Home rss business hindi PNB में ग्राहकों के 35 करोड़ रुपये पर संकट? FD से म्यूचुअल...

PNB में ग्राहकों के 35 करोड़ रुपये पर संकट? FD से म्यूचुअल फंड निवेश तक गायब

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • ग्रेटर नोएडा स्थित PNB की शाखा में कई ग्राहकों ने बचत खातों, FD और म्यूचुअल फंड निवेश से करीब 35 करोड़ रुपये बिना अनुमति दूसरे खातों में ट्रांसफर किए जाने का आरोप लगाया है

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के कई ग्राहकों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और म्यूचुअल फंड निवेश की रकम गायब हो गई है। दरअसल, गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित PNB की ऐच्छर गांव शाखा में कई ग्राहकों ने बचत खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और म्यूचुअल फंड निवेश से करीब 35 करोड़ रुपये बिना अनुमति दूसरे खातों में ट्रांसफर किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक खबर में पुलिस सूत्रों ने बताया कि खाताधारकों का पैसा अन्य खातों में ट्रांसफर किए जाने के मामले में शाखा प्रबंधक समेत बैंक के कई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में बीटा-2 थाने में प्राथमिकी दर्ज करके कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

क्या है आरोप?

बैंक ग्राहकों का दावा है कि उन्होंने रकम के ट्रांसफर की अनुमति नहीं दी थी और न ही उन्हें इन लेनदेन के संबंध में कोई सूचना दी गई। खाताधारकों के अनुसार, कथित धोखाधड़ी से बचत खातों के अलावा एफडी और म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले ग्राहक भी प्रभावित हुए हैं। प्रभावित ग्राहकों में शामिल विजेंद्र सिंह ने पत्रकारों को बताया कि उनके बचत खाते में पहले करीब 87 से 88 लाख रुपये थे, लेकिन अब खाते में केवल एक लाख रुपये शेष हैं। उन्होंने बताया कि वह किसान हैं और उन्हें प्राधिकरण से मुआवजे के रूप में यह रकम प्राप्त हुई थी।

एक अन्य खाताधारक हनीफ खान ने बताया कि उनका खाता पीएनबी के ग्रेटर नोएडा के एच्क्षर गांव (पीआई-1 क्षेत्र) स्थित शाखा में है। खान ने कहा, ”मेरे बचत खाते में 39 लाख रुपये थे, लेकिन अब खाते में कुछ भी शेष नहीं है। मुझे न तो कोई संदेश मिला और न ही मैंने रकम ट्रांसफर करने की अनुमति देने वाले किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए।” एक अन्य खाताधारक जाकिर ने भी अपने खाते से साढ़े नौ लाख रुपये गायब होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि बैंक ने उन्हें लेनदेन के संबंध में कोई संदेश नहीं भेजा है।

क्या कहना है पुलिस का?

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में श्री चंद नामक एक व्यक्ति ने ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना में शिकायत दर्ज कराई है। अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बैंक अधिकारी और कर्मचारियों ने मिली भगत करके खाताधारकों की जानकारी के बिना एफडी और खाते में जमा राशि दूसरे के खाते में ट्रांसफर कर दी। उन्होंने बताया कि शिकायत के मुताबिक एक खाताधारक की मां संतोष के खाते में 1.18 करोड रुपये थे, लेकिन अब उनके खाते में शून्य राशि है।

ट्रांसपोर्टर विनीत भाटी ने बताया कि उनके खाते से 25 लाख रुपये किसी और के खाते में अंतरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जब बैंक के अधिकारियों से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि किसी अन्य के खाते में रकम अंतरित कर दी गई है और यह वापस कर दी जाएगी, लेकिन रकम वापस नहीं प्राप्त हुई। बिरौडी गांव निवासी गौतम ने दावा किया कि उनके पिता के खाते में 94 लाख थे, लेकिन वह पैसा निकालने गए तो पता चला कि रकम उनके खाते में नहीं है। कई खाताधारकों के मुताबिक मुआवजे के रूप में मिली रकम उन्होंने पीएनबी बैंक में जमा कराई थी। इस बीच, बड़ी संख्या में लोग बुधवार सुबह बैंक शाखा के सामने एकत्र हुए और मामले में संलिप्त बैंक कर्मियों की गिरफ्तारी की मांग की।

बैंक ब्रांच के मैनेजर ने क्या कहा?

वहीं, बैंक के ‘लीड मैनेजर’ विनोद कुमार ने बताया कि बैंक की भ्रष्टाचार रोधी टीम से प्रकरण की जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिन बैंक प्रबंधक और कर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी, उन्हें निलंबित कर दिया गया है। कुमार ने दावा किया कि बैंक की ओर से तीन से चार दिन में रकम वापस दिलाई जाएगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN