Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- बीते शुक्रवार को सरकारी बिजली कंपनी SJVN लिमिटेड के शेयर डिमाड में थे
- ब्रोकरेज एलारा ने शेयर के लिए 90 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है
SJVN Share Price: शानदार तिमाही नतीजे के बीच बीते शुक्रवार को सरकारी बिजली कंपनी SJVN लिमिटेड के शेयर डिमाड में थे। इस शेयर को लेकर एक्सपर्ट भी बुलिश हैं। ब्रोकरेज एलारा कैपिटल ने शेयर में 70 पर्सेंट तक उछाल की उम्मीद जताई है। आइए शेयर का परफॉर्मेंस और टारगेट प्राइस जान लेते हैं।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
दरअसल, चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में SJVN का मुनाफा दोगुना से अधिक होकर 657.72 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने बीते वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 307.60 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। बता दें कि मुख्य रूप से आय बढ़ने के कारण कंपनी का मुनाफा बढ़ा है।
आय में कितना इजाफा?
SJVN लिमिटेड ने बताया कि तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 2,290.31 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 1,078.29 करोड़ रुपये थी। कंपनी के एबिटा की बात करें तो 860 करोड़ रुपये से 84.3% बढ़कर 1,585 करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा, एबिटा मार्जिन 83.3% (साल-दर-साल) के मुकाबले 70.6% रहा।
शेयर बाजार को दी एक अन्य सूचना में कंपनी ने बताया कि उसके निदेशक मंडल ने पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडयरी कंपनी SJVN थर्मल प्राइवेट लिमिटेड का SJVN लिमिटेड में विलय करने की प्रक्रिया शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। हालांकि, यह भारत सरकार की मंजूरी पर निर्भर है। 31 मार्च 2026 तक SJVN थर्मल प्राइवेट लिमिटेड की पेड-अप कैपिटल 3,131.72 करोड़ रुपये और टर्नओवर 520.78 करोड़ रुपये थी।
SJVN थर्मल प्राइवेट लिमिटेड थर्मल पावर उत्पादन के काम में लगी है और बिहार में 1,320 MW के बक्सर थर्मल पावर प्लांट का संचालन करती है। बता दें कि SJVN थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (STPL) की पूरी शेयर कैपिटल SJVN लिमिटेड के पास है, जिससे यह कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी (सहायक कंपनी) बन जाती है। इसलिए एक अलग कानूनी इकाई के रूप में STPL के बने रहने से कोई खास अतिरिक्त लाभ नहीं मिलता है।
शेयर का परफॉर्मेंस
SJVN लिमिटेड के शेयर की बात करें तो 53.44 रुपये पर है। ब्रोकरेज एलारा ने शेयर के लिए 90 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह अभी की कीमत से 70% तक की बढ़ोतरी को दिखाता है। ब्रोकरेज ने कहा कि हमने SJVN लिमिटेड के शेयर पर ‘बाय’ (खरीदने) की सलाह बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस 90 रुपये किया है। बता दें कि शेयर के 52 हफ्ते का हाई 89.39 रुपये है। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का लो 46.09 रुपये है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




