Source :- LIVE HINDUSTAN
अरबपति कारोबारी रिचर्ड ब्रैनसन की Virgin Group ने एक खास जॉब निकाली है। नाम है Head of Yes। इसमें छह महीने तक दुनिया घूमना, मजेदार अनुभव लेना और इंस्टाग्राम पर रील-वीडियो बनाना होगा।
अगर आपको घूमना और रील बनाना पसंद है तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, अरबपति कारोबारी सर रिचर्ड ब्रैनसन की कंपनी Virgin Group ने एक अनोखी और रोमांचक जॉब निकाली है। इसका नाम है Head of Yes। यह छह महीने की कंटेंट क्रिएशन पार्टनरशिप है, जिसमें चुने गए व्यक्ति को दुनिया भर में घूमना, अलग-अलग एडवेंचर करना और उन अनुभवों को इंस्टाग्राम रील, वीडियो और फोटो के जरिए सोशल मीडिया पर शेयर करना होगा।
दरअसल, यह मौका उन लोगों के लिए बना है जिन्हें घूमना, नई जगहें देखना और कंटेंट बनाना पसंद हो। लेकिन एक बड़ी शर्त यह है कि भारत में रहने वाले लोग इस जॉब के लिए आवेदन नहीं कर सकते। यह सिर्फ अमेरिका और ब्रिटेन के निवासियों के लिए है।
क्या करना होगा?
अगर आप इस जॉब के लिए चुने जाते हैं तो आपको Virgin ब्रांड्स से जुड़ी जगहों और अनुभवों को एक्सप्लोर करना होगा। इसमें यात्रा, एडवेंचर एक्टिविटीज और अलग-अलग कार्यक्रम शामिल हैं। उन्हें इन सभी चीजों को वीडियो, रील और फोटो के रूप में डॉक्यूमेंट करना होगा और सोशल मीडिया पर पोस्ट करना होगा। असल में यह सामान्य इन्फ्लुएंसर कैंपेन नहीं है। कंपनी चाहती है कि व्यक्ति असल में अनुभव ले और उसे ईमानदारी और क्रिएटिविटी के साथ लोगों तक पहुंचाए।
कितना पैसा और सुविधाएं मिलेंगी?
- सैलरी: छह महीने के कॉन्ट्रैक्ट के लिए अमेरिका में 1 लाख डॉलर और ब्रिटेन में 75 हजार पाउंड। भारतीय रुपये में यह करीब 95 लाख है।
- खर्च: यात्रा, होटल, खाना और घूमने-फिरने का पूरा खर्च Virgin Group कवर करेगी। यानी जेब से कुछ नहीं देना पड़ेगा।
- टाइमलाइन: फाइनल सिलेक्शन और इंटरव्यू नवंबर 2026 तक होने हैं। असली काम और वर्ल्ड टूर जनवरी 2027 से शुरू होगा।
कौन अप्लाई कर सकता था और कैसे?
सबसे अच्छी बात यह थी कि किसी भी न्यूनतम फॉलोअर्स की जरूरत नहीं थी। आम इन्फ्लुएंसर कैंपेन की तरह लाखों फॉलोअर्स या प्रोफेशनल क्रिएटर होने की शर्त नहीं थी। चयन सिर्फ क्रिएटिविटी और सबमिशन की क्वालिटी पर होना था। आवेदन के लिए आवेदकों को एक छोटा वीडियो पोस्ट करना था। वीडियो में उन्हें जिंदगी का कोई ऐसा पल दिखाना था जिसमें उन्होंने ‘हांट कहा हो और इससे उनकी जिंदगी बदली हो। वीडियो में @Virgin को टैग करना और #HeadOfYes हैशटैग लगाना जरूरी था। यहां आपको बता दें कि आवेदन की आखिरी तारीख 20 अक्टूबर 2026 थी। यानी अब यह विंडो बंद हो चुकी है। ऐसे में जो लोग अप्लाई नहीं किए उनके लिए झटका हो सकता है।
कौन हैं रिचर्ड ब्रैनसन?
सर रिचर्ड ब्रैनसन ब्रिटिश अरबपति, एडवेंचरर और सफल कारोबारी हैं। उनका जन्म 1950 में लंदन में हुआ था। स्कूल के दिनों में उन्हें डिस्लेक्सिया की समस्या थी। उन्होंने 16 साल की उम्र में पढ़ाई छोड़ दी और अपनी पहली बिजनेस शुरू की Student नाम की एक मैगजीन। उन्होंने 1970 में Virgin Group की नींव रखी। वे साहसिक PR स्टंट और अलग तरीके से बिजनेस करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने ट्रैवल, टेलीकॉम, फाइनेंस और स्पेसफ्लाइट जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है। 2000 में उन्हें नाइटहुड की उपाधि मिली। उन्होंने Losing My Virginity जैसी किताबें भी लिखी हैं, जिसमें उन्होंने अपनी कहानी और लीडरशिप स्टाइल के बारे में बताया है।
क्या है Virgin Group?
Virgin Group एक वेंचर कैपिटल ग्रुप की तरह काम करती है। यह हर कंपनी का 100% मालिक नहीं बनती। अक्सर यह अपना ब्रांड नाम लाइसेंस करती है या पार्टनर्स के साथ काम करती है।
मुख्य बिजनेस
- एविएशन और ट्रैवल: Virgin Atlantic (अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन) और Virgin Voyages (क्रूज लाइन) इसके बड़े नाम हैं।
- एयरोस्पेस: Virgin Galactic यह कमर्शियल स्पेसफ्लाइट कंपनी है। जुलाई 2021 में खुद रिचर्ड ब्रैनसन स्पेसक्राफ्ट पर सवार होकर अंतरिक्ष के किनारे तक गए थे।
- टेलीकम्युनिकेशन: Virgin Media और Virgin Mobile ब्रिटेन, यूरोप और लैटिन अमेरिका में ब्रॉडबैंड और मोबाइल सर्विस देते हैं।
- फाइनेंस और लाइफस्टाइल: Virgin Money बैंकिंग सर्विस देती है और Virgin Red लॉयल्टी प्रोग्राम चलाती है
यहां बता दें कि Virgin की शुरुआत 1970 में एक छोटे मेल-ऑर्डर रिकॉर्ड बिजनेस से हुई थी। बाद में यह लंदन के ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट पर रिकॉर्ड शॉप बनी और फिर Virgin Records नाम का बड़ा म्यूजिक लेबल बन गया। इस लेबल ने Sex Pistols, Phil Collins और Janet Jackson जैसे आर्टिस्ट्स को साइन किया था। 1992 में ब्रैनसन ने Virgin Atlantic एयरलाइन को फंड देने के लिए रिकॉर्ड लेबल को लगभग 1 बिलियन डॉलर में बेच दिया था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




