Home - Vijay Sales से शॉपिंग की है तो सावधान! 30 लाख ऑर्डर का...

Vijay Sales से शॉपिंग की है तो सावधान! 30 लाख ऑर्डर का डेटा लीक होने का दावा

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

विजय सेल्स के सिस्टम में बड़े साइबर हमले का दावा सामने आया है। हैकर्स कथित तौर पर 30 लाख से ज्यादा ऑर्डर, 15 हजार कर्मचारियों और 1.4 लाख वेंडरों का डेटा एक्सेस करने की बात कह रहे हैं।

देश की जानी-मानी इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेल कंपनी विजय सेल्स के डेटा को लेकर सुरक्षा से जुड़ा मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस कथित सेंधमारी में कंपनी के ग्राहकों, कर्मचारियों और वेंडरों से जुड़ा डेटा प्रभावित हो सकता है। इतना ही नहीं, हैकर इस एक्सेस को डार्क वेब पर 25,000 डॉलर में बेचने की पेशकश कर रहा है। भारतीय रुपये में यह रकम करीब 21 लाख रुपये बैठती है। इस मामले ने इसलिए चिंता बढ़ाई है, क्योंकि हैकर के दावे के मुताबिक उसके पास 30 लाख से ज्यादा ऑर्डर रिकॉर्ड, करीब 15 हजार कर्मचारियों की जानकारी और 1.4 लाख वेंडरों के बिलिंग रिकॉर्ड तक पहुंच है। इसमें ग्राहकों की जानकारी, पेमेंट रिकॉर्ड, बैंक ट्रांसफर से जुड़ा डेटा और कंपनी की फाइनेंशियल रिपोर्ट भी शामिल हैं।

हालांकि, इस पूरे मामले में एक अहम बात समझना जरूरी है। अभी तक इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है। यानी यह साफ नहीं है कि वास्तव में कितना डेटा एफेक्ट हुआ है या किसी ग्राहक की जानकारी का गलत इस्तेमाल हुआ है या नहीं। ऐसे में ग्राहकों को घबराने के बजाय सतर्क रहने और अनजान कॉल, मैसेज और लिंक से बचने की जरूरत है।

डार्क वेब पर विजय सेल्स का एक्सेस बेचने का दावा

Digit की रिपोर्ट के मुताबिक, Dark Web Informer नाम के अकाउंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस कथित साइबर हमले से जुड़ी जानकारी शेयर की है। रिपोर्ट में बताया गया है कि ‘shinymontanna’ नाम का एक थ्रेट एक्टर विजय सेल्स के इंटरनल सिस्टम का सुपर एडमिन एक्सेस बेचने की पेशकश कर रहा है।

30 लाख से ज्यादा ऑर्डर रिकॉर्ड होने का दावा

इस डेटा लीक की सबसे जरूरी बात इसमें शामिल बताए जा रहे रिकॉर्ड की संख्या है। हैकर की लिस्टिंग के मुताबिक, उसके पास विजय सेल्स के 30 लाख से ज्यादा ऑर्डर रिकॉर्ड तक पहुंच है। इसके अलावा करीब 15 हजार कर्मचारियों की जानकारी और लगभग 1.4 लाख वेंडरों के बिलिंग रिकॉर्ड भी शामिल होने का दावा किया गया है। अगर ये दावे सही साबित होते हैं, तो मामला केवल ग्राहकों की जानकारी तक सीमित नहीं रहेगा। इससे कंपनी के कर्मचारियों और उसके साथ कारोबार करने वाले वेंडरों की जानकारी भी एफेक्ट हो सकती है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बताए गए सभी रिकॉर्ड हैकर के पास हैं या नहीं।

ग्राहकों की कौन-कौन सी जानकारी लीक होने की आशंका?

रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर ने जिन जानकारियों तक पहुंच होने का दावा किया है, उनमें ग्राहकों की डिटेल्स, पेमेंट रिकॉर्ड, बैंक ट्रांसफर से जुड़ी जानकारी, इन्वेंट्री डेटा और वित्तीय रिपोर्ट शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी के इंटरनल एप्लिकेशन और दूसरे डेटाबेस तक पहुंच होने की बात भी कही गई है।

विजय सेल्स के ग्राहकों को अभी क्या सावधानी बरतनी चाहिए

इस खबर के बाद विजय सेल्स से खरीदारी करने वाले ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन कुछ सावधानियां जरूर रखनी चाहिए।

1. अनजान कॉल पर भरोसा न करें: अगर कोई व्यक्ति विजय सेल्स का कर्मचारी बनकर फोन करता है और ऑर्डर या पेमेंट से जुड़ी जानकारी मांगता है, तो पहले उसकी पहचान की पुष्टि करें।

2. OTP और बैंक डिटेल्स शेयर न करें: किसी भी व्यक्ति को फोन या मैसेज पर OTP, UPI PIN, कार्ड PIN या पासवर्ड न बताएं। कंपनी का कर्मचारी होने का दावा करने वाला व्यक्ति भी ये जानकारी मांगने का सही आधार नहीं रखता।

3. संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें: डिलीवरी, रिफंड, वारंटी या ऑर्डर कैंसिल होने के नाम पर आए अनजान लिंक को खोलने से बचें। किसी भी जानकारी के लिए कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप का इस्तेमाल करें।

4. बैंक और पेमेंट अलर्ट पर नजर रखें: अपने बैंक खाते और कार्ड से जुड़े ट्रांजैक्शन चेक करते रहें। कोई अनजान पेमेंट दिखाई दे तो तुरंत बैंक से संपर्क करें।

5. पासवर्ड का दोबारा इस्तेमाल न करें: अगर आपने किसी दूसरे अकाउंट पर भी वही पासवर्ड रखा है, तो उसे बदलना बेहतर है। हर जरूरी अकाउंट के लिए अलग और मजबूत पासवर्ड रखें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN