Home rss world hindi 72 घंटे… 20 से ज्यादा अलर्ट, यूरोप में बम धमकियों की सुनामी;...

72 घंटे… 20 से ज्यादा अलर्ट, यूरोप में बम धमकियों की सुनामी; निशाने पर एयरलाइंस, उतारने पड़े जेट

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गुरुवार को पूरे यूरोप में कम से कम 27 पैसेंजर फ्लाइट्स बम की धमकियों की वजह से प्रभावित हुईं। इनकी वजह से कई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, फ्लाइट डायवर्ट, मिलिट्री एस्कॉर्ट और सिक्योरिटी चेकिंग की गई।

पूरे यूरोप में बम की धमकियों का सिलसिला जारी है। गुरुवार को कम से कम 27 पैसेंजर फ्लाइट्स इन धमकियों की वजह से प्रभावित हुईं। इन घटनाओं के कारण कई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, फ्लाइट डायवर्जन, मिलिट्री फाइटर जेट्स द्वारा एस्कॉर्ट और सख्त सिक्योरिटी चेकिंग की गई। बताया जा रहा है कि रायनएयर, फिनएयर, विज एयर, एर लिंगस, एजियन एयरलाइंस, LOT पोलिश एयरलाइंस, एयर यूरोपा और आइबेरिया जैसी बड़ी एयरलाइनों की फ्लाइट्स इन अलर्ट्स से प्रभावित हुईं। कुछ विमानों को उनके तय रूट से हटाकर दूसरे एयरपोर्ट पर भेज दिया गया, जबकि बाकी विमानों को सिक्योरिटी जांच पूरी होने के बाद ही जाने की इजाजत दी गई।

धमकी और अलर्ट के बीच अच्छी बात यह रही कि सभी प्रभावित विमान सुरक्षित लैंड कर गए। अब तक की जांच में किसी भी विमान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामान नहीं मिला। कई अधिकारियों ने इन अलर्ट्स को झूठा और अफवाह बताया है। न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक तीन दिनों के अंदर यूरोप में 20 से ज्यादा ऐसे बम अलर्ट रिपोर्ट किए गए हैं, लेकिन इनका सोर्स और मकसद अभी तक पता नहीं चल सका है।

किस रूट्स को बनाया निशाना?

बताया जा रहा है कि धमकियों का दायरा काफी बड़ा रहा। कोपेनहेगन, डबलिन, हेलसिंकी, मैड्रिड, मिलान, वारसॉ, रोम, सोफिया और वियना जैसे प्रमुख शहरों से जाने वाली या वहां पहुंचने वाली फ्लाइट्स को टारगेट किया गया। इटली, फ्रांस और बुल्गारिया ने अपने फाइटर जेट्स को भी विमानों को एस्कॉर्ट करने के लिए तैनात किया।

गुरुवा को धमकी मिलने के बाद कहां और क्या हुआ?

