Home LIFESTYLE NEWS HINDI ऐश्वर्या राय बच्चन एक दिन में क्या खाती हैं? जानें उनकी सिंपल...

ऐश्वर्या राय बच्चन एक दिन में क्या खाती हैं? जानें उनकी सिंपल डाइट

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ऐश्वर्या राय बच्चन की फिटनेस और खूबसूरती के लोग आज भी दीवाने हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उनकी डाइट में कोई महंगे या खास फूड नहीं, बल्कि घर का सादा खाना शामिल रहता है?

ऐश्वर्या राय बच्चन जब भी किसी इवेंट या फिल्म में नजर आती हैं, तो उनकी फिटनेस और खूबसूरती की चर्चा होने लगती है। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल आता है कि आखिर वह खुद को इतना फिट कैसे रखती हैं? क्या इसके लिए वह कोई खास डाइट फॉलो करती हैं या घंटों जिम में पसीना बहाती हैं? उनकी डाइट से जुड़ी पुरानी रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐश्वर्या खाने-पीने के मामले में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं करतीं। उन्हें घर का बना सादा खाना पसंद है और वह अपनी डाइट में फल, सब्जियां और दाल जैसी चीजें शामिल रखती हैं। आइए जानते हैं उनकी डाइट और फिटनेस रूटीन के बारे में।

ऐश्वर्या राय बच्चन दिन की शुरुआत कैसे करती हैं?

कॉस्मोपॉलिटन की एक रिपोर्ट के अनुसार, ऐश्वर्या राय बच्चन सुबह उठकर सबसे पहले गुनगुने पानी में शहद और नींबू मिलाकर पीती हैं। इसके बाद वह नाश्ता करती हैं। उनके नाश्ते में ब्राउन ब्रेड टोस्ट और ओट्स शामिल होते हैं। वह सुबह का नाश्ता स्किप करने से बचती हैं। उनकी डाइट में ऐसे खाने की चीजें शामिल रहती हैं, जिनसे शरीर को प्रोटीन और फाइबर मिल सके। नाश्ता करने से दिन की शुरुआत के लिए शरीर को एनर्जी मिलती है।

लंच में क्या खाती हैं ऐश्वर्या राय बच्चन?

ऐश्वर्या को लंच में घर का बना खाना पसंद है। उनकी डाइट से जुड़ी रिपोर्ट्स में उनके दोपहर के खाने में दाल, रोटी और उबली हुई सब्जियां शामिल रहती हैं। वह बहुत ज्यादा तला-भुना और तेल वाला खाना खाने से बचती हैं। उनकी खाने की आदतों में एक बात और खास है। वह एक बार में बहुत ज्यादा खाने के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खाना पसंद करती हैं। इससे दिनभर खाने का रूटीन बना रहता है।

ऐश्वर्या राय बच्चन का डिनर

ऐश्वर्या रात के खाने को हल्का रखना पसंद करती हैं। वह डिनर में ग्रिल्ड फिश और ब्राउन राइस खाती हैं। इसके अलावा, वह अपनी डाइट में ताजे फल और ड्राई फ्रूट्स भी शामिल करती हैं। अगर उन्हें खाने के बीच भूख लगती है, तो वह फल या सूखे मेवे खाना पसंद करती हैं। इस तरह वह बहुत ज्यादा तला-भुना या भारी खाना खाने से बचती हैं।

ऐश्वर्या राय बच्चन जंक फूड खाती हैं?

ऐश्वर्या की डाइट में ताजे फल और सब्जियों को खास जगह मिली है। वह बहुत ज्यादा जंक फूड और चिकनाई वाला खाना पसंद नहीं करतीं। इसके बजाय घर का बना खाना और ताजी चीजें खाना पसंद करती हैं। इसके साथ ही वह दिनभर पर्याप्त पानी पीने का भी ध्यान रखती हैं। शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीना जरूरी है। पानी शरीर के सामान्य कामकाज में मदद करता है और शरीर को हाइड्रेटेड रखता है।

ऐश्वर्या राय बच्चन का फिटनेस फंडा

सिर्फ डाइट ही नहीं, ऐश्वर्या अपनी फिटनेस के लिए फिजिकल एक्टिविटी पर भी ध्यान देती हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें योग करना पसंद है। वह बहुत ज्यादा मुश्किल जिम वर्कआउट के बजाय योग और वॉक को अपनी फिटनेस रूटीन में जगह देती हैं। उनके रूटीन में सुबह की सैर, जॉगिंग और करीब 45 मिनट योग करना शामिल बताया गया है। वह पावर योग भी करती हैं। इसके अलावा, वह फंक्शनल ट्रेनिंग और कार्डियो वर्कआउट भी कर चुकी हैं। इन एक्टिविटीज से शरीर एक्टिव रहता है और फिटनेस बनाए रखने में मदद मिलती है।

ऐश्वर्या की फिटनेस से आप क्या सीख सकते हैं?

ऐश्वर्या राय बच्चन की डाइट से एक बात समझ आती है कि फिट रहने के लिए हर बार महंगे फूड या मुश्किल डाइट प्लान की जरूरत नहीं होती। घर का बना खाना, फल, सब्जियां और सही समय पर खाना भी अच्छी आदतें हैं। इसके साथ रोजाना थोड़ी देर वॉक करना, योग करना और पर्याप्त पानी पीना भी फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, हर किसी की डाइट और एक्सरसाइज की जरूरत अलग होती है। इसलिए किसी सेलिब्रिटी का डाइट प्लान अपनाने के बजाय अपनी उम्र, सेहत और जरूरत के हिसाब से खाना और एक्सरसाइज चुनना बेहतर है। पहले डॉक्टर से भी सलाह ले सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN