Source :- INDIATV NEWS

मुंबई के घाटकोपर पूर्व स्थित पंतनगर इलाके में एक रिहायशी इमारत में आग लगने की घटना सामने आई है। पंतनगर में रॉयल अल्टेजा बिल्डिंग की 23वीं मंजिल पर आग लगी। यह ग्राउंड प्लस 25 मंजिला इमारत है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 7 से 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के CFO के मुताबिक, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।
दमकल विभाग को 6 नवंबर की रात करीब 8:08 बजे आग लगने की सूचना मिली। रात 8:30 बजे दमकल विभाग ने इसे लेवल-1 फायर घोषित किया। मौके पर मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, अडानी, पीडब्ल्यूडी और वार्ड स्टाफ की टीमें तैनात की गईं।
हादसे में एक व्यक्ति घायल, 2 बच्चे भी अस्पताल में भर्ती
फायर ब्रिगेड और मुंबई पुलिस के मुताबिक, आग फिलहाल नियंत्रण में है। हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, दम घुटने की शिकायत के बाद दो बच्चों को ज़ेनोवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत की जानकारी अभी प्रतीक्षित है।
देखें वीडियो-
पूरी बिल्डिंग खाली कराई
शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है। हालांकि, अंदर कोई व्यक्ति फंसा तो नहीं है, इसका पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मेयर ऋतु तावड़े मौके पर पहुंची
मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े भी मौके पर पहुंची थीं। उन्होंने भी आग पर काबू पाए जाने और बिल्डिंग को खाली कराए जाने की जानकारी दी थी।
खबर अपडेट हो रही है…
SOURCE : INDIATV NEWS



