Home rss world hindi सत्ता बदली है, नीयत नहीं…; अमेरिकी चुनाव पर मोजतबा खामेनेई की दो...

सत्ता बदली है, नीयत नहीं…; अमेरिकी चुनाव पर मोजतबा खामेनेई की दो टूक

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने कहा कि अमेरिका में सत्ता में चाहे कोई भी पार्टी हो, तेहरान के प्रति वाशिंगटन की दुश्मनी नहीं बदलेगी। उन्होंने कहा कि मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद भी अमेरिकी रवैये में बदलाव नहीं होगा…

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका में सत्ता में चाहे कोई भी राजनीतिक पार्टी आए, तेहरान के प्रति वाशिंगटन की दुश्मनी का रवैया नहीं बदलेगा। उन्होंने अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद भी किसी तरह की नरमी या बदलाव की उम्मीद जताने वालों को चेतावनी दी कि वे बहुत बड़ी गलती कर रहे हैं। खामेनेई ने कहा कि अमेरिकी सरकार पर किस पार्टी का नियंत्रण है या ईरान कोई रियायत देता है, इससे वाशिंगटन का तेहरान के प्रति रवैया प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जो लोग मिडटर्म नतीजों के बाद अमेरिकी नीति में बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि अमेरिका की दुश्मनी जारी रहेगी।

नए हमले पर जवाब की चेतावनी

इस दौरान ईरानी सुप्रीम लीडर ने साफ चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ईरान पर कोई नया सैन्य हमला करता है, तो तेहरान का जवाब पहले से कहीं ज्यादा बड़े पैमाने पर होगा। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी रक्षा तैयारियों को और मजबूत कर रहा है और किसी भी आक्रमण का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है। खामेनेई ने इस इलाके में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के हमलों और होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण को याद दिलाया। उन्होंने बताया कि ये कदम अमेरिकी दबदबे के खिलाफ तेहरान की एक योजनाबद्ध मुहिम का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने वैश्विक दबदबे के अंत को अभी बहुत दूर मान रहा है, जबकि ईरान इसे बहुत करीब देख रहा है।

अमेरिकियों ने युद्ध को मना किया

खामेनेई की चेतावनी के बीच ईरान के मुख्य वार्ताकार और संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने भी मिडटर्म चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अमेरिकी मतदाताओं ने युद्ध को नकार दिया है। सोशल मीडिया एक्स पर गालिबफ ने लिखा कि चाहे जमीर की बात हो या जान की कीमत, अमेरिकियों ने युद्ध को नहीं कहा, और हम इस संदेश का समर्थन करते हैं। उन्होंने वाशिंगटन को चेतावनी दी कि अगर वह अंतरराष्ट्रीय सौदागरों और ब्लैकमेल करने वालों की सेवा के लिए जनता की इच्छा के साथ धोखा करता है, तो उसे पता चलेगा कि ईरान का ‘नहीं’ एक बुरे सपने की तरह आएगा।

ट्रंप को बड़ा झटका

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स ने कांग्रेस के दोनों सदनों पर कब्जा कर लिया है, जिससे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। ट्रंप ने माना कि युद्ध और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी की वजह से रिपब्लिकन को नुकसान हुआ। फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि इसका एक हिस्सा ईरान भी था। उन्होंने कहा कि मतदाता तेहरान के खिलाफ उनके कदमों से सहमत थे, लेकिन ईंधन की ऊंची कीमतों के तात्कालिक आर्थिक असर के लिए शायद तैयार नहीं थे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN