Home - WhatsApp पर जल्द चुपके से पढ़ सकेंगे मैसेज, न ब्लू टिक जाएगा...

WhatsApp पर जल्द चुपके से पढ़ सकेंगे मैसेज, न ब्लू टिक जाएगा और न खोलनी पड़ेगी चैट

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

WhatsApp Android यूजर्स के लिए नया Chat Preview फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। इसकी मदद से बिना चैट खोले मैसेज पढ़ सकेंगे और ब्लू टिक भी नहीं जाएगा। जानें कैसे काम करेगा यह फीचर और कब हो सकता है लॉन्च।

WhatsApp पर जल्द बिना चैट खोले पढ़ सकेंगे मैसेज, सामने वाले को नहीं दिखेगा ब्लू टिक

WhatsApp इस्तेमाल करने वाले करोड़ों Android यूजर्स को जल्द एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कई बार ऐसा होता है कि कोई दोस्त, रिश्तेदार या ऑफिस का साथी WhatsApp पर मैसेज भेजता है, लेकिन हम तुरंत उसका जवाब नहीं देना चाहते। ऐसे में मैसेज खोलते ही सामने वाले को ब्लू टिक दिखाई देने लगता है और उसे पता चल जाता है कि हमने मैसेज पढ़ लिया है। लेकिन अब इस परेशानी से छुटकारा मिल सकता है। WhatsApp एक ऐसे फीचर पर काम कर रहा है, जिसकी मदद से यूजर्स बिना चैट खोले ही उसके अंदर आए नए मैसेज पढ़ सकेंगे।

इस फीचर की खास बात यह है कि चैट का प्रीव्यू देखने पर सामने वाले को ब्लू टिक नहीं जाएगा। अभी यह सुविधा iPhone यूजर्स को मिलती है, लेकिन कंपनी इसे Android ऐप में भी लाने की तैयारी कर रही है। आइए जानते हैं WhatsApp के इस नए फीचर में क्या-क्या खास होगा और यह कैसे काम करेगा।

बिना चैट खोले पढ़ सकेंगे मैसेज

WhatsApp के इस नए फीचर को Chat Preview नाम दिया जा रहा है। इसके आने के बाद यूजर्स को किसी चैट को खोलकर मैसेज पढ़ने की जरूरत नहीं होगी। वे चैट लिस्ट में ही किसी बातचीत पर कुछ देर तक उंगली दबाकर रखेंगे। इसके बाद स्क्रीन पर एक अलग प्रीव्यू विंडो खुलेगी, जिसमें उस चैट के हाल के मैसेज दिखाई देंगे। इस तरह यूजर्स बिना पूरी बातचीत खोले ही जान सकेंगे कि सामने वाले ने क्या मैसेज भेजा है। अगर किसी ने कई मैसेज भेजे हैं, तो उन्हें भी इस प्रीव्यू विंडो में देखा जा सकेगा। इससे उन लोगों को काफी राहत मिल सकती है, जो मैसेज पढ़ना तो चाहते हैं, लेकिन तुरंत जवाब देना नहीं चाहते हैं।

मैसेज पढ़ने पर नहीं जाएगा ब्लू टिक

इस फीचर की सबसे खास बात Read Receipts यानी ब्लू टिक से जुड़ी है। आमतौर पर WhatsApp पर किसी का मैसेज खोलने पर सामने वाले को दो नीले टिक दिखाई देते हैं। इससे उसे पता चल जाता है कि मैसेज पढ़ लिया गया है। लेकिन नए Chat Preview फीचर में यूजर्स बिना चैट खोले मैसेज देख सकेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रीव्यू विंडो में मैसेज देखने से Read Receipts ट्रिगर नहीं होंगे। यानी सामने वाले को ब्लू टिक नहीं जाएगा।

सिर्फ एक मैसेज नहीं, पुरानी बातचीत भी देख सकेंगे

WhatsApp के नए फीचर में एक और खास सुविधा मिलने की उम्मीद है। Android यूजर्स को चैट प्रीव्यू के अंदर ऊपर-नीचे स्क्रॉल करने का ऑप्शन मिल सकता है। इसका मतलब है कि अगर किसी व्यक्ति ने एक के बाद एक कई मैसेज भेजे हैं, तो यूजर्स सिर्फ सबसे नया मैसेज ही नहीं, बल्कि उससे पहले के मैसेज भी देख सकेंगे। इसके लिए उन्हें चैट को सामान्य तरीके से खोलने की जरूरत नहीं होगी। यह सुविधा खासतौर पर ग्रुप चैट और उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जिनके पास एक साथ कई मैसेज आते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस फीचर के संकेत WhatsApp के Android बीटा वर्जन में मिले हैं। कंपनी इसे आने वाले किसी अपडेट के जरिए पेश कर सकती है। हालांकि, WhatsApp ने अभी इसकी लॉन्च डेट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN