जानकारी जरूर कर लें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN