Source :- KHABAR INDIATV
भारतीय महिला क्रिकेट टीम घर पर नई कप्तान स्मृति मंधाना के नेतृत्व में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने के बाद अब वनडे सीरीज में भी मेहमान टीम का सूपड़ा साफ करने में कामयाब रही। दोनों टीमों के बीच में वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला वडोदरा के स्टेडियम में खेला गया जिसमें टीम इंडिया की तरफ से बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन देखने को मिला और टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे महिला टीम 39.5 ओवर्स में 131 रन बनाकर सिमट गई जिसमें टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में वैष्णवी शर्मा का कमाल देखने को मिला जिन्होंने पंजा खोला। वहीं टीम इंडिया ने प्रतिका रावल और शैफाली वर्मा की शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारियों के दम पर 17 ओवर्स में ही सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
वैष्णवी शर्मा की स्पिन गेंदबाजी का दिखा कमाल
जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में बाएं हाथ की भारतीय महिला स्पिन गेंदबाज वैष्णवी शर्मा का गेंद से कमाल देखने को मिला जिन्होंने इस मैच में अपनी 10 ओवर्स की गेंदबाजी में 39 रन देने के साथ 5 विकेट अपने नाम किए, इसके अलावा क्रांति गौड़ और सयाली सतघरे भी 2-2 विकेट लेने में कामयाब रहीं, जिससे जिम्बाब्वे की टीम सिर्फ 131 रनों के स्कोर पर सिमट गई। जिम्बाब्वे की तरफ से बल्लेबाजी में मोडेस्टर मुपाचिकवा ने 37 जबकि उनकी कप्तान जोसेफिन नकोमो ने 35 रनों की पारी खेली। जिम्बाब्वे महिला टीम की इस पारी में उनके 7 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी पार करने में कामयाब नहीं हो सकी। टीम इंडिया ने इस वनडे सीरीज के पहले मुकाबले को 9 विकेट से अपने नाम किया था तो वहीं दूसरा मैच 121 रनों के बड़े अंतर से जीता था।
टीम इंडिया ने चैंपियनशिप में मजबूत की अपनी स्थिति
आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप 2025-29 के साइकल में यह टीम इंडिया की पहली वनडे सीरीज थी, जिसमें वह तीनों मुकाबलों को जीतने के साथ कुल 6 अंक बटोरने में कामयाब रही हैं। अभी भारतीय महिला टीम 6 अंकों के साथ 7वीं पोजीशन पर हैं और अब उनकी अगली वनडे सीरीज दिसंबर 2026 में होने वाली साउथ अफ्रीका के दौरे पर होगी। इस सीरीज की शुरुआत 16 दिसंबर से होगी जिसमें कुल तीन मुकाबले खेले जाने हैं। भारतीय महिला टीम को आगामी साउथ अफ्रीका के दौरे पर तीन वनडे मैचों की सीरीज के अलावा एक टेस्ट मैच की सीरीज और तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की भी सीरीज खेलनी है, जो नई कप्तान स्मृति मंधाना के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं रहने वाली है।
ये भी पढ़ें
प्रसिद्ध कृष्णा न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज से बाहर, धाकड़ गेंदबाज की खुल सकती है किस्मत
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




