Home - E-Challan Scam: चालान भरने का मैसेज आया है? एक क्लिक से खाली...

E-Challan Scam: चालान भरने का मैसेज आया है? एक क्लिक से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट, ऐसे करें असली-नकली की पहचान

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गाड़ी के ट्रैफिक चालान के नाम पर साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। ठग SMS और WhatsApp पर फर्जी E-Challan मैसेज भेजकर लोगों को पेमेंट लिंक पर क्लिक करने या APK ऐप डाउनलोड करने के लिए कहते हैं। जानें फर्जी चालान मैसेज की पहचान कैसे करें, असली चालान कहां चेक करें।

अगर आपके पास गाड़ी के चालान को लेकर कोई SMS या WhatsApp मैसेज आया है, तो जल्दबाजी में वो लिंक नहीं ओपन करें। इन दिनों ठग ट्रैफिक चालान के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। वे ऐसे मैसेज भेजते हैं, जो देखने में सरकारी नोटिस जैसे लगते हैं। इनमें दावा किया जाता है कि आपकी गाड़ी का चालान कट गया है और जुर्माना भरने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करना होगा। मंगलुरु सिटी पुलिस ने भी इस तरह की ठगी को लेकर वाहन मालिकों को सावधान किया है।

पुलिस के मुताबिक, शहर में इस साल फर्जी ई-चालान से जुड़े 8 मामले दर्ज हुए हैं और लोगों को कुल 44 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ठग फर्जी पेमेंट लिंक के अलावा मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाकर भी लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि चालान की जानकारी केवल सरकारी पोर्टल से चेक करें और किसी अनजान लिंक पर अपनी बैंक डिटेल, OTP या UPI PIN न डालें।

E-Challan के नाम पर ऐसे की जा रही है ठगी

साइबर ठग लोगों को SMS या WhatsApp के जरिए मैसेज भेजते हैं। इसमें लिखा होता है कि उनकी गाड़ी का ट्रैफिक चालान कट गया है और उसे जल्द से जल्द भरना जरूरी है। मैसेज में गाड़ी का नंबर, चालान की रकम और पेमेंट करने के लिए एक लिंक भी दिया जा सकता है। कई बार मैसेज में सरकारी विभाग या ट्रैफिक पुलिस का नाम और लोगो भी इस्तेमाल किया जाता है, ताकि वह असली लगे।

लोगों को लगता है कि सच में उनका चालान कट गया है। वे बिना चेक किए लिंक खोल लेते हैं और पेमेंट करने के लिए अपनी पर्सनल या बैंकिंग जानकारी भर देते हैं, जिसके बाद बैंक अकाउंट से पैसे खाली करना बहुत आसान हो जाता है। कुछ मामलों में ठग लोगों से एक ऐप डाउनलोड करने को कहते हैं। यह ऐप देखने में सरकारी चालान ऐप जैसा हो सकता है, लेकिन असल में इसमें खतरनाक सॉफ्टवेयर छिपा हो सकता है। इसका मकसद लोगों को धोखे से ऐसी जानकारी या फोन का एक्सेस देना है, जिसका इस्तेमाल करके उनके बैंक अकाउंट से पैसे निकाले जा सकें।

असली और नकली E-Challan की पहचान कैसे करें?

फर्जी मैसेज कई बार असली सरकारी नोटिस जैसे दिखते हैं। ऐसे में केवल मैसेज का लोगो या भाषा देखकर भरोसा न करें। कुछ बातों का ध्यान रखकर आप ठगी से बच सकते हैं।

1. लिंक का पता ध्यान से देखें: मैसेज में आए लिंक को खोलने के बजाय खुद ब्राउजर में सरकारी ई-चालान पोर्टल का पता टाइप करें। सरकारी पोर्टल का इस्तेमाल करने के लिए https://echallan.parivahan.nic.in पर जाएं।

2. अनजान वेबसाइट पर डिटेल न भरें: किसी ऐसी वेबसाइट पर गाड़ी का नंबर, मोबाइल नंबर, बैंक डिटेल या कार्ड की जानकारी न डालें, जिसकी सच्चाई की पुष्टि न हो।

3. OTP और UPI PIN किसी को न बताएं: चालान चेक करने या पेमेंट के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध वेबसाइट को OTP, UPI PIN, CVV या पासवर्ड न दें।

4. APK फाइल से बचें: WhatsApp या SMS पर आई किसी भी अनजान APK फाइल को इंस्टॉल न करें। सरकारी ऐप के नाम और लोगो की नकल करना ठगों के लिए मुश्किल नहीं है।

5. जल्दबाजी में पेमेंट न करें: अगर मैसेज में तुरंत जुर्माना भरने, वरना बड़ी कार्रवाई होने की धमकी दी गई है, तो पहले सरकारी पोर्टल पर चालान की जानकारी जांचें।

असली ट्रैफिक चालान ऑनलाइन ऐसे चेक करें

अगर आपको शक है कि आपकी गाड़ी का सच में चालान कटा है, तो SMS में दिए गए लिंक पर जाने की जरूरत नहीं है। आप सरकारी ई-चालान पोर्टल पर जाकर इसकी जानकारी देख सकते हैं।

Step 1: सबसे पहले ब्राउजर में https://echallan.parivahan.nic.in वेबसाइट खोलें।

Step 2: यहां ‘Check Pending Challan Status’ का ऑप्शन चुनें।

Step 3: अब चालान नंबर, वाहन नंबर या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर के जरिए जानकारी सर्च करने का ऑप्शन चुनें।

Step 4: मांगी गई जानकारी भरें और कैप्चा दर्ज करें।

Step 5: इसके बाद स्क्रीन पर चालान से जुड़ी जानकारी दिखाई देगी।

Step 6: अगर कोई चालान पेंडिंग है, तो उसकी डिटेल और पेमेंट स्टेटस चेक करें।

Step 7: पेमेंट करना हो तो उसी आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध पेमेंट ऑप्शन का इस्तेमाल करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN