Source :- KHABAR INDIATV
भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस वक्त वनडे सीरीज खेली जा रही है। पहला मैच हो चुका है, जिसे टीम इंडिया ने जीतकर अपनी बढ़त बना ली है। इस बीच दूसरा मैच शनिवार को खेला जाएगा, लेकिन इससे पहले न्यूजीलैंड टीम को करारा झटका लगा है। उनका स्टार खिलाड़ी पूरी सीरीज से बाहर हो गया है। जबकि पहले ये एक ही मैच से बाहर हुए थे। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड की ओर से रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया गया है।
डेवोन कॉन्वे पूरी वनडे सीरीज से बाहर, निक केली लेंगे उनकी जगह
न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे अब भारत के खिलाफ पूरी वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। दरअसल वे एक प्रैक्टिस सेशन के दौरान चोटिल हुए थे। पहले वे केवल पहले ही मैच से बाहर हुए थे, उम्मीद की जा रही थी कि वे दूसरे मैच से वापसी कर जाएंगे, लेकिन अब पता चला है कि उनकी चोट अभी पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाई है, इसलिए अब पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। इस बीच न्यूजीलैंड क्रिकेट की ओर से उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर निक केली को टीम में शामिल किया गया है। पहले केली को आखिरी दो मैचों के लिए टीम में चुना गया था, लेकिन अब वे दूसरे मैच से ही टीम से जुड़ जाएंगे। केली अभी तक न्यूजीलैंड ए का हिस्सा थे, जो भारत ए के खिलाफ तीन अनाधिकारिक टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही है। अब वे वहां से छूटकर मुख्य टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
मैट हेनरी दूसरा मैच खेलने के लिए तैयार
इस बीच टीम के लिए राहत की भी बात सामने आई है। डेवोन कॉन्वे से प्रैक्टिस के दौरान टकराने वाले मैट हेनरी अब पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। यानी वे दूसरे मैच में वापसी करते हुए नजर आ सकते हैं। सीरीज का पहला मैच उन्होंने भी मिस किया था, लेकिन अब खेल सकते हैं। इससे पहले भी न्यूजीलैंड के कई खिलाड़ी चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में पांच मैचों की इस लंबी सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम संघर्ष कर रही है।
टीम इंडिया पहला मैच जीतकर बना चुकी है सीरीज में बढ़त
भारत बनाम न्यूजीलैंड पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच टीम इंडिया 5 विकेट से अपने नाम कर चुकी है। अब दूसरा मुकाबला 7 नवंबर को वेलिंग्टन में खेला जाएगा। टीम इंडिया की कोशिश होगी कि दूसरा मैच जीतकर सीरीज में और भी बढ़त बनाई जाए, वहीं न्यूजीलैंड की टीम वापसी करना चाहेगी, ताकि टी20 सीरीज की तरह ये भी हाथ से ना निकल जाए।
यह भी पढ़ें
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