  • एर लिंगस: डबलिन से रोम जा रही फ्लाइट को बम की धमकी मिलने पर फ्रांस के नॉरमैंडी में एवरेक्स मिलिट्री एयर बेस पर डायवर्ट कर दिया गया। फ्रांसीसी लड़ाकू विमान ने एस्कॉर्ट किया। सभी 151 यात्री और 6 क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। मिलिट्री बम डिस्पोजल टीम और सिक्योरिटी ने जांच की।
  • फिनएयर: हेलसिंकी से रोम और वियना जाने वाली दो फ्लाइट्स को धमकी मिली। दोनों सुरक्षित लैंड हुईं। इटली के फाइटर जेट्स ने रोम वाली फ्लाइट को एस्कॉर्ट किया। जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला और विमानों को वापस सर्विस में लेने की इजाजत दे दी गई।
  • रायनएयर: कोपेनहेगन, मैड्रिड और लंदन स्टैनस्टेड से सोफिया जा रही तीन फ्लाइट्स को निशाना बनाया गया। दो सोफिया में सुरक्षित उतरीं, जबकि लंदन वाली को प्लोवदिव डायवर्ट किया गया। तीनों को फाइटर जेट्स ने एस्कॉर्ट किया। कोई विस्फोटक नहीं मिला।
  • विज एयर: मिलान से बुखारेस्ट जा रही फ्लाइट सुरक्षित लैंड हुई। मिलान से वारसॉ वाली फ्लाइट को वियना डायवर्ट किया गया। दोनों मामलों में सिक्योरिटी प्रोटोकॉल फॉलो किए गए।
  • एजियन एयरलाइंस: थेसालोनिकी से मिलान और एथेंस से वियना जाने वाली दो फ्लाइट्स को धमकी मिली। एयरलाइन ने बाद में कहा कि दोनों अलर्ट बेबुनियाद थे। सिक्योरिटी चेक के बाद फ्लाइट्स आगे बढ़ीं।
  • स्पेन: गार्डिया सिविल को 20 मिनट से कम समय में तीन ईमेल मिले। इनमें मैड्रिड से पेरिस की एयर यूरोपा की दो फ्लाइट्स और रोम-मिलान से आइबेरिया की चार फ्लाइट्स शामिल थीं। कुछ विमानों को रोका गया या पार्किंग स्टैंड पर वापस भेजा गया। यात्रियों को उतरकर सिक्योरिटी चेक कराना पड़ा।
  • प्राग: प्राग में लैंड करने वाले चार विमानों (रायनएयर, ईजीजेट और स्काई एक्सप्रेस) को धमकियां मिलीं। चेक पुलिस ने जांच की, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
  • LOT पोलिश एयरलाइंस: वारसॉ से ब्रसेल्स जा रही फ्लाइट सुरक्षित लैंड हुई। जांच में कुछ नहीं मिला। वारसॉ से पेरिस वाली एक फ्लाइट की भी टेकऑफ से पहले जांच की गई। कुछ नहीं मिला, हालांकि जांच के दौरान एक रनवे कुछ समय के लिए बंद रहा।

इसके अलावा कोपेनहेगन एयरपोर्ट पर भी दो विमानों की तलाशी ली गई। पुलिस ने कहा कि यात्रियों या अन्य लोगों को कोई खतरा नहीं है। वारसॉ जाने वाली एक और फ्लाइट के खिलाफ धमकी की रिपोर्ट मिली थी, जो वियना में लैंड हुई थी। पुलिस ने जांच के बाद उसे आगे बढ़ने दिया।

क्या बोले अधिकारी?

वहीं, इस घटना के बाद यूरोपीय अधिकारियों ने कहा कि यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि सभी धमकियां आपस में जुड़ी हैं या नहीं। यूरोपीय यूनियन के ट्रांसपोर्ट कमिश्नर अपोस्टोलोस त्जिट्जिकोस्टास ने कहा कि ब्लॉक नेशनल अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति पर नजर रख रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि नागरिकों के खिलाफ कोई भी धमकी मंजूर नहीं है। नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। हम स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं और प्रभावित सदस्य देशों तथा यूरोपीय एविएशन सेफ्टी एजेंसी के संपर्क में हैं। उन्होंने नेशनल अथॉरिटीज से कहा कि वे एयरपोर्ट ऑपरेटर्स, एयरलाइंस और कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ मिलकर काम करें।

वहीं, ब्रिटेन की ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी हेइडी एलेक्जेंडर ने इन घटनाओं को ;गलत इरादे से की गई झूठी धमकियां’ बताया। उन्होंने कहा कि पूरे यूरोप में कुछ फ्लाइट्स में रुकावट आई है और ऐसी धमकियों से निपटने के लिए तय तरीके मौजूद हैं। दूसरी ओर एयरलाइंस ने कहा कि उन्होंने सिक्योरिटी प्रोटोकॉल का पालन किया और पैसेंजर्स की सुरक्षा के लिए लोकल अथॉरिटीज के साथ काम किया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN