Source :- KHABAR INDIATV
रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायण’ की रिलीज अब बेहद नजदीक है और जैसे-जैसे इस मेगा बजट फिल्म की रिलीज डेट नजदीक आ रही है, फिल्म के निर्माता नए पोस्टर्स, प्रोमो और गानों के जरिए दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाते जा रहे हैं। ‘रामायणः पार्ट 1’ की रिलीज से पहले मेकर्स लगातार दर्शकों के साथ इस महाकाव्य के कुछ सबसे अहम किरदारों झलक साझा करते जा रहे हैं। हाल ही में मेकर्स ने ‘सिया राम’ के प्रेम से सजा नया गाना ‘जुड़ी जोड़ी’ जारी किया था, जिसे खूब पसंद किया गया और अब मेकर्स ने एक नया प्रोमो जारी करते हुए फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। हाल ही में जारी प्रोमो में, साई पल्लवी को मां सीता के रूप में दिखाया गया है।
मां सीता के रूप में साई पल्लवी की नई झलक सामने आई
‘रामायण’ के नए प्रोमो में साई पल्लवी को सीता के रूप में दिखाया गया है, जिन्हें ‘धरती की बेटी’ और मिथिला की राजकुमारी भी कहा जाता है। नए प्रोमो में माता सीता के राजसी जीवन, भगवान राम के साथ उनके रिश्ते और फिर श्रीराम के साथ उनके वनवास की झलक देखने को मिलती है। प्रोमो के अंत में मां सीता को अपनी कुटिया में बैठे हुए दिखाया गया है और तभी जंगल में उनकी कुटिया के बाहर से एक आवाज आती है, “भिक्षाम देहि।” ये घटना कई लोगों के जीवन की दिशा और किस्मत बदल देती है।
रामायण का नया प्रोमो
फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘धरती की बेटी, मिथिला की राजकुमारी। प्रेम के बंधन में बंधी, धर्म के मार्ग पर चलने वाली। सीता के रूप में साई पल्लवी।’ फिल्म से साई पल्लवी की नई झलक ऐसे समय पर आई है, जब फिल्म की रिलीज को मात्र 3 दिन बचे हैं। इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक ‘रामायण’ 5 नवंबर को वर्ल्डवाइड रिलीज हो रही है, जिसे लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है।
रवि दुबे को लक्ष्मण के रूप में पेश किया गया
साई पल्लवी के प्रोमो के साथ-साथ, मेकर्स ने रवि दुबे का एक सोलो कैरेक्टर पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें वे लक्ष्मण के रूप में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में अभिनेता एक योद्धा की मुद्रा में धनुष-बाण थामे हुए हैं। उनके हाव-भाव में भगवान राम के छोटे भाई से जुड़ी वीरता और दृढ़ संकल्प साफ झलक रहा है। इस पोस्टर का विज़ुअल स्टाइल, भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर के पहले जारी किए गए कैरेक्टर पोस्टर जैसा ही है। मेकर्स ने रवि को इन शब्दों के साथ पेश किया, ‘एक समर्पित भाई। एक निडर योद्धा। राम की ढाल।’
रामायण: कलाकार और रिलीज की तारीख
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित और नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में, सनी देओल हनुमान के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे। दो भागों में बनने वाली इस फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा। यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी।
ये भी पढ़ेंः ‘हम इंसानों पर दया करें’, अमिताभ बच्चन ने सौर मंडल के ग्रहों से लगाई गुहार, नियती पर उठाए सवाल
SOURCE : KHABAR INDIATV




