Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- मेकमायट्रिप ने साझा सवारी के कारोबार में बड़ा कदम उठाया है
- कंपनी ने बेंगलुरु स्थित साझा सवारी मंच में बहुलांश हिस्सेदारी खरीद ली है
ऑनलाइन ट्रैवल सर्विस कंपनी मेकमायट्रिप (MakeMyTrip) ने एक बड़ी डील की है। कंपनी ने बेंगलुरु स्थित शेयर्ड मोबिलिटी प्लेटफॉर्म ‘क्विक राइड’ में बहुलांश हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया है। इसके साथ ही क्विक राइड के कारोबार को एक नई कंपनी को राइड मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड के तहत लाया गया है।
हालांकि, मेकमायट्रिप ने डील की रकम का खुलासा नहीं किया है लेकिन इससे कंपनी के राइड-पूलिंग सेगमेंट में एंट्री का रास्ता साफ हो गया है। मेकमायट्रिप ने बताया कि क्विक राइड के प्रमोटर कारोबार का नेतृत्व करते रहेंगे। वहीं, उसका पहले का इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) टैक्सी कारोबार पुरानी कंपनी आईदिशा इन्फो लैब्स प्राइवेट लिमिटेड के पास ही रहेगा।
क्विक राइड से कैसे आम लोगों को फायदा?
इस कंपनी का हेडक्वार्टर बेंगलुरु में है। यह ऐसे लोगों को एक-दूसरे से जोड़ता है, जिन्हें रोजाना या नियमित रूप से एक ही दिशा में यात्रा करनी होती है। उदाहरण के लिए, अगर किसी व्यक्ति को रोजाना घर से ऑफिस जाना है और उसी रास्ते पर दूसरे लोग भी सफर करते हैं तो क्विक राइड के जरिए वे एक ही कार में साथ यात्रा कर सकते हैं।
इस व्यवस्था में वाहन का मालिक अपनी यात्रा में दूसरे यात्रियों को भी शामिल कर सकता है। इसके बदले सभी यात्री सफर का खर्च आपस में बांट लेते हैं। इससे अकेले कार से आने-जाने के मुकाबले यात्रा का खर्च कम हो सकता है। साथ ही सड़क पर वाहनों की संख्या और ट्रैफिक का दबाव घटाने में भी मदद मिल सकती है।
बेंगलुरु, दिल्ली, मुंबई और पुणे जैसे शहरों में रोजाना ऑफिस आने-जाने वाले लोगों को लंबे ट्रैफिक जाम और महंगे परिवहन का सामना करना पड़ता है। ऐसे में साझा सवारी उनके लिए एक वैकल्पिक व्यवस्था बन सकती है।
डील पर मेकमायट्रिप सीईओ ने क्या कहा?
मेकमायट्रिप के सह-संस्थापक और समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजेश मागो ने कहा कि कंपनी अपनी विस्तार रणनीति के तहत ऐसे चुनिंदा रणनीतिक गठजोड़, निवेश और अधिग्रहण कर रही है, जो उसके मौजूदा कारोबार को मजबूत करने के साथ सेवाओं का दायरा बढ़ाते हैं। इस अधिग्रहण से कंपनी को ऑनलाइन टिकट बुकिंग और होटल रिजर्वेशन के अलावा रोजाना की आवाजाही से जुड़े बाजार में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
सितंबर तिमाही का परफॉर्मेंस
मेकमायट्रिप ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी की ग्रॉस बुकिंग में सालाना आधार पर 20.9 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल के बावजूद कंपनी की ग्रॉस बुकिंग बढ़कर 2.72 अरब डॉलर पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय वित्तीय रिपोर्टिंग मानकों (IFRS) के तहत दूसरी तिमाही में उसका राजस्व 11.2 फीसदी बढ़कर 235.2 मिलियन डॉलर हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का राजस्व 229.3 मिलियन डॉलर रहा था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



