Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Jio Share Price Today: एनएसई पर सुबह 10 बजे 1.93 करोड़ से अधिक शेयर खरीदारी के लिए दांव पर लगे थे
- जबकि, बेचने के लिए केवल 27.34 लाख शेयर ही ऑर्डरबुक में थे
- उस समय जियो का शेयर 3.32 प्रतिशत ऊपर 1464.50 रुपये पर था
Jio Share Price Today: देश के सबसे बड़े आईपीओ के जरिए बाजार में उतरी जियो ने पहले ही दिन निवेशकों को मोटा मुनाफा देकर नया रिकॉर्ड बना दिया। लिस्टिंग के दूसरे दिन भी जियो का जलवा जारी है और इसके शेयर शुरुआती कारोबार में ही 4 प्रतिशत से अधिक उछलकर 1489.70 के हाई पर पहुंच गए। एनएसई पर सुबह 10 बजे 1.93 करोड़ से अधिक शेयर खरीदारी के लिए दांव पर लगे थे। जबकि, बेचने के लिए केवल 27.34 लाख शेयर ही ऑर्डरबुक में थे। उस समय जियो का शेयर 3.32 प्रतिशत ऊपर 1464.50 रुपये पर था।
और तेजी की उम्मीद
विदेशी ब्रोकरेज फर्म नोमुरा का मानना है कि जियो अब सिर्फ नए उपभोक्ता जोड़ने के बजाय मौजूदा ग्राहकों से ज्यादा कमाई करने के चरण में प्रवेश कर रही है। इसका फायदा आगे कंपनी को मिल सकता है। वहीं, अन्य प्रमुख ब्रोकरेज कंपनियों ने जियो के शेयरों में 1,690 रुपये तक की तेजी की उम्मीद जताई है। यानी अब जियो के शेयर का टार्गेट प्राइस 1690 रुपये तक पहुंच गया है।
बाजार के लिए मायने
एक्सपर्ट्स का कहना है कि जियो के आईपीओ को इतनी अच्छी प्रतिक्रिया मिलना बाजार के लिए अच्छा है। इससे नई शुरुआत हो सकती है, जिसमें बड़ी कंपनियां आएंगी और बड़े निवेशकों को आकर्षित करेंगी। इससे निवेशकों का भरोसा मजबूत होगा, साथ ही आने वाले समय में बाजार की क्षमता को लेकर सकारात्मक संकेत मिल सकते हैं।
पहले दिन सबसे अधिक 26 प्रतिशत से अधिक का मुनाफा
बाजार में उतरे देश के अब तक के पांच बड़े आईपीओ में से पहले दिन सबसे अधिक 26 प्रतिशत से अधिक का मुनाफा जियो के शेयरों ने निवेशकों को दिया है। इससे पहले जो पांच बड़े आईपीओ बाजार में उतरे थे, उनका प्रदर्शन पहले दिन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था।
इनमें हुंडई मोटर इंडिया, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज, एलआईसी और पेटीएम जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं। पेटीएम का शेयर तो लिस्ट होने के बाद 27 प्रतिशत तक लुढ़क गया था। इससे निवेशकों को काफी निराशा हुई थी।
इसके उलट बुधवार को जियो का शेयर 1,119 रुपये से उछल 1,419 रुपये पर पहुंच गया, जो आईपीओ मूल्य से 26.81 प्रतिशत अधिक है। इस तरह निवेशकों को प्रति शेयर 300 रुपये का फायदा हुआ। शेयर में आई इस जोरदार तेजी से कंपनी का मार्केट कैप करीब 2.76 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 13.07 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके साथ ही जियो प्लेटफॉर्म्स मार्केट कैप के लिहाज से देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई।
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




